Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

निशिकांत दुबे ने गब्‍बर की तरह पूछा... अब तेरा क्या होगा रे कालिया? साहिबगंज से आ रही अच्छी खबर

Jharkhand News झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन के मुखर विरोधी भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने फिर से एक खलबली मचाने वाला ट्वीट किया है। इस बार उन्‍होंने अपने ट्वीट में शोले फिल्‍म के मशहूर डायलॉग अब तेरा क्या होगा रे कालिया? को शामिल किया है।

By Alok ShahiEdited By: Updated: Fri, 03 Jun 2022 08:52 PM (IST)
Hero Image
Jharkhand News: हेमंत सोरेन के मुखर विरोधी भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लिखा- अब तेरा क्‍या होगा रे कालिया?

रांची, जेएनएन। Jharkhand News: झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन के मुखर विरोधी भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने फिर से एक खलबली मचाने वाला ट्वीट किया है। इस बार उन्‍होंने अपने ट्वीट में बॉलीवुड की ब्‍लॉक बस्‍टर, ऑल टाइम फेवरेट शोले फिल्‍म के मशहूर डायलॉग अब तेरा क्या होगा रे कालिया? को शामिल किया है। निशिकांत दुबे ने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा- अब तेरा क्या होगा रे कालिया? हुजूर मैंने आपका नमक खाया है? अब गोली खा... इसके बाद भाजपा सांसद ने एक और चौंकाने वाला ट्वीट किया, लिखा- मुख्यमंत्री के दरबारियों में हड़कंप, सारे मैनेजर फरार, दलालों ने विदेश का रुख किया। भाजपा सांसद ने लिखा है कि झारखंड में साहब के वकील व मैनेज करने वाले आए थे हरिभजन को औटन लगे कपास, झारखंड हाईकोर्ट के आदेश से तो अब खाना भी गोरगट्टा लगता है। जय जोहार। वैसे भी झारखंड माल मुद्रा पार्टी के पहले विधायक साइमन मरांडी जी तो टेंशन में भुलाइए गए। इसके बाद अभी-अभी निशिकांत दुबे ने लिखा- साहिबगंज जि‍ले से अच्छी खबर आ रही है...।

— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) June 3, 2022

बहरहाल, भाजपा सांसद के इस ट्वीट के कई मायने निकाले जा रहे हैं। संभव है कि देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री के साथ उनकी लंबे समय से चली आ रही खींचतान के नजरिये से यह ट्वीट किया गया हो। क्‍योंकि, झारखंड हाई कोर्ट ने देवघर डीसी को रात 8 बजे तक हर हाल में सशरीर अदालत में हाजिर होने का आदेश दिया है। ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का फरमान भी कोर्ट ने सुनाया है।

निशिकांत दूबे के कालिया वाले फेमस डायलॉग को ट्वीट का आधार बनाने पर सियासी हलकों में चर्चा यह भी है कि भाजपा सांसद ने इसके जरिये फिर से हेमंत सोरेन पर निशाना साधा है। क्‍योंकि आज ही हेमंत सोरेन को हाई कोर्ट से दो-दो मामलों में बड़ा झटका लगा है। हेमंत सोरेन द्वारा अपने नाम पर खदान लीज लेने के मामले में सीबीआइ जांच की मांग वाली याचिका अदालत ने वैध मानते हुए स्‍वीकार कर ली है। वहीं शेल कंपनी के मामले में भी अदालत ने सीबीआइ जांच की मांग वाली याचिका को सुनवाई योग्‍य ठहराते हुए 10 जून से इसकी नियमित सुनवाई का आदेश दिया है।

इधर भाजपा विधायक दल के नेता और झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री बाबूलाल मरांडी भी हेमंत सोरेन और देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री पर एक साथ हमलावर रहे। बाबूलाल ने लिखा- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी, उद्दंड-लठैत की तरह कानून को ठेंगे पर रख काम कर रहे कुछ अधिकारियों को इतना तो समझाइये कि वो और किसी की नहीं तो कम से कम माननीय उच्‍च न्यायालय का तो सम्मान करना सीखें। गुजरे 15 दिनों में रांची के बाद ये दूसरे डीसी हैं जिनके रवैये पर कोर्ट ने सख्ती दिखाई है। देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री और मोहनपुर के सीओ को झारखंड उच्च न्यायालय ने आदेश की अवहेलना के मामले में आज ही रात 8 बजे तक उ. न्यायालय में हाज़िर होने को कहा है। उच्‍च न्यायालय ने मुख्य सचिव को आदेश का अनुपालन कराने वर्ना उन दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने की चेतावनी दी है।

बाबूलाल मरांडी ने एक पर एक कई ट्वीट कर सरकार को घेरा। उन्‍होंने ट्विटर पर लिखा- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी, आप शायद भूल गये होंगे कि हमेशा विवादों में रहे इसी उपायुक्त ने अड़ंगा लगाकर एम्स देवघर का फि‍जि‍कल उद्घाटन कैंसिल करवा दिया था। सांसद निधि से देवघर एयरपोर्ट का एप्रोच रोड इन्होंने नहीं बनने दिया। जिसकी वजह से देवघर एयरपोर्ट आजतक चालू नहीं हो सका। इनके गलत कार्यों के दंड स्वरूप चुनाव आयोग ने इन्हें तुरंत उपायुक्त जैसे महत्वपूर्ण पद से हटाने एवं भविष्य में इन्हें चुनाव कार्य में नहीं लगाने की बात कही। लेकिन अधिकारी कम और आपकी पार्टी कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे इस अफसर पर आपकी विशेष कृपा बनी हुई है। नतीजा सामने है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें