Move to Jagran APP

Jharkhand Elections: झारखंड में बगावत पर डैमेज कंट्रोल में जुटी भाजपा, नाराज नेताओं को मनाने की कवायद तेज

झारखंड में बीजेपी ने टिकट वितरण से नाराज नेताओं को मनाने की कवायद शुरू कर दी है। अमरप्रीत सिंह काले को प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है। रवींद्र राय को स्टार प्रचारक बनाया गया है। मधुपुर के पूर्व विधायक राज पलिवार को मनाने की कोशिश जारी है। रांची और हुसैनाबाद सीट पर नामांकन करने वाले नेताओं से भी बातचीत जारी है।

By Dibyanshu Kumar Edited By: Mohit Tripathi Updated: Fri, 25 Oct 2024 08:03 PM (IST)
Hero Image
नाराज नेताओं को मना कर संगठन में लगाएगी भाजपा, चुनाव प्रबंधन में होंगे सक्रिय। (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, रांची। भारतीय जनता पार्टी ने टिकट नहीं मिलने के बाद उभरी नाराजगी को कम करने के लिए काम प्रारंभ कर दिया है। जमशेदपुर पूर्वी सीट पर लंबे समय से नाराज चल रहे अमरप्रीत सिंह काले को पार्टी ने पिछले दिनों प्रदेश प्रवक्ता बनाया है। अब वो स्थानीय प्रत्याशी के प्रचार में सक्रिय हैं।

इसी तरह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय की नाराजगी थामने में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा स्वयं सक्रिय हुए। रवींद्र राय अब स्टार प्रचारक बनाए गए हैं। उन्हें चुनाव प्रबंधन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी दी जा रही है।

बता दें कि रवींद्र राय के प्रदेश अध्यक्ष रहते ही भाजपा ने 2014 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। प्रदेश संगठन ने मधुपुर के पूर्व विधायक राज पलिवार को मनाने की भी कोशिश की थी। लेकिन उनसे अभी बात बन नहीं पाई है।

दो दिनों के प्रवास पर आए केंद्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने एक-एक नाराज नेताओं की जानकारी ली थी और उनसे जुड़े अपडेट अभी भी ले रहे हैं।

पार्टी को उम्मीद है कि कोल्हान और संताल परगना में जिन नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है उनके साथ के कार्यकर्ताओं को भी मना लिया जाएगा।

रांची और हुसैनाबाद सीट पर फंस रहा पेंच

रांची सीट पर पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रहे संदीप वर्मा और मुनचुन राय ने नामांकन कर दिया है। प्रदेश स्तर से इन्हें पहले रोकने की कोशिश की गई, लेकिन इसका नतीजा सामने नहीं आया। अभी नाम वापसी तक पार्टी इनसे संवाद जारी रखना चाह रही है।

इसके अलावा, हुसैनाबाद सीट पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनोद सिंह ने नामांकन किया है। गढ़वा में जिला स्तर के कुछ प्रमुख चेहरे की नाराजगी दूर करने के लिए स्थानीय भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्र नाथ तिवारी प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश नेतृत्व ने ऐसे नाराज लोगों को पलामू प्रमंडल के चुनाव प्रबंधन में लगने को कहा है।

पूर्व सीएम मधु कोड़ा नहीं लड़ पाएंगे चुनाव, याचिका खारिज

सुप्रीम कोर्ट से झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को राहत नहीं मिली है। कोयला घोटाले में मिली सजा पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाने से इन्कार कर दिया है।

जस्टिस संजीव खन्ना, जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस आर महादेव की पीठ ने कोड़ा की याचिका पर सुनवाई के बाद दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप करने से मना कर दिया।

मधु कोड़ा ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस आदेश के खिलाफ सुप्रीम ने एसएलपी दाखिल की थी, जिसमें निचली कोर्ट की सजा पर रोक लगाने से इन्कार किया था।

बता दें कि दिल्ली हाई कोर्ट की एकल पीठ ने मधु कोड़ा की याचिका खारिज करते हुए कहा था कि मधु कोड़ा केवल चुनाव लड़ने के लिए निचली कोर्ट के फैसले पर रोक लगाना चाहते हैं, जो उचित नहीं है।

कोर्ट ने कहा था कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि वह मामले में दोषी हैं, इसलिए सजा पर रोक लगाने का कोई ठोस आधार नहीं है।

निचली कोर्ट ने मधु कोड़ा को कोयला घोटाले में दोषी ठहराया था। इसमें उनके साथ पूर्व कोयला सचिव और राज्य के पूर्व मुख्य सचिव एके बसु भी शामिल थे। सभी आरोपितों को तीन साल की सजा सुनाई गई थी।

यह भी पढ़ें: Hemant Soren: हेमंत सोरेन के खिलाफ कौन होगा भाजपा प्रत्याशी? तुरुप के इक्के जैसा कैंडिडेट ढूंढने में जुटी बीजेपी

Jharkhand Elections 2024: हेमंत सोरेन ने लुईस मरांडी को जामा सीट से दिया टिकट, संताल परगना में बढ़ेगी भाजपा की मुश्किल

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।