Move to Jagran APP

Salman Khan: सलमान खान से रंगदारी मांगने के आरोपी पर कसा शिकंजा, कोर्ट ने कहा- इसे मुंबई ले जाएं

Salman Khan सलमान खान से रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार शेख हुसैन को मुंबई पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने की अनुमति मिली है। आरोपित को 28 अक्टूबर तक दादर कोर्ट में पेश किया जाएगा। मुंबई पुलिस उसे शुक्रवार को मुंबई ले जाएगी। मामले में पुलिस को आरोपी का मोबाइल फोन बरामद हुआ है परंतु सिम नहीं मिली है।

By Anwesh Ambashtha Edited By: Yogesh Sahu Updated: Thu, 24 Oct 2024 09:39 PM (IST)
Hero Image
सलमान खान से रंगदारी मांगने का आरोपित कोर्ट में पेश
जासं, जमशेदपुर। फिल्म अभिनेता सलमान खान से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में जमशेदपुर के साकची क्षेत्र से गिरफ्तार आजादनगर निवासी शेख हुसैन को मुंबई पुलिस ने गुरुवार को अदालत में प्रस्तुत किया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने की अर्जी मुंबई के वर्ली थाना के पुलिस अधिकारी ने दाखिल की।

अदालत ने अर्जी को स्वीकार करते हुए उसे रिमांड पर ले जाने की अनुमति प्रदान कर दी साथ ही उसे 28 अक्टूबर तक दादर कोर्ट में प्रस्तुत करने का आदेश दिया। मुंबई पुलिस आरोपित को शुक्रवार को मुंबई लेकर रवाना होगी।

आरोपित की ओर से अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह अदालत में पक्ष रखा। रंगदारी मांगने जैसे गंभीर आरोप होने के कारण अदालत ने आरोपित को मुंबई ले जाने का आदेश प्रदान कर दिया। आरोपित के विरुद्ध वर्ली थाना में कांड संख्या 478 के तहत रंगदारी का मामला दर्ज है।

ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई जाएगा आरोपी

ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने के बाद मुंबई पुलिस मामले का अनुसंधान करेगी। पुलिस ने उसके पास से उस मोबाइल को जब्त किया है, लेकिन सिम बरामद नहीं हो पाया। कारण आरोपित ने सिम को तोड़कर कहीं फेंक दिया था। मोबाइल से उसने तीन बार धमकी भरा संदेश भेजा था।

बुधवार को जमशेदपुर पुलिस के सहयोग से मुंबई की पुलिस ने आरोपित को साकची थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। आरोपित मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बाघमुंडी का रहने वाला है।

मुंबई की ट्रैफिक पुलिस को वाट्सएप पर 16 अक्टूबर को एक धमकी भरा संदेश मिला था, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। संदेश में जेल में बंद गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के साथ उनके विवाद को सुलझाने का दावा किया गया था।

मुंबई पुलिस के अनुसार, संदेश भेजने वाले व्यक्ति शेख हुसैन ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी होने का दावा किया है। इसके साथ ही संदेश में दावा किया था, कि 'इसे हल्के में मत लीजिए, अगर सलमान खान को जिंदा रहना है और उन्हें लारेंस बिश्नोई से दुश्मनी खत्म करनी है तो उन्हें पांच करोड़ रुपये देने होंगे। अगर पैसे नहीं दिए गए तो सलमान खान की स्थिति बाबा सिद्दीकी से भी बदतर होगी।'

वाट्सएप पर भेजा था धमकी भरा संदेश

वाट्सएप पर यह धमकी भरा संदेश मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है और वर्ली थाने में केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू की थी। इस मामले में पुलिस का कहना है कि संदेश भेजने के बाद से आरोपित का फोन नंबर बंद हो गया था, लेकिन तकनीकी जांच में पता चला है कि वह झारखंड के जमशेदपुर का रहने वाला है।

संदेश जमशेदपुर से ही भेजा गया था। नौ अक्टूबर को उसका फोन नंबर बीकेसी (बांद्रा-कुर्ला परिसर) में एक राष्ट्रीयकृत बैंक में था। जब राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की गई थी तो वह दिल्ली में था और उसके कुछ घंटों बाद वह बंगाल रवाना हो गया था।

पुलिस की एक टीम को जमशेदपुर में थी, जबकि एक टीम को बीकेसी के राष्ट्रीयकृत बैंक में भेजा गया था। आरोपित को मुंबई की जुहू डीसीबी की टीम ने जमशेदपुर से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसने बाबा सिद्दीकी को भी संदेश भेजा था।

यह भी पढ़ें

Salman Khan: सलमान की हालत बाबा सिद्दीकी से भी बदतर होगी... धमकी देने वाला जमशेदपुर से गिरफ्तार

लॉरेंस बिश्नोई और Salman Khan के विवाद के बीच सब्जी वाले की एंट्री, 5 करोड़ मांगने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।