Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गृहमंत्री अमित शाह साहिबगंज से भरेंगे 'परिवर्तन' की हुंकार, तैयारी को लेकर BJP के सांसद-विधायकों ने की बैठक

झारखंड में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। इसको लेकर भाजपा के तमाम नेता एक्टिव हैं। हाल ही में भाजपा ने चुनाव को लेकर झारखंड में सर्वे भी कराया था जिसमें परिणाम सकारात्मक दिखे थे। अब खबर है कि चुनाव को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह साहिबगंज से अभियान शुरू करेंगे। इसको लेकर भाजपा के सभी नेताओं ने मंगलवार को बैठक की।

By Pradeep singh Edited By: Mukul Kumar Updated: Wed, 11 Sep 2024 08:20 AM (IST)
Hero Image
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह। फाइल फोटो

राज्य ब्यूर, रांची। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह साहिबगंज से प्रदेश भाजपा के चुनावी अभियान परिवर्तन यात्रा प्रारंभ करेंगे। प्रदेश भाजपा ने इसके लिए मंगलवार को अपने सभी सांसदों, विधायकों, ज़िलाध्यक्षों और प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश इस यात्रा के संयोजक बनाए गए हैं। गृहमंत्री अमित शाहयात्रा की शुरुआत कर बांग्लादेशी घुसपैठ से हो रहे जनसंख्या में बदलाव को मुद्दा बनाएंगे।

वे प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर विकास के मॉडल से भी लोगों को अवगत कराएंगे। भाजपा ने तय किया है कि सभी प्रमंडल में इस यात्रा के लिए केंद्रीय नेताओं की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। यात्रा के प्रारूप और इसमें केंद्रीय नेताओं को आमंत्रित करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी दिल्ली गए हैं।

प्रत्याशी तय करने को जिलों में रायशुमारी

चुनाव के लिए प्रत्याशी तय को भारतीय जनता पार्टी बुधवार को ज़िला केंद्र पर रायशुमारी का आयोजन कर रही है। इसमें मंडल के पदाधिकारी और शक्ति केंद्र यानि पंचायत के भाजपा पदाधिकारी भी अपनी राय देंगे।

पहली बार पंचायत स्तर पर भाजपा रायशुमारी में कार्यकर्ताओं को शामिल कर रही है। जिलों में इसके लिए प्रदेश से नेताओं के पर्यवेक्षक बनाकर भेजा जा रहा है।

हालांकि, इसके बाद भी प्रदेश चुनाव समिति और भाजपा का संसदीय बोर्ड प्रत्याशियों के नाम का चयन अलग से कर सकता है।

बाबूलाल मरांडी सहित भाजपा नेताओं को अंतरिम राहत

झारखंड हाई कोर्ट से भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी सहित अन्य भाजपा नेताओं को राहत मिली है।अदालत ने सभी के खिलाफ पीड़क कार्रवाई पर रोक लगा दी है। अदालत ने मामले में राज्य सरकार से जवाब मांगा है।

23 अगस्त को भाजपा युवा मोर्चा की आक्रोश रैली के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी में नामजद बनाए गए 18 नेताओं ने अदालत में याचिका दाखिल की थी।

पुलिस ने रैली के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर बैरिकेड तोड़ने का आरोप लगाया था। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछार और रबर की गोलियां चलाईं थी।

अदालत ने जिनको राहत प्रदान की है, उनमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, सांसद ढुल्लू महतो, विधायक कुशवाहा शशि भूषण, प्रतुल शाहदेव, शशांक राज, सत्येंद्र नाथ तिवारी, मंगल मूर्ति तिवारी ,अर्पना सेनगुप्ता, अमित कुमार, अमरदीप यादव, नीरा यादव, आरती कुजूर, वरुण कुमार, इंदु शेखर मिश्रा, प्रदीप कुमार वर्मा, आदित्य प्रसाद साहू शामिल हैं।

यह भी पढ़ें-

झारखंड में चुनावी माहौल बनाएंगे पीएम, जमशेदपुर में करेंगे रोड शो और जनसभा; टारगेट पर 14 सीटें

'देश पर कब्जा करना चाहती है भाजपा', चुनावी मोड में हेमंत सोरेन; हिमंत और शिवराज पर किए तीखे अटैक

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर