Move to Jagran APP

दिल्ली में राहुल-खरगे से मिले हेमंत, हरियाणा से सबक लेकर चुनाव लड़ने का सुझाव; एक-एक सीट पर करेंगे फोकस

हेमंत सोरेन ने दिल्ली में कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मुलाकात का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों का बंटवारा करना है। वहीं सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज कर दिया है। इस पर गहन चिंतन-मंथन के लिए 14 अक्टूबर को पार्टी की विस्तारित केंद्रीय समिति की बैठक बुलाई गई है।

By Pradeep singh Edited By: Rajat Mourya Updated: Wed, 09 Oct 2024 09:52 PM (IST)
Hero Image
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से मिले हेमंत सोरेन।

राज्य ब्यूरो, रांची। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ झामुमोनीत गठबंधन ने सीटों के बंटवारे की कवायद आरंभ कर दी है। इस क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन के साथ बुधवार को नई दिल्ली पहुंचे। उन्होंने वहां कांग्रेस के आला नेताओं संग मुलाकात की। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर मुलाकात के बाद हुई महत्वपूर्ण बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे।

एक घंटे तक चली बैठक में राज्य में कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत भी हुई। कहा गया कि आईएनडीआईए मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेगा। हरियाणा चुनाव से सबक की बात भी बैठक में उठी। कहा गया कि पूरी मजबूती से चुनाव लड़ने की रणनीति बनाई जाए। हेमंत सोरेन ने कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे समेत कुछ सीटों पर तालमेल के तहत बदलाव के भी संकेत दिए।

कांग्रेस ने की है 33 सीटों की मांग

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने 33 सीटों की मांग की है। हेमंत सोरेन ने स्पष्ट कहा है कि कौन किस सीट पर लड़ेगा, यह महत्वपूर्ण नहीं है। गठबंधन को अधिकाधिक सीटें जीतने पर फोकस करना है। एक-एक सीट पर विस्तृत बात करना आवश्यक है। ऐसा होने पर ही सही तरीके से सीट वितरण हो पाएगा। कांग्रेस के नेताओं ने भी इसपर सहमति प्रकट की।

इस संदर्भ में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ गहन चर्चा करने को कहा गया है। गठबंधन के तहत लालू प्रसाद की राजद और भाकपा (माले) के लिए भी सीटें छोड़नी होगी। भाकपा (माले) में हाल ही में मासस का विलय हुआ है। बैठक में भाजपा की चुनावी रणनीति पर भी चर्चा की गई।

14 अक्टूबर को होगी झामुमो की विस्तारित समिति की बैठक

सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तैयारी तेज करेगा। इसपर गहन चिंतन-मंथन के लिए सोमवार, 14 अक्टूबर को पार्टी की विस्तारित केंद्रीय समिति की बैठक बुलाई गई है। इस दौरान झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन केंद्रीय समिति के सदस्यों संग चुनाव को लेकर मंत्रणा करेंगे। बैठक हरमू स्थित सोहराई भवन में सुबह 11 बजे से आरंभ होगी।

झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि बैठक में चुनाव पर चर्चा के अलावा सांगठनिक विषयों पर बातचीत होगी। इस दौरान केंद्रीय समिति पार्टी के सदस्यता अभियान की समीक्षा करेगी। विस्तारित बैठक में केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों के अलावा पार्टी के जिलाध्यक्ष व सचिव भी सम्मिलित होंगे।

ये भी पढ़ें- BJP लाई 'गोगो दीदी योजना', JMM बोली- EC हमारी स्कीम को अनुमति दे; महिलाओं को हर महीने देंगे 2500 रुपये

ये भी पढ़ें- Jharkhand News: झारखंड में महिलाओं की हो गई बल्ले-बल्ले, हेमंत सोरेन की सरकार ने अकाउंट में भेजे पैसे

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें