Move to Jagran APP

Jharkhand Elections 2024: टुंडी विधानसभा सीट के लिए BJP ने किया उम्मीदवार का एलान, आजसू-जेडीयू को लगा झटका

झारखंड में बीजेपी ने टुंडी सीट के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। पार्टी ने तोपचांची से जिला परिषद सदस्य विकास कुमार महतो को टिकट दिया है। इस सीट पर एजेएसयू और जेडीयू भी दावा कर रहे थे लेकिन बीजेपी ने किसी को भी सीट नहीं दी। इस बीच प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष मानस सिन्हा अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

By Neeraj Ambastha Edited By: Mohit Tripathi Updated: Mon, 28 Oct 2024 10:26 PM (IST)
Hero Image
न तो आजसू को मिली टुंडी सीट, न ही जदयू को।
राज्य ब्यूरो, रांची। लंबे समय तक होल्ड पर रखने के बाद भाजपा ने आखिरकार टुंडी विधानसभा सीट से अपने प्रत्याशी की घोषणा सोमवार को कर दी। पार्टी ने तोपचांची से जिला परिषद सदस्य विकास कुमार महतो को इस सीट पर चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिया है। भाजपा ने यह सीट न तो आजसू पार्टी को दिया और न ही जदयू को। दोनों दल इस सीट को लेकर दावा कर रहे थे।

आजसू पार्टी 10 सीटों के अलावा टुंडी सीट को लेकर भी भाजपा पर दबाव बनाए हुई थी। बताया जाता है कि पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो सिल्ली विधानसभा सीट के अलावा इस सीट से भी चुनाव लड़ना चाहते थे। इसपर भाजपा तैयार नहीं हुई। अब एनडीए गठबंधन के तहत 10 सीटों पर ही आजसू के प्रत्याशी होंगे।

इधर, जदयू को इंतजार था कि यह सीट उसे मिल सकती है। राज्यसभा सदस्य सह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो का कहना था कि भाजपा ने इस सीट पर अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। ऐसे में जमशेदपुर पश्चिमी तथा तमाड़ के अलावा कम से कम यह सीट उनकी पार्टी को जरूर मिलेगी।

बताते चलें कि खीरू महतो ने जिन 11 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपा था, उनमें जमशेदपुर पश्चिमी और तमाड़ नहीं था। सरयू राय और राजा पीटर के जदयू में सम्मिलित किए जाने के बाद दोनों सीटें पार्टी को मिली।

प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष मानस भाजपा में शामिल

भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मौके पर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष मानस सिन्हा अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।

उन्हें झारखंड भाजपा के सह चुनाव प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रवीन्द्र राय ने पार्टी में शामिल कराया। इस अवसर पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश भी मौजूद थे।

इस अवसर पर हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि कांग्रेस में समर्पित कार्यकर्ताओं को महत्व नहीं दिया जाता है। कांग्रेस परिवार और चाटुकारों की पार्टी बन गई है। कांग्रेस में टिकट मिलने की तीन शर्त है।

कार्यकर्ता के पास बड़ा घर और पैसा होना चाहिए। उसका किसी बड़े परिवार से संबंध होना चाहिए और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और गाली देने वाला हो।

मानस सिन्हा ने कहा कि पिछले 27 वर्षों से वे कांग्रेस में थे। कांग्रेस पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं की अब पूछ नहीं है। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्मान देती है।

पार्टी की नीति सिद्धांत, कार्य और प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व से प्रभावित होकर वे पार्टी में शामिल हुए हैं। पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसका निर्वहन करेंगे।

यह भी पढ़ें: 2 सीटों पर गहमागहमी तेज, टूट की कगार पर महागठबंधन; कांग्रेस ने किया 'खेल' तो नाराज होकर RJD ने भी ले लिया बड़ा फैसला

झारखंड में टूट सकता है महागठबंधन! RJD ने कई सीटों पर बढ़ाई टेंशन, अचानक दिल्ली पहुंचे कांग्रेस प्रभारी

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।