Move to Jagran APP

DSPMU Ranchi: श्यामोत्सव में पड़ा भंग, आखिरी दिन नशे में धुत लड़कों को बाहर निकालने में मारपीट, 4 गंभीर

Ranchi DSPMU डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय रांची में एक ओर जहां यूथ फेस्ट स्पंदन 2022 श्यामोत्सव में उत्सवी माहौल बना था तो दूसरी ओर कुछ असामाजिक तत्वों ने मारपीट शुरु कर दी। मारपीट में करीब एक दर्जन लड़के घायल हो गए जबकि चार की हालत गंभीर है।

By Jagran NewsEdited By: Sanjay KumarUpdated: Fri, 25 Nov 2022 11:56 AM (IST)
Hero Image
Ranchi DSPMU: डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय रांची में यूथ फेस्ट स्पंदन 2022 श्यामोत्सव के दौरान मारपीट।
रांची, जासं। Ranchi DSPMU डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय रांची में एक ओर जहां यूथ फेस्ट स्पंदन 2022 श्यामोत्सव में कल यानी गुरुवार की सुबह 11 बजे से उत्सवी माहौल बना था तो दूसरी ओर 2:15 बजे कुछ असामाजिक तत्वों ने मारपीट शुरु कर दी। जिससे सांस्कृतिक कार्यक्रम को रोकना पड़ा। बता दें कि विश्वविद्यालय परिसर स्थित ओपन थियेटर अखड़ा के पास आखिरी दिन भीड़ की वजह से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। करीब 5 हजार छात्र छात्राओं की भीड़ के बीच अचानक सीट को लेकर मारपीट होने लगी।

इसी बीच वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों व स्टूडेंट वोलेंटियर ने बीच बचाव किया और सभी बाहरी लड़कों को बाहर निकाला। लेकिन कैंटिन तक आते आते करीब 2:15 बजे मामला बिगड़ गया। इस मारपीट में करीब एक दर्जन लड़कों के घायल होने की सूचना मिली। जबकि आधिकारिक तौर पर बताया गया कि 4 लड़कों का सिर फटा है और उसे इलाज के लिए रिम्स भेजा गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।

नशे में थे बाहर लड़के

मिली जानकारी के अनुसार, सभी बाहरी लड़के नशे में थे। ओपन थियेटर के क्षेत्र से बाहर निकालने के क्रम में तूतू मैंमैं होने लगी और बाद में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। अचानक मारपीट होने लगी। इस मारपीट में करीब 40-50 लड़के शामिल थे। इनमें से करीब एक दर्जन लड़कों को चोट लगी। जिसमें 4 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। बताया गया कि कार्यक्रम शुरु होने से पूर्व ही कैंटिन के पास गेट को और मेन गेट को लाक कर दिया गया था। लेकिन इसके बाद भी कैसे और किसके इशारे पर ये बाहरी लड़के कार्यक्रम स्थल तक पहुंच गए। इसकी जांच विश्वविद्यालय प्रशासन के द्वारा की जा रही है। हालांकि डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में गुरुवार को यूथ फेस्ट स्पंदन 2022 के अंतिम दिन रंगारंग व संगीतमय कार्यक्रम चल रहा था।

ग्रुप फाइट में दो की हुई पहचान

श्यामोत्सव में रंगारंग एवं संगीतमय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। जब सभी लोग संगीत कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे तो वहीं दो छात्रों के समूह में मारपीट शुरू हो गई। इस ग्रुप फाइट में करीब 40 से 45 छात्र-छात्राएं शामिल थे। जिसमें से 10 से 12 छात्र बुरी तरह जख्मी हो गए। कई के सिर पर चोटें आई हैं और मारपीट के दौरान पार्क की गई बाइकों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

घायल छात्रों में दो की पहचान निखिल सिंह और प्रशांत के रूप में हुई है और अन्य की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घायल छात्रों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की गई। यह घटना छात्रों के बीच वाद विवाद के कारण हुई। बाहरी लोगों के आने पर विवाद बढ़ गया तो उत्सव के बीच में ही मारपीट शुरु हो गई। मारपीट के कारण यूथ फेस्ट के संगीत कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया।

होगी सख्त कार्रवाई

डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय रांची के कुलपति डा तपन कुमार शांडिल्य ने कहा कि सुबह 11 बजे से ही श्यामोत्सव का शांतिपूर्ण माहौल में छात्र छात्राएं लुत्फ उठा रहे थे। अचानक कुछ बाहरी लड़कों के आ जाने के कारण माहौल बिगड़ गया। सुरक्षा कर्मी व स्टूडेंट वोलेंटियर के द्वारा बाहर निकाले जाने के क्रम में हाथापाई होने की सूचना मिली है। बाहरी लड़कों की पहचान कराई जा रही है। प्राथमिकी के लिए डीएसडब्ल्यू व प्राक्टर को कहा गया है। अनुशासनहीनता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिसकी पहचान होगी उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।