Move to Jagran APP

झारखंड में गर्मी से हाहाकार, 24 घंटे में लू के प्रकोप से 26 लोगों ने तोड़ा दम, बढ़ता जा रहा मौत का आंकड़ा

Jharkhand Heatwave Deaths झारखंड में हीट वेव से मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसकी चपेट में आकर पिछले चौबीस घंटे में 26 लोगों की मौत हो गई है। सबसे ज्यादा राज्य के पलामू जिले में आठ लोगों ने दम तोड़ा है। जमशेदपुर में तीन गढ़वा में दो हजारीबाग में तीन सरायकेला खरसांवा में चार और चाइबासा में छह लोगों की मौत होने की खबर है।

By Jagran News Edited By: Arijita Sen Published: Sat, 01 Jun 2024 08:02 AM (IST)Updated: Sat, 01 Jun 2024 08:02 AM (IST)
झारखंड में 24 घंटे में लू के प्रकोप से 26 लोगों ने तोड़ा दम, दो यूपी निवासी

जागरण टीम, रांची। Jharkhand Heatwave Deaths : झारखंड में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। इसकी चपेट में आकर पिछले चौबीस घंटे में 26 लोगों की मौत हो गई है। सबसे ज्यादा राज्य के पलामू जिले में आठ लोगों ने दम तोड़ा है। इसके साथ ही जमशेदपुर में तीन, गढ़वा में दो, हजारीबाग में तीन, सरायकेला खरसांवा में चार और चाइबासा में छह लोगों की मौत की बात सामने आई है।

48 घंटे में राज्‍य में गर्मी से 42 मौतें

26 मृतकों में एक यूपी के कानपुर और एक सीतापुर का रहने वाला था। राज्य में पिछले 48 घंटे में 42 लोगों की मौत हुई है। हालांकि राहत की बात यह है कि शुक्रवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

राज्य के गढ़वा में शुक्रवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 48 डिग्री दर्ज किया गया था।

भारत मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार शुक्रवार को राज्य के चतरा, गढ़वा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में लू (उष्ण लहर) का प्रकोप रहा। राज्य के पलामू में लू से दो महिला समेत आठ लोगों की मौत हो गई है।

अकेले हैदरनगर प्रखंड में पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों में सिंघना गांव निवासी 65 वर्षीया अतिदया देवी व 55 वर्षीय नंदेव रजवार, करीमनडीह गांव निवासी 58 वर्षीय महेश राम व 62 वर्षीया शैलू बीबी शामिल हैं।

हीट वेव की चपेट में आकर लोग गंवा रहे जान

रेहला थाना क्षेत्र के झगरुआ गांव में स्व. सुकन राम की पत्नी 70 वर्षीय यशोदा कुंवर की भी लू ने जान ले ली। मेदिनीनगर में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव विकास कुमार की लू लगने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पाटन प्रखंड निवासी मुनेश्वर भुइंया ने भी दम तोड़ दिया।

यूपी के कानपुर निवासी अनिल कुमार अवस्थी की मौत भी लू लगने से हो गई है। वे किसी काम से मेदिनीनगर आए थे। काम खत्म होने के बाद डाल्‍टनगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। इसी बीत अत्यधिक गर्मी के कारण बेहोश होकर गिर पड़े।

हजारीबाग में भी तीन लोगों की मौत की खबर है। इनमें एक यूपी के सीतापुर जिले के बम्भाऊर बिसवान के 57 वर्षीय ट्रक चालक भानु प्रताप सिंह (पिता शिव कुमार सिंह) शामिल हैं। बरही में सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर भानु प्रताप आराम कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक के अंदर ही मौत हो गई।

राज्‍य के इन जिलों में भी हुईं मौतें 

दूसरी तरफ शुक्रवार को महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कालेज जमशेदपुर में लू के तीन मरीजों की मौत हो गई। एमजीएम में लू के 117 मरीजों का इलाज चल रहा है। सरायकेला खरसावां जिले में एक दिव्यांग समेत चार लोगों की मौत इलाज के दौरान हो गई।

लू से खरसावां के कदमडीहा के दिव्यांग सुभान अंसारी (45) की मृत्यु हो गई। इधर, गढ़वा में दो लोगों की मौत हो गई। रजिस्ट्री कार्यालय में सेवानिवृत्त प्रधान सहायक 70 वर्षीय मृत्युंजय यादव गुरुवार की दोपहर में कार्यालय में ही चक्कर खाकर गिर पड़े।

उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को वन विभाग में सहायक के पद पर कार्यरत 60 वर्षीय महेंद्र मिश्रा की मौत लू लगने से हो गई। महेंद्र मिश्रा, बिहार के फारबिसगंज के रहने वाले थे।

ये भी पढ़ें:

AC का तापमान 18 और शहर का 44 डिग्री, शरीर कैसे करेगा बर्दाश्त? दिमाग पर असर के साथ इसके और भी कई खतरे


विभाग को बताए बिना ट्रांसफार्मर ठीक करने गया मिस्‍त्री, अचानक कर दी बिजली की सप्लाई; बुरी तरह झुलसा कर्मी


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.