Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand Politics: 'संताल के साथ कोल्हान में भी बदल रही डेमोग्राफी', घुसपैठ पर नेता प्रतिपक्ष का बड़ा बयान

बुधवार को झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी जमशेदपुर के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा के अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा में शामिल हुए। इस बीच नेता प्रतिपक्ष ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में मिली बड़ी जीत पर बधाई दी। वहीं अमर बाउरी ने कार्यक्रम को संबोधित किया और संताल में बढ़ते घुसपैठ पर चिंता जताई।

By Ch Rao Edited By: Shashank Shekhar Updated: Thu, 11 Jul 2024 12:32 PM (IST)
Hero Image
विजय संकल्प सभा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी। फोटो- जागरण

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर महानगर अंतर्गत जुगसलाई विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी का अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा बुधवार को डांगा में आयोजित हुई।

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा की अध्यक्षता में एमजीएम मंडल क्षेत्र के एन एच 33 स्थित डाल्फिन क्लब एंड रिसॉर्ट में आयोजित अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा में नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो मुख्यरूप से शामिल हुए।

समारोह के दौरान लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बूथ अध्यक्षों एवं बूथ समिति के कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में सबसे अधिक मत प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जुगसलाई विधानसभा के आठ मंडलों से छह बूथों के अध्यक्ष एवं समिति के साथ विधानसभा स्तर पर दस बूथों के अध्यक्ष एवं उनकी समिति के सदस्यों को सम्मानित कर आभार जताया गया।

अमर बाउरी ने चुनाव में मिली जीत पर दी बधाई

अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने सभी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में जुगसलाई विधानसभा में बड़ी लीड के साथ चुनाव जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आसन्न विधानसभा चुनाव में अपने-अपने बूथ को जीतने के लिए कमर कसने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के एक-एक बूथ पर भाजपा की जीत हो और हर बूथ में बड़ी बढ़त मिले, इसे लेकर अभी से ही हम सभी कार्यकर्ताओं को जुट जाना हाेगा। लोस चुनाव के दौरान जुगसलाई विधानसभा में पार्टी को अच्छी बढ़त मिली थी, यह बढ़त और बढ़े, इसके लिए हम सबको उत्साह के साथ काम करना होगा। अमर बाउरी ने राज्य में बदलते डेमोग्राफी पर भी चिंता जताई।

घुसपैठ से जिले की डेमोग्राफी बदल रही- अमर बाउरी 

उन्होंने कहा कि पूरे राज्य के विभिन्न जिलों में बांग्लादेशी घुसपैठ से जिले की डेमोग्राफी बदल रही है। आज सिर्फ संथाल ही नहीं, बल्कि कोल्हान का का क्षेत्र भी इससे अछूता नही है। जिले की बदलती डेमोग्राफी पर स्पेशल ब्रांच के साथ झारखंड हाइकोर्ट ने भी घुसपैठ को जटिल समस्या मानकर राज्य सरकार को इस पर निर्देश देते हुए घुसपैठियों पर ब्रेक लगाने को कहा है।

नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन की सरकार को भ्रष्टाचार में लिप्त सरकार करार दिया। कहा कि मात्र दो महीने के लिए हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार सिर्फ अपने भ्रष्टाचार के साक्ष्यों को मिटाने के लिए बनी है, इससे हेमंत सोरेन का कुर्सी प्रेम भी उजागर हुआ है।

4 महीने से बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिली- अमर बाउरी

अमर बाउरी ने कहा कि सरकार लोगों को पेंशन देने का ढिंढोरा पीट रही है, लेकिन 4 महीने से बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिली। राज्य सरकार मुफ्त राशन की बात करती है, लेकिन बीते 11 महीने से ग्रीन कार्ड होल्डर को राशन नहीं मिला है।

अमर बाउरी ने सभी कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव में ऐसी निरंकुश और भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकने और जुगसलाई समेत जमशेदपुर लोकसभा की सभी छह सीटों पर विजयी कमल खिलाने के आह्वान किया।

जमशेदपुर के सांसद बिद्युत महतो ने जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र से भारी मतों से विजयी प्राप्त करने पर सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।

जमशेदपुर सांसद ने भी कार्यकर्ताओं को दी जीत की बधाई

उन्होंने कहा कि कोल्हान में एशिया का सबसे बड़ा जंगल सारंडा जंगल था, जो इस तरह से उजड़ गया है कि आज जलवायु परिवर्तन हो गया है। बारिश नहीं हो रही है और जहां राजस्थान में पेड़ पौधे नहीं थे, वहां तीन-तीन बार बाढ़ आ गई है। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि सभी व्यक्ति अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं, जिससे पर्यावरण भी स्वच्छ रहे लोग भी स्वस्थ रहें।

सांसद महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोगों को आयुष्मान कार्ड, पक्का मकान, गैस चूल्हा, मुफ्त अनाज, इज्जत घर, घर-घर बिजली मिली, लेकिन राज्य की हेमंत सरकार ने गरीबों के हक को मारकर अपनी तिजोरी भरने और राज्य की प्राकृतिक संसाधनों की दोनों हाथों से लुटने का कार्य किया है।

सांसद बिद्युत महतो ने कहा कि पूर्ववर्ती रघुवर सरकार के दौरान उनके प्रयासों से बंद माइंस लगातार खुल रहे थे, लेकिन हेमंत सोरेन की सरकार इस दिशा में पूरी तरह से आंख मूंद ली है और कुछ भी काम नहीं कर रही है।

कार्यक्रम को कोल्हान प्रभारी सह पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, भाजपा प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप महतो, जिला महामंत्री सह कार्यक्रम के विधानसभा संयोजक अनिल मोदी ने संबोधित किया।

ये भी पढ़ें- 

'ऐसा सगा नहीं, जिसे हेमंत सरकार ने ठगा नहीं...', झारखंड CM पर ये क्या बोल गए भाजपा नेता; सियासी टेंशन बढ़ना तय!

'लुटेरी है यह सरकार...', हेमंत सोरेन पर फिर बरसे बाबूलाल मरांडी, भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया ये बड़ा टारगेट