Move to Jagran APP

Gogo Didi Yojana: 'गोगो दीदी योजना' से 25 लाख महिलाओं तक पहुंचने का लक्ष्य, अब आगे क्या है भाजपा की रणनीति?

भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड की महिलाओं के लिए गोगो दीदी योजना लाने का एलान किया है। इसके तहत महिलाओं को हर महीने सम्मान राशि दी जानी है। हालांकि इससे लेकर विवाद की स्थिति भी बन गई है। झामुमो ने इसका विरोध करते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है। इधर करीब 25 लाख फार्म भरने का भाजपा ने दावा कर दिया है। अब सवाल है कि आगे क्या?

By Pradeep singh Edited By: Yogesh Sahu Updated: Thu, 10 Oct 2024 06:47 PM (IST)
Hero Image
Gogo Didi Yojana : भारतीय जनता पार्टी लाएगी गोगो दीदी योजना।

राज्य ब्यूरो, रांची। Gogo Didi Yojana : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में महिलाओं से गोगो दीदी योजना के तहत फार्म भरवा रही है। इसमें कहा गया है कि विधानसभा चुनाव के बाद अगर भाजपा की सरकार बनती है तो उन्हें प्रतिमाह 2100 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।

प्रदेश भाजपा ने पांच अक्टूबर से इसके लिए बूथ स्तर पर अभियान भी चलाया था। बता दें कि राज्य में करीब 29 हजार बूथ हैं। सभी बूथ पर 100 फार्म भराने का लक्ष्य रखा गया था। गुरुवार को प्रदेश कार्यालय से इसकी समीक्षा भी की गई है।

जिलों से प्राप्त इनपुट के आधार पर पार्टी का मानना है कि करीब 25 लाख फार्म भरे गए हैं। अब विधानसभा प्रभारी इन भरे गए फार्म को प्रदेश कार्यालय में जमा करेंगे। डाटा एंट्री के बाद भाजपा की तरफ से इन महिलाओं के मोबाइल पर एक धन्यवाद संदेश भी दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री के आदेश पर कार्रवाई करेगा जिला प्रशासन?

बता दें कि भाजपा की गोगो दीदी योजना पर कई जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का निर्देश मिलने के बाद कार्रवाई की बात कही थी। लेकिन भाजपा नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को इससे डरे बिना फार्म भरने की प्रक्रिया जारी रखने को कहा था।

भाजपा ने हेमंत सरकार की एक हजार रुपये प्रतिमाह देने वाली मंईयां सम्मान योजना की काट में गोगो दीदी योजना का एलान किया है। इस योजना को लेकर हेमंत सरकार ने कार्रवाई का निर्देश दिया है।

झामुमो ने भी चुनाव आयोग में शिकायत की है। इससे भाजपा के रणनीतिकार मान रहे हैं कि गोगो योजना असर कर गई है। इसे लेकर झामुमो चिंतित है। यही कारण है कि हेमंत सरकार द्वारा विरोध किया जा रहा है।

झामुमो को महिला सम्मान की चिंता नहीं : प्रदीप सिन्हा

इधर, इस संबंध में प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा का कहना है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) महिला सम्मान की चिंता ही नहीं करती। अगर उन्हें महिलाओं को 2500 रुपये प्रति माह देने थे तो पांच साल से किसने रोका था।

अब जब महिलाओं को भाजपा स्वावलंबी बनाने के लिए काम कर रही है तो झामुमो बौखला गया है। नवरात्रि समाप्त होते ही सभी बूथ से आए गोगो दीदी योजना के फार्म को कंप्यूटर में दर्ज किया जाएगा। सरकार बनते ही पहले महीने से महिलाओं को 2100 रुपये मिलने प्रारंभ हो जाएंगे।

यह भी पढ़ें

BJP लाई 'गोगो दीदी योजना', JMM बोली- EC हमारी स्कीम को अनुमति दे; महिलाओं को हर महीने देंगे 2500 रुपये

Gogo Didi Yojana: इधर BJP ने महिलाओं से फॉर्म भरवाकर हेमंत सरकार को दी चुनौती, उधर प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें