Move to Jagran APP

Jharkhand News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लांच करेंगी हेमंत सोरेन सरकार की चार नई योजनाएं और तीन नीतियां

Jharkhand Politics मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित मुख्य समारोह को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। अधिकारियों को दिए अहम निर्देश। तमाम तैयारियों और मिनट-मिनट कार्यक्रम की जानकारी ली। 15 नवंबर को स्थापना दिवस मनाया जाएगा।

By Jagran NewsEdited By: M EkhlaqueUpdated: Sat, 05 Nov 2022 09:39 PM (IST)
Hero Image
Jharkhand Latest News: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Foundation Day 15 November 2022 मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन के सिलसिले में हो रही तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने वरीय अधिकारियों के साथ इस उच्चस्तरीय बैठक में समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की जानकारी ली और अहम निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां ससमय पूरी जानी चाहिए।

उद्घाटन-शिलान्यास किए जाने वाले योजनाओं की ली जानकारी

मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में नई योजनाओं और नीतियों की लांचिंग तथा उद्घाटन और शिलान्यास किए जाने वाले योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने इस मौके पर लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों के वितरण के बारे में भी अधिकारियों से जाना।

आयोजन स्थल पर सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहे : हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाले मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मौजूद होंगी। ऐसे में यहां सारी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों और कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सहूलियत का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

इन नई योजनाओं और पॉलिसी की मिलेगी सौगात

मुख्यमंत्री इस समारोह में सीएम सारथी योजना, गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना और एकलव्य स्किल स्कीम योजना का शुभारंभ करेंगे। वहीं, इंडस्ट्रियल पार्क एंड लाजिस्टिक पालिसी-2022, इलेक्ट्रिक व्हीकल पालिसी-2022 और झारखंड एथेनाल प्रोडक्शन प्रमोशन पालिसी-2022 को लांच किया जाएगा।

बैठक में झारखंड के यह अधिकारी थे मौजूद

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, कार्मिक विभाग की प्रधान सचिव वंदना डाडेल, सचिव अमिताभ कौशल, सचिव मनोज कुमार, एसयूडीए के निदेशक अमित कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के निदेशक राजीव लोचन बक्सी और रांची के उपायुक्त राहुल सिन्हा मौजूद थे।

झारखंड स्थापना दिवस की खास बातें

  • मुख्य समारोह तीन घंटे का होगा। यह कार्यक्रम अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
  • लगभग पांच हज़ार करोड़ रुपए से ज्यादा की योजनाओं का होगा उद्घाटन
  • शिलान्यास समारोह में चार नई योजनाओं और तीन नई पॉलिसी की भी होगी लांचिंग।
  • लाभुकों के बीच 2000 करोड़ रुपए से ज्यादा की परिसंपत्तियों का होगा वितरण।
  • समारोह में 1000 से ज्यादा नव चयनितों को दिया जाएगा नियुक्ति पत्र।
  • समारोह में झारखंड की कला संस्कृति, गीत संगीत और नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
  • मुख्यमंत्री इस मौके पर मुख्यमंत्री राहत योजना के पोर्टल की भी करेंगे लांचिंग।
आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।