Move to Jagran APP

Health ALERT : सावधान! फिट लोगों को भी दिल का हो रहा दौरा, जानिए क्या है कारण

Health ALERT हाल ही में दक्षिण भारत के सुपरस्टार पुनीत राजकुमार की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह रेगुलर जिम जाते थे। इसके पहले टीवी अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला भी स्ट्रोक के कारण मौत हो गई थी। आखिर जिम जाने वाले युवाओं को क्यों आ रहा है हार्ट अटैक...

By Jitendra SinghEdited By: Updated: Sun, 07 Nov 2021 06:45 AM (IST)
Hero Image
Health ALERT : सावधान! फिट लोगों को भी दिल का हो रहा दौरा

जमशेदपुर : सावधान! अभी तक आपने सुना होगा कि फिट लोगों को दिल का दौरा नहीं पड़ता है लेकिन हाल के कुछ रिपोर्टों में यह उल्टा साबित हो रहा है। अब कम उम्र में ही दिल का दौरा पड़ने लगा है। सबसे चौंकाने वाली रिपोर्ट यह है कि इसमें कई वैसे लोग भी शामिल होते हैं जो पूरी तरह से फिट होते हैं, उसके बावजूद भी दिल का दौरा पड़ना चिंता का विषय है।

ज्यादा एक्सरसाइज करना भी नुकसानदायक

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, जमशेदपुर शाखा के सचिव डॉ. मृत्युंजय सिंह का कहना है कि हृदय की स्थिति को जाने बिना व्यायाम नहीं करना चाहिए। ज्यादा व्यायाम करना कभी-कभार नुकसान पहुंचाता है। कोई भी चीज अपने मर्जी से शुरू नहीं करना चाहिए। उसे शुरू करने से पूर्व उसकी गहन पड़ताल कर लेनी चाहिए। इसके बाद ही उसे शुरू करना चाहिए।

खुद का मूल्यांकन करें फिर करें एक्सरसाइज

अभी देखा जाता है कि लोग एक्सरसाइज करते हैं लेकिन किससे क्या लाभ और क्या नुकसान हो सकता है, इसके बाद में अधिकांश लोग अनजान होते हैं। कई बार हार्ट के मरीज वे सभी व्यायाम करते हैं जो उन्हें नहीं करना चाहिए। इसलिए व्यायाम करने से पहले खुद का मूल्यांकन कर लेना चाहिए। ऐसे लोगों की कुछ श्रेणियां हैं जिनके लिए व्यायाम करने से दिल का दौरा पड़ सकता है।

एक्सरसाइज करते समय आएं चक्कर तो नहीं करें नजरअंदाज

डॉ. मृत्युंजय सिंह का कहना है कि अगर व्यायाम करते समय आपको चक्कर आएं या फिर हल्कापन महसूस हो तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इस दौरान कई लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं जिसका खामियाजा उन्हें आगे चलकर भुगतना पड़ता है। यदि आप उच्च रक्तचाप के मरीज हैं तो आंख बंद कर व्यायाम शुरू नहीं करें।

फिजियोथेरेपिस्ट से जरूर लें सलाह

सबसे पहले आप किसी फिजियोथेरेपी या अन्य विशेषज्ञ से सलाह लें उसके बाद ही व्यायाम शुरू करें। अन्यथा उसका गलत प्रभाव भी आपके अंदर देखने को मिल सकता है। आज के समय में फिट लोगों में भी कई तरह की परेशानी बढ़ने लगी है। ऐसे में उम्र 40 के बाद स्वस्थ जांच अवश्य कराएं।

दिल की बीमारी अब उम्र बढ़ने वाली बीमारी नहीं रही

कम उम्र में जिस तरह से लोगों में हार्ट अटैक की समस्याएं बढ़ी है उसे देखकर कहा जा सकता है कि दिल की बीमारी अब उम्र बढ़ने वाली बीमारी नहीं रही। पहले दिल का दौरा उम्र 50-55 के बाद होता था लेकिन अब 30-35 में भी देखने को मिल रहा है। युवा आबादी इसके शिकार हो रहे हैं, जो चिंता का विषय है।

ओपीडी में बढ़ रहा युवा मरीजों की संख्या

जमशेदपुर के विभिन्न अस्पतालों का आंकड़ा देखा जाए तो ओपीडी में युवा मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सबसे बड़ी चिंता युवाओं में तेजी से बढ़ते तनाव कई बीमारी का कारण है। अगर जल्द ही इसका समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले समय में कई तरह की बीमारियां तेजी से बढ़ेगी।

नियमित जांच जरूरी

अगर आप दिल के रोगी हैं तो नियमित जांच अवश्य कराएं। साथ ही खान-पान पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। कई बार देखा जाता है कि लोगों में हृदय रोग संबंधित बीमारी होने के बावजूद वे इसे नजरअंदाज कर देते हैं। नतीजा होता है कि उनका मर्ज और भी बढ़ जाता है।

अगर आप हृदय रोगी हैं तो आपके सीने में सांस फूलने की परेशानी होने लगे तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तत्काल किसी विशेषज्ञ चिकित्सक से मिलकर सलाह लेना चाहिए। इस दौरान भर्ती करने की भी जरूरत पड़ती है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें