Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand News: घने कोहरे और ठंड से सुस्‍त पड़ी जिंदगी, धूप-छांव के खेल से लोग परेशान; यातयात पर भी पड़ा गहरा असर

Jharkhand Weather Update राज्‍य में इन दिनों लोग घने कोहरे और ठंड से परेशान हैं। इसका जनजीवन के साथ यातायात पर भी असर पड़ रहा है। डुमरी प्रखंड क्षेत्र में पड़ रही ठंड के कारण सर्दी खांसी बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। हालांकि पलामू के मेदिनीनगर में दो दिन बाद मौसम खुला। दिन में कड़ाके की धूप खिली जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

By Jagran News Edited By: Arijita Sen Updated: Wed, 10 Jan 2024 08:46 AM (IST)
Hero Image
ठंड व घने कोहरे का खासा प्रभाव जन-जीवन पर पड़ने लगा है।

संवाद सहयोगी, निमियाघाट (गिरिडीह)। ठंड व घने कोहरे का खासा प्रभाव जन-जीवन पर पड़ने लगा है। कनकनी से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। जिले सहित सभी प्रखंडों के लोग हलकान हैं। विभिन्न क्षेत्रों में कुछ दिन पहले कहीं अच्छी तो कहीं छिटपुट बारिश हुई। उसके बाद से ही रात व सुबह के समय कोहरा छा जा रहा है। इस वजह से सड़क यातायात भी प्रभावित हो रही है।

घने कोहरे का यातायात पर गहरा असर

इधर ठंड, कनकनी और कोहरे के कारण हर वर्ग परेशान है। सूर्य के दर्शन भी मुश्किल से हो रहे हैं। ठंड से बचाव के लिए अधिसंख्य लोग घर पर रहे या अलाव से ठंड से निजात पाने की कोशिश करते मिले। ठंड और कोहरे का असर यातायात पर भी पड़ रहा है। घना कोहरा रविवार सुबह से शाम तक ग्रामीण इलाके में छाया रहा।

कोहरा के कारण सड़कों पर वाहनों को लाइट जलाकर गुजरना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर पर चलने वाले अधिसंख्य वाहन व यात्री बसों की गति सुबह अत्यधिक कोहरा के कारण धीमी रही। दिखाई कम पड़ने की वजह से यात्री बसें गंतव्य तक देर से पहुंची।

बीपी और शुगर के मरीजों को खास ध्‍यान रखने की जरूरत

डुमरी प्रखंड क्षेत्र में पड़ रही ठंड के कारण सर्दी, खांसी, बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों व बुजुर्गों को हो रही है। बच्चों को सर्दी बुखार जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं। रेफरल अस्पताल डुमरी में सबसे ज्यादा सर्दी, खांस, बुखार के मरीज ही पहुंच रहे हैं।

चिकित्सकों के अनुसार, बढ़ती ठंड में शुगर व बीपी के मरीजों के अलावा बुजुर्ग व बच्चों पर विशेष ख्याल रखना चाहिए। चिकित्सक डाक्टर राजेश कुमार महतो ने बताया कि ठंड के दिनों में सबसे ज्यादा परेशानी बीपी व शुगर के मरीजों की होती है। उन्हें हार्ट अटैक की संभावना अधिक होती है।

पछुआ हवाओं ने कराया ठंड का एहसास

वहीं अगर पलामू के मेदिनीनगर की बात, तो यहां दो दिन बाद मंगलवार को मौसम खुला। दिन में कड़ाके की धूप निकली, जिससे लोगों ने राहत की सांस की। लेकिन इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

हालांकि, दिनभर चलती रही पछुआ हवा लोगों को ठंड का एहसास कराती रही। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 3.6 डिग्री चढ़कर 26.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री गिरकर 12.8 सेल्सियस दर्ज किया गया।

15 जनवरी तक छाया रहेगा धुंध या कोहरा

मौसम विभाग की माने तो 15 जनवरी तक सुबह में कोहरा या धुंध रहेगा। उसके बाद आसमान मुख्यत: साफ रहेगा। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा।

अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी और उसके बाद 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। इसके पहले मंगलवार की सुबह से आसमान में कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण से शहर समेत ग्रामीण इलाकों में विजिबिलिटी काफी कम हो गई थी।

हाल यह था कि सुबह विजिबिलिटी 20 से 30 मीटर थी। इस कारण वाहन चालकों को सुबह में लाइट के साथ-साथ फाग लाइट चलाकर वाहन को चलाना पड़ा।

हालांकि, नौ बजे के बाद धीरे-धीरे कोहरे के कम होने के बाद आसमान साफ हुआ। उसके बाद कड़ाके की धूप निकली। बताते चले कि रविवार और सोमवार की सुबह में कुहासा छाया रहा। उसके बाद दिन में बादल छाए रहने से धूप नहीं खिली।

यह भी पढ़ें: Cabinet Meeting: अब शहर में जिसकी ज्यादा आबादी, उसे मिलेगा आरक्षण, नियमावली को हेमंत सोरेन कैबिनेट से मिली मंजूरी

यह भी पढ़ें: Baba Bageshwar के कार्यक्रम को लेकर पलामू में प्रशासन की अहम बैठक, कल के फैसले पर टिकी लोगों की निगाहें