Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Academic Session: कोविड के कारण झारखंड के सरकारी स्कूलों का बदला शैक्षणिक सत्र, इस बार जुलाई से प्रारंभ होगा शैक्षणिक सत्र

Academic session एक शैक्षणिक सत्र में शिक्षकों को साढ़े आठ माह बच्चों को पढ़ाना है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र के कुल 365 दिन में 51 रविवार 60 अवकाश यानि कुल 111 दिन छुट्टी है। एक शिक्षक का कुल कार्यदिवस 254 है।

By Madhukar KumarEdited By: Updated: Fri, 08 Apr 2022 11:19 AM (IST)
Hero Image
Academic session: नए शैक्षणिक सत्र में हुआ बदलाव।

जमशेदपुर, (वेंकटेश्वर राव)। कोविड के बाद खुले सरकारी स्कूलों का शैक्षणिक सत्र भी पीछे हो गया। इसे सुधारने के लिए विभाग को चार साल लग जाएंगे। विभाग ने इस दिशा में पत्र जारी किया है। इस वर्ष कक्षा एक से 12वीं तक का शैक्षणिक सत्र (2022-23) एक जुलाई से प्रारंभ होगा। इस सत्र की वार्षिक परीक्षा जून में संभावित है। इसी अनुरूप नौवीं व 11वीं की बोर्ड की परीक्षा भी जैक अपने अनुसार जारी करेगा। शैक्षणिक सत्र 2023-24 एक जून से प्रारंभ होगा। इस सत्र की वार्षिक परीक्षा मई में संभावित है। शैक्षणिक सत्र 2024-25 एक मई से प्रारंभ होगा। इस सत्र की वार्षिक परीक्षा अप्रैल में संभावित है। इसके बाद ही सत्र पूर्व के अनुसार प्रारंभ हो जाएगा, यानि शैक्षणिक सत्र 2025-26 एक अप्रैल से प्रारंभ हो जाएगा। वार्षिक परीक्षा भी फरवरी से लेकर मार्च के बीच संपन्न हो जाएगी। शैक्षणिक सत्र के क्रियान्वयन को लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना के निदेशक किरण कुमार पासी ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र प्रेषित कर इस अनुसार निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार स्कूलों में पढ़ाई का निर्देश है।

शैक्षणिक सत्र में शिक्षकों के कार्य दिवस का भी रखा गया ख्याल

एक शैक्षणिक सत्र में शिक्षकों को साढ़े आठ माह बच्चों को पढ़ाना है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र के कुल 365 दिन में 51 रविवार, 60 अवकाश यानि कुल 111 दिन छुट्टी है। एक शिक्षक का कुल कार्यदिवस 254 है। वर्तमान में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश के अनुसार 1000 न्यूनतम शैक्षणिक घंटे एवं न्यूनतम 220 कार्यदिवस होना चाहिए। शैक्षणिक सत्र 2022-23 में 254 के कार्यदिवस में भी अगर कोई 10-15 दिन गर्मी व ठंडा को लेकर छुट्टी अतिरिक्त होती है तो भी निर्धारित कार्यदिवस के लक्ष्य को पूरा हो जाता है। इसी अनुरूप पाठ्यक्रमों को भी विभक्त किया गया है।

नए शैक्षणिक सत्र को लेकर दिशा-निर्देश प्राप्त हुआ है। इसी अनुरूप सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए है। इस वर्ष नया शैक्षणिक सत्र एक जुलाई से प्रारंभ हो रहा है। हरेक साल शैक्षणिक सत्र को एक माह पीछे घसकाया गया है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में यह सामान्य हो जाएगा।

एसडी तिग्गा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें