Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand Politics: सियासी पिच पर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे सौरभ, क्या चुनावी रण में भाजपा लगाएगी दांव?

झारखंड के पूर्व कप्तान सौरभ तिवारी अब राजनीति की पिच पर बल्लेबाजी करने को तैयार हैं। उन्होंने भाजपा के झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। सौरभ तिवारी ने अपने क्रिकेट करियर में कई उपलब्धियां हासिल की हैं और अब वे अपने अनुभव और लोकप्रियता का इस्तेमाल राजनीति में करना चाहते हैं।

By Jitendra Singh Edited By: Yogesh Sahu Updated: Sat, 24 Aug 2024 07:49 PM (IST)
Hero Image
Jharkhand Politics: रांची में पत्रकारों से बातचीत करते सौरभ तिवारी।

जासं, जमशेदपुर। Jharkhand Politics: क्रिकेट के मैदान पर अपने बल्ले से विरोधियों के छक्के छुड़ाने वाले झारखंड के पूर्व कप्तान सौरभ तिवारी अब राजनीति की पिच पर उतरने को तैयार हैं।

सौरभ तिवारी ने शुक्रवार को रांची में भाजपा के झारखंड चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई।

आधे घंटे तक चली इस मुलाकात में सौरभ तिवारी ने भाजपा में शामिल होने और पार्टी से टिकट मिलने पर चुनाव लड़ने की बात कही।

इससे पहले सौरभ तिवारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर चुके हैं और माना जा रहा है कि इस दौरान भी उन्होंने अपनी राजनीतिक आकांक्षाओं पर चर्चा की थी।

क्रिकेट की लोकप्रियता का राजनीति में फायदा ?

सौरभ तिवारी ने अपने क्रिकेट करियर में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। वे इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) समेत कई बड़े टूर्नामेंट में खेल चुके हैं।

ऐसे में माना जा रहा है कि वे अपने अनुभव और लोकप्रियता का इस्तेमाल राजनीति में करेंगे। भाजपा झारखंड में एक मजबूत राजनीतिक दल है, और तिवारी की लोकप्रियता पार्टी के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।

हालांकि, उन्होंने अभी तक अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके संकेत से साफ है कि वे भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

दूसरी पारी के लिए तैयार

फरवरी 2024 में क्रिकेट को अलविदा कहने वाले सौरभ तिवारी अब राजनीति में अपनी दूसरी पारी शुरू करने को आतुर हैं।

करीब 17 साल तक क्रिकेट की दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के बाद अब वे समाज सेवा के क्षेत्र में नई पारी शुरू करना चाहते हैं।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान सौरभ तिवारी ने संकेत दिया कि वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकते हैं।

जमशेदपुर पूर्वी से चुनावी रण

सौरभ तिवारी ने स्पष्ट किया कि वे जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहते हैं और इसके लिए उन्हें भाजपा से ही टिकट चाहिए। उन्होंने कहा कि वे पार्टी में तभी शामिल होंगे जब उन्हें टिकट की गारंटी मिलेगी।