Move to Jagran APP

'कभी हेमंत कल्पना को देखते हैं और कभी कल्पना...', ये क्या बोल गए असम के CM हिमंत बिस्वा

झारखंड में सरकार नहीं बल्कि एक दूजे के लिए फिल्म की शूटिंग चल रही है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भाजपा नेता विधायक कमलेश कुमार सिंह के नामांकन के मौके पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि झारखंड को घुसपैठियों से बचाना है। असम की हालत भी इसी तरह की थी। 20 प्रतिशत मुसलमानों की संख्या बढ़ते-बढ़ते घुसपैठियों ने 45 प्रतिशत कर दी।

By Jagran News Edited By: Rajat Mourya Updated: Thu, 24 Oct 2024 09:00 AM (IST)
Hero Image
झारखंड में सरकार नहीं, 'एक दूजे फिल्म' की चल रही शूटिंग: हिमंत (फाइल तस्वीर)
जागरण टीम, पलामू/गढ़वा। झारखंड में सरकार नहीं, बल्कि 'एक दूजे फिल्म' की शूटिंग चल रही है। कभी हेमंत कल्पना को देखते हैं और कभी कल्पना हेमंत को। यह बातें असम के मुख्यमंत्री सह भाजपा के झारखंड चुनाव प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने भाजपा नेता विधायक कमलेश कुमार सिंह के नामांकन के मौके पर अनुमंडल मैदान में आयोजित आशीर्वाद जनसभा में कहीं।

उन्होंने कहा कि झारखंड को घुसपैठियों से बचाना है। असम की हालत भी इसी तरह की थी। 20 प्रतिशत मुसलमानों की संख्या बढ़ते-बढ़ते घुसपैठियों ने 45 प्रतिशत कर दी। यही हालत झारखंड की भी हो जाएगी। हिंदू संस्कृति को बचाने के लिए झारखंड में भाजपा की सरकार लानी होगी।

'बाबर को अयोध्या से खदेड़ा गया'

सरमा ने कहा कि हेमंत सोरेन घुसपैठियों के बल पर राज्य में सरकार बनाने का खेल खेल रहे हैं। इसे ध्वस्त करना होगा। उन्होंने कहा कि बाबर को अयोध्या से खदेड़ा गया। अब अन्य जगहों से भी भगाना आपके हाथ में है।

'हुसैनाबाद को बनाएंगे जिला'

बीजेपी नेता ने दावा किया कि हेमंत सोरेन (Hemant Soren) तो बालू बेचने का काम करते हैं। उनके रहते कभी जिला बनने का सपना पूरा नहीं हो सकता। झारखंड राज्य अटल बिहारी वाजपेयी ने दी है। अब हुसैनाबाद को जिला भी बनाने का काम भाजपा करेगी। सरकार की पहली कैबिनेट में हुसैनाबाद को जिला बनाने की मुहर लगेगी, लेकिन जिला का नाम हुसैनाबाद नहीं होकर किसी आंदोलनकारी के नाम पर होगा।

'महिलाओं को मिलेंगे 2100 रुपये प्रतिमाह'

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में एनडीए की सरकार बनते ही बालू फ्री होगा। सरकार सबसे पहले डेढ़ लाख युवाओं को नौकरी देने का काम करेगी। उन्होंने साल में दो त्योहारों पर दो गैस सिलेंडर फ्री देने का वायदा किया। साथ ही कहा कि 'गोगो दीदी योजना' से झारखंड की लड़कियों व महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ कमलेश कुमार सिंह को जिताने का चुनाव नहीं, बल्कि झारखंड को बचाने का है। मौके पर कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि हेमंत सरकार को जिला बनाने के लिए समर्थन दिया था, लेकिन जब जिला नहीं बनाया तो समर्थन वापस ले लिया। राज्य में नरेन्द्र मोदी की डबल इंजन की सरकार बना कर राज्य को खुशहाल बनाया जाएगा।

मौके पर यूपी के परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह, यूपी विधायक लाल बहादुर चौधरी, हुसैनाबाद चुनाव प्रभारी जवाहिर पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविंद्र कुमार सिंह, रामप्रवेश सिंह, अशोक सिंह समेत हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे।

झारखंड में भ्रष्टाचार की लंका को भाजपा ही जलाएगी : शिवराज

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार की लंका विकराल रूप धारण कर चुकी है। इस लंका को भाजपा ही जलाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पानी पहुंचाने के लिए पैसा भेजा। मगर मंत्री मिथिलेश ठाकुर व हेमंत सरकार ने पानी के पैसे का भी घोटाला कर दिया। बालू, पत्थर, कोयला आदि की दिन रात चोरी कराई जा रही है। इस सरकार ने पांच साल चोरी व बेईमानी में बिता दिया।

चौहान बुधवार को गढ़वा से भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्रनाथ तिवारी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सभा के तिवारी ने नामांकन दाखिल किया। चौहान ने कहा कि जब चुनाव आया है तो हेमंत सरकार महिलाओं के बैंक खाते में एक हजार रुपये भेजकर प्रलोभन दे रही है। मेरे द्वारा शुरू की गई लाडली बहना योजना को भी इन्होंने चुरा लिया।

उन्होंने पूछा, जब इनकी सरकार बनी थी तो क्यों नहीं महिलाओं को योजना का लाभ दिया। अभी तक इन्हें 1.20 लाख रुपये मिलते। महिलाओं के 1.20 लाख रुपये का हिसाब भी हेमंत सोरेन को देना होगा। जैसे ही झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी तो प्रथम कैबिनेट से ही प्रत्येक माह के 11 तारीख को बहन तथा भांजी के बैंक खाते में 2100 रुपया जाना शुरू हो जाएगा।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Election 2024: महागठबंधन में उपेक्षा से परेशान भाकपा माले, धनवार और जमुआ सीट पर सियासत गरमाई

ये भी पढ़ें- JMM Third Candidate List: झामुमो ने जारी की प्रत्याशियों की तीसरी सूची, बगावत करने वाले चमरा लिण्डा को मिली टिकट

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।