Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lok Sabha Polls 2019: इस खिलाड़ी का हॉकी और राजनीति दोनों में था जलवा

Lok Sabha Polls 2019. खेल हो या राजनीति दोनों ही क्षेत्र में खूंटी का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। स्वर्ण पदक विजेता हॉकी टीम के कप्तान जयपाल सिंह यहां से तीन बार संसद पहुंचे।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Updated: Mon, 01 Apr 2019 07:01 PM (IST)
Hero Image
Lok Sabha Polls 2019: इस खिलाड़ी का हॉकी और राजनीति दोनों में था जलवा

सिमडेगा, जासं। वीरों की धरती एवं धरती आबा की जन्मभूमि खूंटी आरंभ से ही अपनी अलग पहचान के लिए विख्यात रही है। भारत को आजादी मिलने के बाद चाहे खेल हो या राजनीति, दोनों ही क्षेत्र में खूंटी का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। इसमें एक नाम ऐसा भी है, जिन्होंने खेल के बाद राजनीति के मैदान में भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। 

हम बात कर रहे हैं जयपाल सिंह मुंडा की। जयपाल ने खूंटी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से 1952, 1957 तथा 1962 में हैट्रिक जीत लगाई थी। इस बात से सभी अवगत हैं कि जयपाल सिंह मुंडा का नाम उस समय पूरे विश्व में छा गया था, जब 1928 में  एम्सटर्डम में उनकी कप्तानी में भारतीय हॉकी टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। इस जीत से पूरा देश झूम उठा था।

खेल के सर्वोच्च शिखर को छूने के बाद जयपाल सिंह मुंडा ने सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में लगातार तीन बार लोकसभा का चुनाव लड़ा और तीनों बार संसद पहुंचे। आज भी, चाहे हॉकी का टर्फ हो या राजनीति का मैदान, जयपाल सिंह मुंडा का नाम खुद-ब-खुद जुबां पर चला आता है।

वैसे जिले के सिल्वानुस डुंगडुंग, माइकल किंडो के अलावा मनोहर टोपनो एवं अजीत लकड़ा भी ओलंपिक खेल में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, लेकिन उन्होंने राजनीति के मैदान में कभी कदम नहीं रखा। ज्ञात हो कि खूंटी लोकसभा क्षेत्र ने देश को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं। हालांकि इस लोकसभा चुनाव में राजनीतिक खिलाड़ी तो कई दिखाई दे रहे हैं, लेकिन किसी खिलाड़ी ने अब तक दिलचस्पी नहीं दिखाई है।