Move to Jagran APP

वसीम अंसारी मर्डर केस: सामने आया हनी ट्रैप का एंगल, छत्तीसगढ़ में हत्या के बाद लाश के कर दिए थे टुकड़े-टुकड़े

रांची के वसीम अंसारी नाम के युवक की हत्या के मामले में कई खुलासे सामने आए हैं। अब पता चला है कि युवक हत्या में हनी ट्रेप का एंगल सामने आया है। वसीम अंसारी की छत्तीसगढ़ में काटकर हत्या कर उसके शरीर के अंगो को गोपालपुर बांध में बहा दिया गया। उसके शरीर को 20 टुकड़ों में काटा गया और अब तक 17 टुकड़े बरामद किए गए हैं।

By prince kumar Edited By: Shoyeb Ahmed Updated: Sat, 13 Jul 2024 04:58 PM (IST)
Hero Image
वसीम अंसारी मर्डर केस में हनी ट्रैप का एंगल आया सामने

जेएनएन, रांची/कोरबा (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के गोपालपुर बांध में 17 टुकड़ों में मिले रांची के युवक के शव के मामले में पुलिस ने आरोपित राजा खान व उसके साथ लिव इन रिलेशन में रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार किया है।

आरोपित राजा खान ने हनी ट्रैप की साजिश रची और इंस्ट्राग्राम के माध्यम से वसीम को किशोरी ने फंसाया। आरोपित कई माह तक वसीम से रुपये वसूलता रहा।

लेकिन एक साथ अधिक रुपयों की लालच में वसीम की हत्या कर दी। लोअर बाजार इलाके में रहने वाले मोहम्मद वसीम अंसारी (28) करीब तीन साल से सऊदी अरब में एक निजी कंपनी में सुरक्षा अधिकारी के पद पर कार्य कर रहा था।

ऐसे हुई थी किशोरी से मुलाकात

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि वर्ष 2021 में उसकी मुलाकात राऊरकेला से रांची जाते वक्त ट्रेन में सफर के दौरान किशोरी से हुई थी। आरोपित नाबालिग तब 14 वर्ष की थी। इसके बाद से दोनों इंस्ट्राग्राम में आपस में चैटिंग करने लगे। उनके बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया।

दूसरी ओर कोरबा जिले के ग्राम चैतमा बांसटाल निवासी राजा खान 23 के साथ किशोरी लिव इन रिलेशनशिप में पहले से थी। इस बात से वसीम अंजान था। नाबालिग राजा खान को अपना भाई बताती थी। उसी रिश्ते से उसे वसीम जानता था।

किशोरी से मिलने युवक सऊदी से पहुंचा था दिल्ली

किशोरी से मिलने वसीम एक जुलाई को सऊदी अरब से दिल्ली फ्लाइट से पहुंचा। वहां से रांची पहुंचने के बाद ट्रेन से बिलासपुर आया। दो जुलाई को राजा खान व किशोरी उसे लेने रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से राजा खान उसे चैतमा स्थित अपने घर ले गया।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार राजा खान ने वसीम की हत्या की पहले से ही साजिश रच ली थी। नाबालिग वसीम को अपनी बातों में उलझा कर रखी हुई थी तभी राजा बकरा काटने के धारदार कत्ते से वसीम पर वार कर वसीम को मार डाला।

दोनों आरोपितों ने शव को 20 टुकड़ों में काटा और दो बोरी व एक पिट्ठू बैग में भर कर ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने आरोपित राजा खान के पास से नकद राशि, कत्ता, मोबाइल व वसीम के सोने का चेन बरामद किया है। हत्या कर साक्ष्य छिपाने का अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बांगो में फेंके तीन अंग अभी तक नहीं मिले

राजा खान ने दो-तीन जुलाई की रात को स्कूटी से शव को ठिकाने लगाया था। उस वक्त साथ में उसकी प्रेमिका भी थी। मिनी माता बांगो बांध में कटे अंग फेंकने की योजना थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रास्ते में पुलिस की गश्त कर रही टीम से आरोपितों का सामना हो गया और बहाने बाजी कर वहां से बच निकले।

इसके बाद घबराकर कटे हुए शरीर के तीन अंग बांगो बांध में फेंके और शेष वापस ले आए। चैतमा निवास स्थान से करीब दो किलोमीटर दूर गोपालपुर स्थित बांध में दो बोरा व पिट्ठू बैग में पत्थर भर कर फेंक दिया। बांगो बांध में फेंके गए अंग की तलाश की जा रही है।

कॉल डिटेल से खुला राज

वसीम का पासपोर्ट कटे हुए अंग वाले बैग में ही था। पुलिस के लिए यह सबसे अहम सुराग साबित हुआ। वसीम की पहचान स्वजनों ने की। इसके बाद पुलिस ने उसका मोबाइल प्राप्त कर लिया।

साइबर सेल के माध्यम से कॉल रिकॉर्डिंग निकाले, जिसमें सर्वाधिक बातचीत किशोरी व राजा खान के साथ होना पाया गया। इससे पुलिस का संदेह गहराया और पुलिस उनकी तलाश में चैतमा पहुंची, तब तक घर में ताला लगाकर दोनों आरोपित फरार हो चुके थे।

बैंक एकाउंट किया आपरेट, राऊरकेला में पकडे गए

10 जुलाई को बांध में कटे हुए अंग मिले। यह बात सामने आई तो राजाखान मोबाइल स्वीच ऑफ कर फरार हो गया। किशोरी ने वसीम अंसारी को विश्वास में ले लिया था, और ऑनलाइन बैंक एकाउंट का यूपीआइ भी उसके पास था।

वसीम की हत्या की गई, तब उसके एकाउंट में तीन लाख रुपये थे। 90-90 हजार करके दो बार ऑनलाइन राशि निकॉला गया। उसने कोरबा से भागने के लिए एक टैक्सी बुक की थी।

इसके किराए की राशि का भुगतान भी राऊरकेला पहुंचने के बाद वसीम के बैंक एकाउंट से किया गया। यही गलती आरोपित कर गए और बैंक एकाउंट की निगरानी कर रही पुलिस को उनका लोकेशन मिल गया।

कटे हुए अंग को कुछ देर रखा फ्रिज में

जिस धारदार कत्ते से वसीम से हत्या करने के बाद 20 से अधिक टुकड़ों में काटा, उसे ऑनलाइन आर्डर कर राजा खान ने मंगाया था। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद राजा खान ने एक-एक कर पैर व हाथ के दोनों पंजे काटे।

उसके बाद शरीर के सभी जोड़ वाले अंगों को काटा। शव को ठिकाने लगाने के वक्त खून न बहे इसलिए प्लास्टिक में लपेट दिया था। कुछ देर के लिए कटे हुए अंगों को फ्रिज में भी रख दिया था।

जनवरी में होनी थी शादी, आई हत्या की सूचना

कांटाटोली स्थित राजा कॉलोनी निवासी वसीम अंसारी की बड़ी बहन निखत परवीन ने बताया कि किसी इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म से उसके भाई और उक्त लड़की में दोस्ती हुई थी। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि वसीम उस युवती से मिलने सऊदी अरब से इंडिया आया है।

बहन ने बताया कि वसीम घर में सबसे छोटा था। वसीम के रिश्ते की बात चल रही थी। स्वजन अगले साल जनवरी में उसकी शादी कराने जा रहे थे। वसीम ने कहा था कि घर वाले जहां रिश्ता तय करेंगे वहीं वह शादी कर लेगा। इस बीच फोन पर हत्या होने की खबर मिली।

वसीम के धड़ की खोज कर रही पुलिस

वहीं वसीम के भाई ने बताया कि मोर्चरी में वसीम की बाडी रखी हुई है। पुलिस धड़ की खोज कर रही है। धड़ मिलते ही वे वसीम के शव को लेकर वे रांची आएंगे। रांची में वसीम के शव को दफनाया जाएगा।

ये भी पढ़ें-

Jharkhand: कोरबा में 17 टुकड़ों में युवक का मिला शव, बैग और बोरी में मिले शरीर के अंग; जांच में जुटी पुलिस

गर्लफ्रेंड से चैटिंग करवाई, घर आया तो कर दिए शरीर के 20 टुकड़े; वसीम अंसारी हत्याकांड में हुए कई खुलासे

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।