रांची में अपराधियों ने पूर्व पार्षद को मारी गोली, हालत गंभीर; सड़क पर उतरे सैंकड़ों समर्थक; जमकर काटा बवाल
रांची में एक पूर्व पार्षद को सरेआम गोली मार दी गई। घायल पूर्व पार्षद को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पार्षद के समर्थकों ने सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा किया। घटना की जानकारी मिलने पर केंद्रीय मंत्री संजय सेठ और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी भी अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल जाना और मामले की जानकारी ली।
जागरण संवाददाता, रांची/तुपुदाना। रांची के धुर्वा बस स्टैंड के पास अपराधियों ने रविवार शाम साढ़े छह बजे पूर्व पार्षद वेद प्रकाश को गोली मारकर जख्मी कर दिया। वेद प्रकाश को गर्दन में गोली लगी है। उन्हें पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि जगन्नाथपुर मेला स्थल के ठेका विवाद को लेकर वर्चस्व की लड़ाई में वेद प्रकाश को गोली मारी गई है। रविवार को ही रथयात्रा के साथ जगन्नाथपुर में मेला शुरू हुआ है।
पुलिस पर उठ रहे सवाल
धुर्वा थाना से कुछ ही दूरी पर पूर्व पार्षद को गोली मारे जाने की इस घटना से लोग सकते में हैं। शहर में रथ मेला को देखते हुए रांची पुलिस हाई अलर्ट पर थी। इसके बाद भी अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया और भाग निकले।
हर इलाके में पुलिस की चेकिंग थी इसके बाद भी अपराधी हथियार लेकर धुर्वा पहुंच गए और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। इसे लेकर पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं।
अपराधियों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम
रविवार शाम वेद प्रकाश हर दिन की तरह बस स्टैंड के समीप एक चाय दुकान में चाय पीने पहुंचे थे। उसी वक्त एक बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे। बाइक रोकने के बाद एक अपराधी उतरा और पैदल चलकर वेद प्रकाश के पास पहुंचा।
अपराधी ने वेद प्रकाश से कोई बातचीत नहीं की और सीधे सामने से गोली मारकर वापस बाइक में बैठकर भाग निकला।
अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले अपराधी
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी ली। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि अंधेरा होने की वजह से अपराधियों को देखा नहीं जा सका। अंधेरा का फायदा उठाकर तीनों अपराधी भाग निकले।
धुर्वा में गोलीबारी की घटना के बाद एसएसपी और सिटी एसपी मौके पर पहुंचे और हटिया डीएसपी को आदेश दिया कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करें।
अस्पताल पहुंचे संजय सेठ व बाबूलाल मरांडी
घटना की सूचना मिलने पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी अस्पताल पहुंचे और घायल पूर्व पार्षद के बारे में जानकारी ली। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने पुलिस को आदेश दिया कि अपराधी को जल्द से जल्द पकड़े।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
वेद प्रकाश को गोली लगने के बाद सैकड़ों लोग सड़क पर उतर गए और सड़क जाम कर दिया। लोगों का आरोप था कि धुर्वा थानेदार की मिलीभगत से वेद प्रकाश पर गोली चली है।
वेद प्रकाश ने थानेदार को बताया था कि उसको किस-किस व्यक्ति से डर है। इसके बाद भी थानेदार ने कुछ नहीं किया। लोगों ने थानेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उसे हटाने की मांग की।
वहीं, वेद प्रकाश को गोली लगने की सूचना पाकर सैकड़ों लोग पारस अस्पताल पहुंच गए और वहां भी हंगामा करने लगे। पुलिस ने लोगों का समझा बुझाकर शांत किया और उन्हें आश्वासन दिया कि अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द होगी।
एसआइटी का हुआ गठन
एसएसपी चंदन सिन्हा ने इस कांड का खुलासा करने के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया है। एसएसपी ने बताया कि हर हाल में अपराधी की गिरफ्तारी होगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें: Ranchi News: हरिओम टावर से कूदकर युवक ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में बड़ी बहन से मां-बाप का ध्यान रखने को कहा