Move to Jagran APP

Jharkhand Elections 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव में इन कद्दावर नेताओं के संबंधियों की धमक, देखें पूरी लिस्ट

Jharkhand assembly elections 2024 झारखंड विधानसभा चुनाव में इस बार पूर्व मुख्यमंत्रियों के सगे-संबंधी मैदान में हैं। अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा रघुवर दास की बहू पूर्णिमा दास साहू मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन समेत कई दिग्गजों के परिवार के सदस्य चुनाव लड़ रहे हैं।

By Neeraj Ambastha Edited By: Mohit Tripathi Updated: Sun, 20 Oct 2024 03:36 PM (IST)
Hero Image
विधानसभा चुनाव : झारखंड विधानसभा चुनाव में सगे-संबंधियों की बहार।

नीरज अम्बष्ठ, रांची। झारखंड में इस बार का विधानसभा चुनाव इस लिहाज से अलग होगा कि इस बार सिर्फ बाबूलाल मरांडी को छोड़कर सभी पूर्व मुख्यमंत्री यहां तक कि वर्तमान मुख्यमंत्री के सगे-संबंधी चुनाव लड़ेंगे।

बाबूलाल मरांडी राज्य के पहले मुख्यमंत्री थे। उनके बाद मुख्यमंत्री बने अर्जुन मुंडा, शिबू सोरेन, मधु कोड़ा, हेमंत सोरन, रघुवर दास, चम्पाई सोरेन के सगे-संबंधी इस बार चुनाव लड़ेंगे। इस चुनाव में किसी के बेटे तो किसी की पत्नी या पुत्रबधू चुनाव लड़ेंगे।

अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा की धमक

भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा को पोटका से उम्मीदवार बनाया है। इसी तरह, पूर्व मुख्यमंत्री तथा ओडिशा के वर्तमान राज्यपाल रघुवर दास अपनी बहू पूर्णिमा दास साहू को जमशेदपुर पूर्वी से टिकट दिलाने में सफल रहे।

यह रघुवर दास की परंपरागत और पिछले विधानसभा चुनाव में सर्वाधिक चर्चित सीट रही है। भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा को भी जगन्नाथपुर से टिकट दिया है।

सोरेन परिवार के ये सदस्य मैदान में

झारखंड मुक्ति मोर्चा की बात करें तो पार्टी सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के बेटे हेमंत सोरेन और बसंत सोरेन तथा बहू सीता सोरेन पहले से ही चुनाव लड़ते रहे हैं। हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने इसी वर्ष गांडेय से उपचुनाव भी जीता।

इस बार भी सीता सोरेन को छोड़कर बाकी सभी का क्रमश: बरहेट, दुमका तथा गांडेय से चुनाव लड़ना तय है। सीता सोरेन को इस बार भाजपा ने जामताड़ा से टिकट दिया है।

चंपई सोरेन को भी मिला इनाम

एक और पूर्व मुख्यमंत्री झामुमो से बागी होकर भाजपा में सम्मिलित हुए चंपई सोरेन अपने बेटे बाबूलाल सोरेन को घाटशिला से टिकट दिलाने में सफल रहे। चम्पई स्वयं भी सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

ये दिग्गज सगे संबंधियों को टिकट दिलाने में रह गए पीछे

अपने सगे संबंधियों को टिकट दिलाने में अभी तक खीरू महतो, रामचंद्र चंद्रवंशी जैसे नेता ही अभी तक पीछे रह गए हैं।

खीरू महतो अपने बेटे दुष्यंत पटेल को मांडू से टिकट दिलाना चाहते थे, लेकिन यह सीट एनडीए गठबंधन के तहत आजसू के खाते में चली गई।

रामचंद्र चंद्रवंशी भी इस बार अपने बेटे को चुनाव लड़ाना चाहते थे, लेकिन भाजपा ने उनकी आयु 85 वर्ष होने के बाद भी उन्हें ही टिकट दिया।

इनके भी सगे संबंधी लड़ेंगे चुनाव

उम्मीदवार/ संभावित उम्मीदवार दल सीट जिनके सगे संबंधी
सुनीता चौधरी आजसू रामगढ़ सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी
रश्मि भोक्ता राजद चतरा मंत्री सत्यानंद भोक्ता की पुत्रबधू
तारा देवी भाजपा सिंदरी विधायक इंद्रजीत महतो की पत्नी
जगत मांझी झामुमो मनोहरपुर सांसद जोबा मांझी के बेटे
यशस्वनी सहाय कांग्रेस रांची पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की बेटी
बेबी देवी झामुमो डुमरी पूर्व मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी
अनूप सिंह कांग्रेस बेरमो पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह के बेटे
रागिनी सिंह भाजपा झरिया पूर्व विधायक संजीव सिंह की पत्नी

यह भी पढ़ें: Jharkhand Election: पश्चिमी सिंहभूम में भाजपा ने पहली बार दो महिला प्रत्याशियों पर खेला दांव, क्या है ताजा समीकरण?

Jharkhand Election: रघुवर दास की धमक बरकरार, परंपरागत सीट पर बहू के जरिए बढ़ाएंगे राजनीतिक विरासत; पढ़ें खास बात

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।