Move to Jagran APP

Jharkhand Elections 2024: असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने 7 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, महागठबंधन को लगेगा झटका!

Jharkhand Assembly Elections 2024 झारखंड विधानसभा चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने सात सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इन सीटों पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 22 से 38 प्रतिशत तक है। हालांकि प्रदेश के मुस्लिम मतदाताओं का रुझान ओवैसी की पार्टी की तरफ ज्यादा नहीं रहा। फिर भी पार्टी को उम्मीद है कि अल्पसंख्यक मतदाताओं का समर्थन उन्हें मिलेगा।

By Jagran News Edited By: Mohit Tripathi Updated: Fri, 25 Oct 2024 10:30 PM (IST)
Hero Image
ओवैसी की पार्टी ने रांची, गढ़वा, पाकुड़ समेत सात सीटों पर उतारे प्रत्याशी।
आदिल हसन, रांची। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लेमिन (एआइएमआइएम) ने झारखंड विधानसभा चुनाव में सात सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इन सीटों में पाकुड़, महागामा, रांची, जमशेदपुर पश्चिम, बड़कागांव, चतरा और गढ़वा शामिल हैं।

माना जा रहा है कि इसके अलावा दूसरे चरण की सीटों पर भी पार्टी उम्मीदवार उतार सकती है। एआइएमआइएम ने जिन सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए हैं, उनपर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 22 से 38 प्रतिशत तक है।

संताल परगना के देवघर, गोड्डा, जामताड़ा, साहेबगंज और पाकुड़ के अलावा लोहरदगा और गिरिडीह में मुसलमानों की आबादी सबसे ज्यादा है।

वहीं, साहिबगंज और पाकुड़ में मुसलमान कुल आबादी के 30 प्रतिशत तक हैं। इसी तरह देवघर, गोड्डा, जामताड़ा, लोहरदगा और गिरिडीह जिले में भी मुसलमानों की आबादी लगभग 20 प्रतिशत है।

विधानसभा चुनाव-2019 में 14 सीटों पर लड़ी थी पार्टी

झारखंड में पिछले चुनाव में एआइएमआइएम ने 16 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। इनमें डुमरी में एआइएमआइएम को सबसे ज्यादा 24 हजार 132 वोट मिले थे।

डुमरी के बाद बरकट्ठा में ओवैसी के प्रत्याशी मोहम्मद अशरफ अंसारी को 18 हजार 416 वोट मिले थे। वहीं मांडर सीट से एआइएमआइएम के प्रत्याशी शिशिर लकड़ा 23592 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में एआइएमआइएम की स्थिति ठीक नहीं रही।

प्रदेश के मुस्लिम मतदाताओं का रुझान ओवैसी की पार्टी की तरफ ज्यादा नहीं रहा। इसके बावजूद पार्टी को झारखंड के अल्पसंख्यक मतदाताओं पर भरोसा है। यही कारण है कि पार्टी एक फिर से अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं।

इन्हें बनाया प्रत्याशी

एआइएमआइएम के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मो शाकिर ने बताया कि पार्टी ने सात सीटों से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है।

पाकुड़ से हाजी तनवीर आलम, महागामा से कमरान खान, रांची से महताब आलम, जमशेदपुर पश्चिम से बाबर खान, चतरा से सुबोध पासवान, बड़कागांव से शमीम अंसारी, गढ़वा से डा एम एन खान को पार्टी ने टिकट दिया है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।