Move to Jagran APP

Hemant Soren: 'हम किसी को पटखनी नहीं देते, सीधे पटक देते हैं', मंइयां सम्मान राशि बढ़ाकर गरजे हेमंत सोरेन

झामुमो ने सत्ता में वापसी के लिए कमर कस ली है। पार्टी की विस्तारित केंद्रीय समिति की बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सभी चुनाव के लिए तैयार हो जाएं। भाजपा के भ्रम का जवाब देना है। मंइयां सम्मान योजना की राशि बढ़ाने के निर्णय का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि हम किसी को पटखनी नहीं देते हम सीधे पटक देते हैं।

By Pradeep singh Edited By: Mohit Tripathi Updated: Mon, 14 Oct 2024 10:56 PM (IST)
Hero Image
सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे के लिए शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन को झामुमो ने किया अधिकृत।

राज्य ब्यूरो, रांची। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने फिर से सत्ता में वापसी के लिए सोमवार को ठोस रणनीति बनाई। पार्टी की विस्तारित केंद्रीय समिति की बैठक में लगभग आठ घंटे नेताओं ने मंथन किया। इस दौरान बैठक में भाग ले रहे नेताओं से सुझाव लिए गए। दिनभर के व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर मुख्यमंत्री सह झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने बैठक में उपस्थित दर्ज कराकर मौजूद नेताओं में उत्साह भरा।

उन्होंने कहा कि सभी चुनाव के लिए तैयार हो जाएं। भाजपा के भ्रम का जवाब देना है। बैठक के बाद उन्होंने मंइयां सम्मान योजना की राशि बढ़ाने के निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि हम किसी को पटखनी नहीं देते, हम सीधे पटक देते हैं। चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में केंद्रीय समिति की विस्तारित बैठक हुई है। इसमें सभी जिलों के जिलाध्यक्ष एवं सचिवों के साथ बातचीत में सुझाव लिए गए हैं।

साथी दलों के साथ सीटों के बंटवारे संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार राज्य में चल रही है। सभी मिलकर 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

केंद्रीय समिति की विस्तारित बैठक में झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन और कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर अधिकृत किया गया।

बैठक में आसन्न विधानसभा चुनाव पर चर्चा, सांगठनिक स्थिति पर विचार-विमर्श, सदस्यता अभियान की समीक्षा और वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति पर चर्चा हुई।

वरीय नेता और राज्य सरकार मंत्री-विधायक रहे मौजूद

बैठक मे मुख्य रूप से पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय उपाध्यक्ष नलिन सोरेन, स्टीफन मरांडी, मथुरा प्रसाद महतो, केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय, मंत्री दीपक बिरुआ, मिथिलेश ठाकुर, केंद्रीय सचिव नंदकिशोर मेहता, संतोष रजवार, संजीव बेदिया, राज्यसभा सदस्य सरफराज अहमद, सांसद विजय हांसदा, महुआ माजी, विधायक मंगल कालिंदी, मंत्री बेबी देवी, विधायक जीगा सुसरण होरो, भूषण तिर्की, समीर मोहंती, दशरथ गागराई, दिनेश मरांडी, केंद्रीय सदस्य अमितेश सहाय, नीलम मिश्रा, सुमन महतो, मोनिका बोयपाई, गीता विश्वास, स्नेहलता कंडुलना सहित कार्यकारिणी के सदस्य, केंद्रीय समिति के सदस्य, जिलाध्यक्ष और जिला सचिव शामिल हुए।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें