Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ranchi: 15 नवंबर तक सुधार लें 108 एंबुलेंस सेवा नहीं तो..., स्वास्थ्य विभाग से नाराज CM हेमंत का सख्त निर्देश

Jharkhand News मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को हर हाल में 108 एंबुलेंस सेवा में 15 नवंबर तक सुधार करने को कहा है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवंबर तक सभी एंबुलेंस पूरी तरह क्रियाशील होनी चाहिए। यदि एंबुलेंस सेवाओं में लापरवाही पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

By Jagran NewsEdited By: Mohit TripathiUpdated: Tue, 17 Oct 2023 08:54 PM (IST)
Hero Image
108 एंबुलेंस सेवा में मिल रही शिकायतों पर सीएम नाराज, कहा-लापरवाही पर होगी कार्रवाई। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को हर हाल में 108 एंबुलेंस सेवा में 15 नवंबर तक सुधार करने को कहा है।

मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में स्वास्थ्य की समीक्षा के क्रम में उन्होंने नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा में लगातार शिकायतें मिल रही हैं। यह स्थिति ठीक नहीं है।

15 नवंबर तक सुधार लें एंबुलेंस सेवा नहीं तो...

मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि 15 नवंबर तक सभी एंबुलेंस पूरी तरह क्रियाशील होनी चाहिए। यदि एंबुलेंस सेवाओं में लापरवाही पाई गई, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि हर हाल में चिकित्सा व्यवस्था को दुरुस्त करें। इसमें संवेदनहीनता किसी भी स्थिति में क्षमा योग्य नहीं होगा।

इस घटना के बाद लिया संज्ञान

बता दें कि हाल ही में एक दुर्घटना के दौरान स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा बुलाने पर भी 108 एंबुलेंस नहीं पहुंची थी। दुर्घटना में घायल व्यक्ति के समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने पर उसकी मौत हो गई थी।

इन योजनाओं की समीक्षा की

हेमंत ने मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना, आयुष्मान भारत योजना, कर्मचारी राज्य बीमा निगम द्वारा संचालित अस्पतालों की स्थिति की भी समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना तथा आयुष्मान भारत योजना का लाभ राज्य की जनता को वास्तविक और पूर्ण रूप से मिले।

इन स्वास्थ्य योजनाओं के अंतर्गत जो नए प्रविधान किए गए हैं, उनका पूरा उपयोग हो। इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रक्रियाओं में कोई जटिलता न रहे, इसका भी पूरा ख्याल रखें। राज्य की जनता को चिकित्सा अनुदान का पूरा लाभ हर हाल में मिलना चाहिए।

मरीज को नियमों में न उलझाएं

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी मरीज को नियम के चक्करों में न उलझाएं। योजनाओं का लाभ लेने को लेकर कहीं कोई भ्रम की स्थिति न उत्पन्न हो। इसे लेकर प्रक्रियाओं को सरल और सहज बनाएं।

निबंधित श्रमिकों को मिलेगा स्वास्थ्य बीमा का लाभ

बैठक में निबंधित श्रमिक वर्ग के स्वास्थ्य बीमा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पंजीकृत श्रमिकों को 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा लाभ दिए जाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

बोकारो एवं देवघर में खुलेगा ईएसआई का नया अस्पताल

बैठक में मुख्यमंत्री के समकक्ष अधिकारियों द्वारा कर्मचारी राज्य बीमा निगम के द्वारा संचालित नामकुम (रांची), आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां) एवं मैथन (धनबाद) स्थित अस्पतालों के अद्यतन कार्य प्रगति की रखी गई। आनेवाले समय में बोकारो एवं देवघर में कर्मचारी राज्य बीमा निगम के नए अस्पताल की स्थापना को लेकर भी चर्चा की गई।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री की प्रधान सचिव वंदना दादेल, वित्त विभाग के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, श्रम विभाग के सचिव राजेश शर्मा, श्रमायुक्त संजीव बेसरा, अभियान निदेशक आलोक त्रिवेदी आदि उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें: क्‍या कुछ कम होंगी छवि रंजन की मुश्‍किलें या फिर सलाखों के पीछे गुजरेंगे दिन? निलंबित IAS की जमानत पर आज सुनवाई

लालू की 'जीभ' पर चढ़ा कुदरुम की चटनी का ऐसा जादू, झारखंड से मंगवाए इसके बीज, जेल के दौरान चखा था स्‍वाद

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर