Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Champai Soren : चंपई सोरेन के पास है Z+ सुरक्षा, पढ़ें विवाद होने पर पुलिस मुख्यालय ने क्या कहा?

Champai Soren Security झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की सुरक्षा नहीं घटाई गई है। उनके पास अभी भी जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा है। विवाद होने के बाद प्रदेश के पुलिस मुख्यालय की ओर से इस संबंध में स्थिति को स्पष्ट कर दिया गया है। पीएचक्यू ने पूर्व मुख्यमंत्री और उनके बेटे तक की सुरक्षा में तैनात अफसरों और जवानों की संख्या 78 बताई है।

By Dilip Kumar Edited By: Yogesh Sahu Updated: Wed, 25 Sep 2024 08:27 PM (IST)
Hero Image
चंपई सोरेन को भी है जेड प्लस की सुरक्षा, सिर्फ मुख्यमंत्री कारकेड के हिस्से की चार गाड़ियां हटीं।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की सुरक्षा में कोई कटौती नहीं की गई है। उनके कारकेड से सिर्फ वही घटाया गया है, जो सिर्फ मुख्यमंत्री के लिए आवंटित होता है। पुलिस मुख्यालय ने बुधवार को एक अधिकृत बयान जारी कर इसे स्पष्ट किया है।

चंपई सोरेन की सुरक्षा में कटौती संबंधित खबरों और स्वयं पूर्व सीएम सोरेन के एक्स पर पोस्ट के बाद पुलिस मुख्यालय ने स्थिति स्पष्ट की है। चंपई सोरेन ने एक्स पर पोस्ट किया था कि सभी नियमों व प्रोटोकाल को दरकिनार करते हुए राज्य सरकार ने उनकी सुरक्षा में लगे वाहनों को वापस बुला लिया है।

झारखंड में अपने लोगों के बीच उन्हें किसी प्रकार की सुरक्षा की जरूरत नहीं है। एक पूर्व सीएम की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने की इस राजनैतिक साजिश का जवाब राज्य की जनता देगी।

पुलिस मुख्यालय ने क्या कहा?

पुलिस मुख्यालय ने एक अधिकृत बयान जारी कर बताया है कि मुख्यमंत्री रहते हुए उनके पास जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा थी, जो कि अब भी उनके पास है। मुख्यमंत्री रहते वक्त उन्हें एडवांस सिक्यूरिटी लाइजन (एएसएल) मिला था, जिसे हटाया गया है। यह मुख्यमंत्री के लिए होता है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के पूर्व कार्यक्रम स्थल पर उनकी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने एक टीम जाती है, जो एएसएल कहलाती है। इसके अलावा सिर्फ मुख्यमंत्री कारकेड के हिस्से की चार गाड़ियां वापस ली गई हैं। इनमें तीन फार्च्यूनर व एक स्कार्पियो शामिल हैं।

ये चारों गाड़ियां मुख्यमंत्री कारकेड का हिस्सा हैं। चंपई सोरेन जब मुख्यमंत्री थे, तब ये गाड़ियां उनके साथ थीं। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद भी उक्त चारों गाड़ियां उनके साथ ही थीं, जो किसी भी परिस्थिति में कारकेड से अन्यत्र और कहीं प्रतिनियुक्त नहीं होनी चाहिए। इन्हीं चारों गाड़ियों को वापस लिया गया है।

वर्तमान में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की सुरक्षा में यह है तैनाती

विशेष शाखा से छह अंगरक्षक, सरायकेला-खरसांवा जिला बल से पांच अंगरक्षक, पूर्व मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा में सरायकेला-खरसांवा से 17 जवान, जैप-वन डोरंडा से नौ पायलट व स्कार्ट, पूर्व मुख्यमंत्री आवास सुरक्षा जिलिंगगोड़ा में सरायकेला-खरसांवा से 14 जवान, रांची स्थित पूर्व मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा में रांची जिला से 12 जवान तैनात हैं।

इस प्रकार कुल 63 पुलिस पदाधिकारी-जवान उनकी सुरक्षा में तैनात हैं। ये अधिकारी-जवान एके-47, इंसास राइफल, पिस्टल, एलएमजी, मेटल डिटेक्टर, वायरलेस सेट व अन्य सुरक्षा उपकरणों से लैस हैं।

इसके अतिरिक्त चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन के पास दो अंगरक्षक व उनके सलाहकार धर्मेंद्र गोस्वामी उर्फ चंचल गोस्वामी के पास तीन अंगरक्षक एवं एक अधिकारी तथा चार जवान आवास गार्ड में तैनात हैं। इस प्रकार कुल मिलाकर सुरक्षा बल में कुल मिलाकर 78 जवान-अधिकारी तैनात हैं।

चंपई सोरेन के पास हैं पांच गाड़ियां

एक बुलेट प्रूफ सफारी, दो जिप्सी, एक जैमर स्कार्पियो व एक इनोवा कार है। पुलिस मुख्यालय ने दावा किया है कि पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन एएसएल रहित जेड प्लस सुरक्षा श्रेणी से आच्छादित हैं। उनके पास पर्याप्त सुरक्षा बल व वाहन उपलब्ध हैं।

यह भी पढ़ें

Champai Soren Security: चंपई सोरेन की सुरक्षा में तैनात वाहन हटाए, पूर्व सीएम ने दे डाली चेतावनी

चंपई के गृहक्षेत्र में बड़े 'खेल' की तैयारी, हेमंत सोरेन ने तैयार किया प्लान; इन्हें मिली अहम जिम्मेदारी