Move to Jagran APP

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का हेमंत सरकार पर बड़ा हमला: झारखंड को बनाया जा रहा इस्लामिक स्टेट

झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने रविवार को पांकी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्‍य सरकार पर हमला बोला। उन्‍होंने कहा कि झारखंड में बहुसंख्‍यकों को दबाया जा रहे हैं। ऐसे में धर्म की रक्षा के खातिर उन्‍हें जेल जाना भी मंजूर है।

By Jagran NewsEdited By: Arijita SenUpdated: Mon, 03 Apr 2023 10:46 AM (IST)
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का हेमंत सरकार पर बड़ा हमला: झारखंड को बनाया जा रहा इस्लामिक स्टेट
रघुवर दास और मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन की एक फाइल फोटो

संवाद सूत्र, पांकी (पलामू)। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में चल रही झामुमो, कांग्रेस और राजद सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि यह सरकार झारखंड को इस्लामिक स्टेट बनाने की कोशिश कर रही है, जो कभी पूरा होने नहीं दिया जाएगा। भारत आध्यात्मिक देश है। धर्म भ्रष्टों की सरकार बनने के बाद से बहुसंख्यकों के त्योहारों पर सरकार के संरक्षण में विरोध होता है। हेमंत सरकार अपने साढ़े तीन साल के कार्यकाल में एक समुदाय को खुश करने में लगी है। इससे दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार बढ़ा है। सनातनियों पर आक्रमण बढ़े हैं।

राज्‍य में बहुसंख्‍यकों में पैदा किया जा रहा डर

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने रविवार को पांकी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा राज्य में झामुमो-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने के बाद सरकार के संरक्षण में बहुसंख्यकों पर जुल्म और अत्याचार हो रहा है। सरकार की शह पर लोहरदगा मे दो-दो बार दंगे हुए।

झारखंड विधानसभा में नमाज कक्ष बनाई गई। एक साजिश के तहत भाषा का विवाद खड़ा कर ध्यान भटकाया गया और दूसरी भाषाओं को हटाकर उर्दू को शामिल कर दिया गया। राष्ट्र विरोधी शक्तियां, जेएमएम, कांग्रेस और वामंपथी चाहते हैं कि जगह-जगह दंगे हो ताकि इसकी आड़ में बहुसंख्यकों में डर पैदा किया जा सके।

पांकी में महाशिवरात्रि के तोरणद्वार पर दंगा

पांकी में महाशिवरात्रि का तोरणद्वार लगाने को लेकर 15 फरवरी को सांप्रदायिक दंगा हुआ था। एक पखवारा तक निषेधाज्ञा लागू होने के कारण भाजपा के बड़े नेता पांकी नहीं आ सके थे। 27 मार्च को पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल ने पांकी पहुंचकर प्रभावितों से मुलाकात की। इसके एक सप्ताह बाद रविवार को प्रभावितों से मिलने के लिए रघुवर दास पांकी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि रोड किसी के बाप का नहीं है। रोड पर तोरणद्वार बनाने से रोकने वालों पर पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए।

रघुवर दास ने पुलिस को दी निष्‍पक्ष तरीके से काम करने की चेतावनी

उन्होंने प्रभावितों की बातों की सुनने के बाद उनको संबोधित करते हुए डीसी-एसपी को चेतावनी देते हुए कहा कि निष्पक्ष तरीके से काम करो। सत्ता आती और जाती है। राजनीतिक कार्यकर्ता की तरह काम करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने घरों में घुसकर महिलाओं पर जुल्म ढाया। नारी शक्ति को लाठियों से पीटने का काम किया। उन्होंने सवाल किया- क्या पुरुष पुलिसकर्मी अपने घरों में महिलाओं को पिटते हैं?

धर्म की रक्षा के लिए जेल जाना भी मंजूर: रघुवर दास

चेतावनी देते हुए कहा कि बगैर जांच-पड़ताल के हिंदुओं को परेशान किया गया तो भाजपा आंदोलन करेगी। डीसी-एसपी के घर का घेराव किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि छह सौ वर्ष तक मुगलों ने जबरण धर्मांतरण कराया। धर्म की रक्षा के लिए दस बार भी जेल जाना पड़े तो हम तैयार हैं।