Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jamshedpur : साकची के हनुमान मंदिर से आधी रात को हटाया ढांचा, पुलिस के लाठीचार्ज में कई घायल, धारा 144 भी लगाई

जमशेदपुर में साकची के हनुमान मंदिर की छत ढाले जाने के काम को आधी रात को पुलिस ने रोक दिया और इसके लिए बनाए गए ढांचे को हटा दिया। पुलिस की कार्रवाई को विरोध करने वालों पर लाठीचार्ज किया गया। इसमें कई घायल हो गए।

By Birendra Kumar OJhaEdited By: Yogesh SahuUpdated: Sun, 11 Dec 2022 01:06 PM (IST)
Hero Image
साकची के हनुमान मंदिर में आधी रात को पुलिस ने हटाया ढांचा, लगाई निषेधाज्ञा

जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। साकची में बसंत टाकीज के सामने हनुमान मंदिर में शुक्रवार की आधी रात को मंदिर की छत ढलाई की जा रही थी। वहीं, शनिवार आधी रात को पुलिस ने ढलाई के लिए लगी सेंटिंग और छड़ को हटा दिया। इस दौरान एसडीओ धालभूम पीयूष सिन्हा, एएसपी शुभ्रांशु जैन और टाटा स्टील के अधिकारी अमित कुमार मौजूद रहे।

एसडीएम ने शुक्रवार रात से ही मंदिर के आसपास निषेधाज्ञा लगा दी थी। मंदिर के पास दो जेसीबी भी लगाए गए हैं, जबकि दोनों ओर के रास्तों को पुलिस ने बंद कर दिया। इससे इस बात की चर्चा होने लगी कि प्रशासन मंदिर तोड़ रहा है, लेकिन एसडीओ ने कहा कि ढलाई के लिए जो पटरे और छड़ लगाए गए हैं, उन्हें हटाया जा रहा है। जेसीबी सड़क के आसपास अतिक्रमण हटाने के लिए है।

पुलिस को करना पड़ा लाठी चार्ज

यहां बता दें कि सनातन उत्सव समिति के सदस्यों ने शुक्रवार आधी रात को ढलाई कार्य रोकने पहुंची पुलिस के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी थी। इस पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन हनुमान मंदिर की सनातन उत्सव समिति के सदस्य छत ढलाई करा रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही साकची थाने की पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो सदस्य धक्का-मुक्की करने लगे। पुलिस ने जमकर लाठी बरसाई, जिसमें लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए।

घायलों में सनातन उत्सव समिति के चिंटू सिंह, अप्पू तिवारी, राहुल दुर्गे, प्रतीक सिंह, ललित राव, वीर सिंह, अनिकेत सिंह, सुनील साहू, मनप्रीत सिंह, आशीष मिश्रा आदि शामिल हैं। घायलों का आरोप है कि विधायक सरयू राय के इशारे पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है।

ज्ञात हो कि इस मंदिर पर आधिपत्य जमाने के लिए कई माह से सरयू राय के समर्थकों व सनातन उत्सव समिति समेत मंदिर निर्माण समिति में विवाद चल रहा है। इसे लेकर अनुमंडल अधिकारी ने दोनों पक्ष के 25-25 लोगों को धारा 107 व धारा 144 के तहत आरोपी भी बनाया है। इसकी सुनवाई अनुमंडल दंडाधिकारी के कार्यालय में चल रही है।

विधायक सरयू राय की साजिश : चिंटू सिंह

सनातन उत्सव समिति के संस्थापक सह मंदिर निर्माण समिति के सदस्य चिंटू सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीती रात हुई घटना पूरी तरह से सुनियोजित साजिश है। इसके जिम्मेदार सिर्फ विधायक सरयू राय हैं, जो अपने निजी अहंकार में इस तरह के घृणित कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमने मंदिर का रात्रि में निर्माण कार्य प्रारंभ किया, लेकिन सरयू राय और उनके भतीजे आशुतोष राय अपने वाहन में हेमंत सिंह, पवन सिंह समेत अन्य लोगों के साथ आकर विवाद पैदा करने लगे। जिला प्रशासन को बुलाकर कार्य अवरुद्ध कर दिया, ताकि उनकी जमीन कब्जाने की नीयत सफल हो जाए। उन्होंने सवाल किया कि आखिर जिला प्रशासन ने इतने दिनों तक निर्माण कार्य में पहले हस्तक्षेप क्यों नहीं किया।

जमीन छेकने का किया जा रहा था प्रयास : राव

विधायक सरयू राय के समर्थक व भाजमो के जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर राव ने कहा कि हनुमान मंदिर और आसपास की जमीन छेकने के लिए शहर के दबंग अवैध रूप से निर्माण कार्य कर रहे थे। इनके द्वारा साकची के प्रमुख चौराहे पर स्थापित मंदिर को हथियाने का प्रयास किया जा रहा है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें