Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand Election: सुरक्षित सीटों की तलाश में भाजपा के सीटिंग विधायक, चुनावी दौड़ में दबाव का सियासी दांव

झारखंड चुनाव में भाजपा के कुछ विधायक अपनी सीटें बदलना चाहते हैं। नवीन जायसवाल रांची विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहते हैं। अमर कुमार बाउरी चंदनक्यारी से कांके शिफ्ट हो सकते हैं। बोकारो से बिरंची नारायण को तीसरी बार टिकट मिलने में दिक्कत आ सकती है। बाघमारा में धनबाद के सांसद ढुलू महतो के एक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को भाजपा प्रत्याशी बना सकती है।

By Pradeep singh Edited By: Yogesh Sahu Updated: Wed, 02 Oct 2024 01:33 PM (IST)
Hero Image
सुरक्षित सीटों की तलाश में भाजपा के सीटिंग विधायक।

प्रदीप सिंह, रांची। इसे दल का दबाव या विधायकों द्वारा अपने लिए सुरक्षित सीटों की तलाश कह सकते हैं कि भाजपा के कुछ सीटिंग विधायक अपनी सीटें बदलना चाहते हैं। बताया जाता है कि अपनी इच्छा से उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को अवगत करा दिया है।

वहां से आगे बढ़ने का संकेत मिलने के बाद ऐसे विधायकों ने चुनाव की तैयारी भी आरंभ कर दी है। राजधानी की हटिया सीट से भाजपा विधायक नवीन कुमार जायसवाल इस दौड़ में आगे हैं। वे रांची विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहते हैं।

फिलहाल यह सीट भाजपा के कब्जे में है और यहां से पूर्व मंत्री सीपी सिंह लगातार चुनाव जीत रहे हैं। इस बार वे टिकट की दौड़ से बाहर हो सकते हैं। ऐसे में नवीन जायसवाल को मौका मिल सकता है। उधर, नवीन जायसवाल की सीट हटिया पर कांग्रेस के एक नेता की नजर है।

पूर्व में इन्होंने हटिया विधानसभा सीट से भाग्य आजमाया था, लेकिन असफलता हाथ लगी थी। भाजपा के प्रमुख नेताओं से लगातार वह संपर्क में हैं। सबकुछ ठीकठाक रहा तो वे कांग्रेस से भाजपा में शामिल होकर विधायकी की रेस में सम्मिलत हो जाएंगे।

सीटें शिफ्ट करने की इच्छा रखने वालों में भाजपा विधायक दल के नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी भी शामिल हैं। इसकी चर्चा काफी दिनों से चल रही है। हाल ही में बाउरी इससे इनकार भी कर चुके हैं। लेकिन उनके चंदनक्यारी से कांके शिफ्ट होने की राजनीतिक चर्चा में काफी दम है। अभी कांके से भाजपा के ही समरी लाल विधायक हैं।

बोकारो में बिरंची नारायण की हैट्रिक में रोड़ा

बोकारो से भाजपा के विधायक बिरंची नारायण को तीसरी बार पार्टी का टिकट मिलने की राह में रुकावट आ सकती है। वहां से दिवंगत समरेश सिंह की बहू परिंदा सिंह उन्हें कड़ी टक्कर दे रहीं हैं।

बिरंची भाजपा के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफी करीबी हैं, लेकिन अंदरूनी सर्वे के आधार पर ही पार्टी टिकट का निर्धारण करेगी। इस आशय का संदेश भी दे दिया गया है।

रणनीतिक तौर पर यह सीट इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि यहां से कांग्रेस पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर को चुनाव मैदान में उतार सकती है। पार्टी की रायशुमारी में उनका नाम उभरकर सामने आया है।

ठाकुर के अलावा बेरमो के कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह के भाई कुमार गौरव और श्वेता सिंह भी टिकट की रेस में हैं। कुमार गौरव राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष हैं।

बाघमारा में ढुलू के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रेस में

बाघमारा में धनबाद के सांसद ढुलू महतो के एक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को भाजपा विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बना सकती है। कई दलों से होते हुए फिलहाल वे कांग्रेस में हैं। वे राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

बात बनी तो वे जल्द ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर लेंगे। ढुलू महतो विधानसभा में बाघमारा का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी रहे व्यक्ति के उनके स्थान पर आने से क्षेत्र में नए सिरे से राजनीतिक समीकरण बनेंगे।

यह भी पढ़ें

PM Modi Hazaribagh Visit Live: इस बार अलग तरह की है पीएम मोदी की सुरक्षा व्यवस्था, परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर

क्या टूट जाएगा झारखंड? ओडिशा के सीएम माझी ने झामुमो को थमाया बड़ा मुद्दा, कांग्रेस ने भी केंद्र से पूछ लिया सवाल

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें