Move to Jagran APP

इलाज के क्रम में नवोदय विद्यालय की छात्रा की मौत

नवोदय विद्यालय की दसवीं कक्षा की छात्रा कविता हासंदा की मौत रविवार को सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में हो गई।

By JagranEdited By: Updated: Sun, 17 Mar 2019 11:53 PM (IST)
Hero Image
इलाज के क्रम में नवोदय विद्यालय की छात्रा की मौत

संवाद सहयोगी, गिरिडीह: बेंगाबाद थाना अंतर्गत दुधीटांड़ गांव निवासी नवोदय विद्यालय की दसवीं कक्षा की छात्रा कविता हासंदा की मौत रविवार को सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में हो गई। कविता बुखार व सिर दर्द से पीड़ित थी। कविता की बहन सरिता ने बताया कि वह गांडेय स्थित नवोदय विद्यालय में रहकर बोर्ड की परीक्षा दे रही थी। शनिवार को उसकी तबीयत खराब होने पर वह मां के साथ घर चली आई थी। रविवार को अधिक तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए गिरिडीह ले जाया गया। तीन नर्सिग होम में चिकित्सक के नहीं मिलने पर उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के क्रम में कविता की मौत हो गई। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई।

विद्यालय के प्राचार्य एस त्यागराजन ने बताया कि कविता पूर्व से बीमार थी। कुछ दिनों पूर्व तबीयत खराब होने पर उसे दवा दी गई थी। कहा कि शनिवार को वह अपनी मां को बुलाकर घर चली गई थी।

समय पर होता इलाज तो बच सकती थी जान: कविता के परिजनों ने बताया कि उसकी तबीयत अचानक काफी खराब होने पर उसे इलाज के लिए गिरिडीह स्थित तीन नर्सिग होम ले जाया गया, लेकिन रविवार होने के कारण चिकित्सक नहीं मिले तो उसे अंत में सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां कुछ देर बाद इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। सदर अस्पताल में चिकित्सक ने बताया कि अगर समय पर यहां लाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी।

बीते वर्ष पिता की हुई थी मौत: कविता की मौसी ने बताया कि 17 फरवरी 2018 को कविता के पिता शंभु हासंदा की मौत हो गई थी। पिता की मौत से उसे काफी गहरा सदमा लगा था। वह अक्सर उदास रहती थी। इसके बावजूद वह पढ़ाई में काफी तेज थी। एक साल बाद ही बेटी की भी मौत हो गई।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।