Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पर्यटक स्थल के रूप में विकसित नहीं हो सका बाबा लंगटा मशान

प्रमोद दास हिरणपुर (पाकुड़) प्रखंड मुख्यालय से महज डेढ़ किलोमीटर की दूर स्थित बाबा

By JagranEdited By: Updated: Tue, 21 Dec 2021 04:27 PM (IST)
Hero Image
पर्यटक स्थल के रूप में विकसित नहीं हो सका बाबा लंगटा मशान

प्रमोद दास, हिरणपुर (पाकुड़): प्रखंड मुख्यालय से महज डेढ़ किलोमीटर की दूर स्थित बाबा लंगटा मशान स्थान के प्रति लोगों में काफी आस्था है। प्रत्येक मंगलवार व शनिवार को यहां लोगों की भीड़ होती है। यह स्थान सभी धर्मो के लिए आस्था का केंद्र है। झारखंड ही नहीं बल्कि पश्चिम बंगाल और बिहार से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं।

बड़े वृक्ष के नीचे इस देवस्थान में करीब 300 वर्षो से पूजा होते आज रही है। यहां प्रसाद स्वरूप अन्य सामग्री के साथ मदिरा भी चढ़ाई जाती है। बात पांच वर्ष पहले की करें तो यहां महिलाओं के आने की पाबंदी थी, लेकिन जागरूकता आने के बाद से अब ऐसी कोई रोक नहीं है। स्थानीय पूजा समिति के कैलाश प्रसाद सिंह ने बताया कि पहले यह स्थान चंडीपुर गांव आता था। समय बीतने के साथ चंडीपुर गांव वीरान होता चला गया। यहां के लोग रानीपुर, लेटबाड़ी आदि गांवों में बस गए।

अब तक नहीं बना संपर्क पथ : देवस्थान तक पहुंचने के लिए अभी तक सड़क नहीं बन पाया है। नहर से करीब 500 मीटर तक श्रद्धालु को खेतों की पगडंडी होकर जाना पड़ता है। वहीं खेती के समय तो आवाजाही में काफी परेशानी होती है। देवस्थान की कुछ वर्ष पूर्व घेराबंदी की गई है। नलकूप व चापाकल भी लगाया गया है। इस स्थल पर जिला पर्यटन मद से यात्री शेड का निर्माण भी हुआ है। साथ ही वर्ष 2017 में 14वीं वित्त की राशि से देवस्थान परिसर का सौंदर्यीकरण भी हुआ है। परंतु लोगों के आस्था के अनुरूप इस स्थल का अब तक विकास नहीं हो सका है।

--

लंगटा मशान स्थान यहां के लोगों का प्रमुख धार्मिक केंद्र है। विधायक निधि से इस क्षेत्र को विकसित किया जा सकता है। अन्य मद से भी संभावना देखी जाएगी।

- उमेश कुमार स्वांसी, बीडीओ, हिरणपुर