Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

राजेंद्र सिंह तय करेंगे कौन बनेगा कमिंस यूनियन का महामंत्री

इंटक के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तय करेंगे कि टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन में कौन महामंत्री होगा। कमिंस यूनियन में महामंत्री के पद को लेकर घमासान जारी है।

By Rakesh RanjanEdited By: Updated: Sun, 20 Jan 2019 01:10 PM (IST)
Hero Image
राजेंद्र सिंह तय करेंगे कौन बनेगा कमिंस यूनियन का महामंत्री

जमशेदपुर,जागरण संवाददाता। झारखंड प्रदेश इंटक के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तय करेंगे कि टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन में कौन महामंत्री होगा। कमिंस यूनियन में महामंत्री के पद को लेकर घमासान जारी है। वर्तमान महामंत्री अरुण कुमार सिंह के खिलाफ उनके ही सबसे करीबी मित्र रहे संयुक्त महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने बगावत का बिगुल फूंक दिया है।

चर्चा है कि 19 में से दस कार्यकारिणी के साथ मनोज कुमार सिंह यूनियन अध्यक्ष राजेंद्र सिंह से मिलने उनके बेरमो स्थित आवास जा रहे हैं। अब अध्यक्ष ही तय करेंगे कि यूनियन में अरुण सिंह अपने तीन वर्षो का कार्यकाल पूरा करेंगे या अप्रैल 2018 में हुए चुनाव के लगभग नौ माह बाद उन्हें हटाकर मनोज कुमार सिंह के सिर महामंत्री का ताज बंधेगा।

टूल डाउन स्ट्राइक के बाद बदली स्थिति

टाटा कमिंस जमशेदपुर प्लांट में दो दिसंबर को कर्मचारियों ने वेतन स्लिप पर रोक लगाने के विरोध में लगभग 45 मिनट का टूल डाउन स्ट्राइक किया था। इसमें यूनियन नेतृत्व ने भी कर्मचारियों का साथ दिया था। विश्वस्त सूत्रों की माने तो यूनियन में बगावती तेवर इसके बाद ही परवान चढ़ा। इस घटना के बाद छह दिसंबर को प्रबंधन ने सभी यूनियन पदाधिकारियों व कमेटी मेंबरों को चेतावनी पत्र दिया था। इसके बाद मनोज सिंह के पिता का निधन हो गया। वे 24 दिसंबर को ड्यूटी पर लौटे। 25 दिसंबर को कंपनी में क्रिसमस की छुट्टी थी और 26 दिसंबर को मनोज सिंह ने संयुक्त महामंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। अब इन्होंने इस्तीफा क्यों दिया? यह कंपनी के सभी कर्मचारी भली-भांति जानते हैं।

जोड-तोड़ की राजनीति से मैं दूर : एहसान

यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष एहसान अहमद सिराजी ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि मैं इस जोड़-तोड़ की राजनीति से दूर हूं और मैं रविवार को अध्यक्ष से मिलने को बेरमो नहीं जा रहा हूं। अध्यक्ष जिस टीम को चुनेंगे, मैं उसे अपना पूरा सहयोग दूंगा।

इन कमेटी मेंबरों के बेरमो जाने की है चर्चा

असेंबली टेंट व पेंट : अविनाश अनुपम, राम मूर्ति राजू, प्रत्युष विश्वास व हरिश सेनानी। हेड लाइन : अंजय कुमार। कनेक्टिंग रॉड : मनोज कुमार सिंह व प्रकाश महतो। मैटेरियल : धीरज कुमार सिंह व रतन प्रमाणिक। टूल रूम : श्रीनिवास राव

ये कहते महामंत्री

चुनाव के समय ही अगर मनोज मुझसे कहते कि मुङो महामंत्री बनना है तो मैं पीछे हट जाता, लेकिन कार्यकाल के बीच में मुझ पर अनर्गल आरोप लगाकर हटाना गलत है। वे बताएं कि मैंने मजदूर हित में कौन सा गलत समझौता किया है।

अरुण कुमार सिंह, महामंत्री

मैंने जाहिर कर दी है मंशा: मनोज

संयुक्‍त महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अध्यक्ष से मिलने बेरमो जाने का कार्यक्रम फिलहाल तय नहीं है। लेकिन हमने अध्यक्ष से अपनी मंशा जाहिर कर दी है। अब वे ही तय करें कि यूनियन का महामंत्री कौन होगा।  

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें