Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भीषण गर्मी से उबल रहा झारखंड, कोल्हान में 11 लोगों की मौत; जेल में बंद एक कैदी ने भी गंवाई जान

Jharkhand Weather झारखंड में प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। कोल्हान में पिछले 24 घंटों में लू की चपेट में आने से गुरुवार को 11 लोगों की मौत हो गई है। आदित्यपुर में एक गम्हरिया में एक तथा सरायकेला में तीन लोगों की मौत हुई। जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी की भी मौत हुई है।

By Jitendra Singh Edited By: Arijita Sen Updated: Fri, 31 May 2024 01:23 PM (IST)
Hero Image
झारखंड में भीषण गर्मी की वजह से जन जीवन बेहाल

जासं, जमशेदपुर/आदित्यपुर/सरायकेला। Jharkhand Weather : प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। कोल्हान में पिछले 24 घंटों में लू की चपेट में आने से गुरुवार को 11 लोगों की मौत हो गई है। जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी, गोलमुरी पुलिस लाइन का एक सिपाही और परसुडीह थाना क्षेत्र का एक ऑटो चालक गर्मी से काबू पाने में नाकाम रहे।

आदित्यपुर में एक, गम्हरिया में एक तथा सरायकेला में तीन लोगों की मौत हुई। आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित क्राॅस मैन्युफैक्चरिंग लिमिटेड के सुरक्षा गार्ड प्रेमसागर महतो व कर्मचारी तपन कुमार दास की टीएमएच में मौत हो गई। उधर गालूडीह में श्रीमत हांसदा की लू ने जान ले ली। आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया के तीन दर्जन से अधिक मजदूर लू की चपेट में आ गए हैं, उनका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में चल रहा है।

जेल में बंद बंदी की मौत

जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद 43 वर्षीय अधीर रंजन की एमजीएम अस्पताल में गुरुवार सुबह मौत हो गई। जेल प्रशासन के अनुसार अधीर रंजन चार माह से पाक्सो एक्ट मामले में जेल में बंद था।

गुरुवार सुबह अचानक छाती में दर्द होने की शिकायत पर उसे एमजीएम अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अ धीर रंजन मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला था। 

पुलिस लाइन का सिपाही भी नहीं बच सका

गोलमुरी पुलिस लाइन के सिपाही 40 वर्षीय किशोर उरांव की बैरक में गुरुवार को मौत हो गई। बुधवार को तबीयत बिगड़ने पर किशोर उरांव को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद वह वापस गोलमुरी पुलिस लाइन बैरक चला गया।

गुरुवार दोपहर वह सोया तो इसके बाद देर शाम तक नहीं जागा। सहयोगी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसे सिर में चक्कर आने की शिकायत थी। किशोर उरांव मूल रूप से लोहरदगा का रहने वाला था।

ऑटो चालक भी हुआ गर्मी का शिकार

मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र हयातनगर निवासी 40 वर्षीय ऑटो चालक क्याम हुसैन की परसुडीह थाना क्षेत्र नामोटोला में गुरुवार देर शाम मौत हो गई। नामोटोला के एक छोटे नाले में क्‍याम की ऑटो फंस गई थी। वह ऑटो को धकेल रहा था तभी उसे सिर में चक्कर आया और छाती में दर्द हुआ। पुलिस उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंची जहां उसकी मौत हो गई।

सरायकेला में तीन की मौत, आदित्यपुर में 30 से अधिक मजदूर बीमार

सरायकेला सदर अस्पताल में गुरुवार को लू की चपेट में आने से तीन लोगों को भर्ती कराया गया, जिनमें से दो लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान खरसावां के बेहरासाही निवासी लखन बेहरा (55 वर्ष) और सरायकेला के जोरड़ीह गांव निवासी गुरूवा नायक (28 वर्ष) के रूप में हुई है।

गुरुवार को ही लू की चपेट में आने से आदित्यपुर जय प्रकाश उद्यान के समीप अज्ञात 65 वर्षीय वृद्ध शेख रियाजुद्दीन की मौत हो गई। सरायकेला के गुमानडीह निवासी कुमारी सरदार (35 वर्ष) का इलाज चल रहा है।

इससे पूर्व आदित्यपुर बिजली आफिस के समीप 55 वर्षीय महिला की मौत बुधवार को राह चलते हो गई थी। सरायकेला सदर अस्पताल में लू की चपेट में आने से प्रतिदिन 30 से 35 लोग पहुंच रहे हैं।

गम्हरिया प्रखंड के यशपुर में गुरुवार की दोपहर मवेशी चराने के दौरान लू लगने से मुर्छित हुए किसान लाल मोहन महतो को भी मौत ने अपने आगोश में ले लिया।

लाल मोहन महतो मवेशी लेकर खेत की ओर चराने गया था। इस दौरान अत्यधिक धूप की वजह से वह एक पेड़ के नीचे आराम करने के लिए बैठा, तभी अचानक वह बेहोश हो गया और कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।

ये भी पढ़ें:

मई के विदा लेते-लेते धनबाद पर मेहरबान हुई काल बैसाखी, तीन जून तक लगा रहेगा बादलों का आना-जाना

Jharkhand News : गर्मी में कुत्ते हुए खूंखार, रांची में एक महीने के अंदर 750 लोगों को काटा

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें