Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

विधायकों के खरीद-फरोख्त मामले में बोले इरफान- मैं पहले भी निर्दोष था, अब भी निर्दोष हूं

विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकार गिराने के मामले में आज जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि अब तक जो जांच हुई उसमें क्या निकला। मैं पहले भी निर्दोष था अब भी निर्दोष हूं। मुझे बदनाम करने की साजिश रची गई थी।

By Vikram GiriEdited By: Updated: Fri, 03 Sep 2021 03:05 PM (IST)
Hero Image
विधायकों के खरीद-फरोख्त मामले में बोले इरफान- मैं पहले भी निर्दोष था, अब भी निर्दोष हूं। जागरण

रांची, डिजिटल डेस्क। झारखंड में सरकार गिराने की साजिश रचने के आरोपों में घिरे कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने शुक्रवार को बड़ा बयान दिया। उन्‍होंने कहा कि मैं पहले भी निर्दोष था अब भी निर्दोष हूं। मुझे बदनाम करने की साजिश रची गई थी। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में शामिल होने के बाद बाहर निकलने के दौरान पत्रकारों की ओर से विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकार गिराने के मामले में पूछे गए सवालों का जवाब देते उन्‍होंने यह बातें कहीं। जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि अब तक जो जांच हुई उसमें क्या निकला। यह सबके सामने है। विधायक पूरे विवाद की शुरुआत से ही खुद को निर्दोष बता रहे हैं। उन्‍होंने कई बार सार्वजनिक तौर पर झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन से करीबी रिश्‍ते होने का दावा किया है।

ज्ञात हो कि गत 22 जुलाई को रांची के होटल लीलैक में छापेमारी कर रांची पुलिस ने सरकार गिराने की साजिश रचने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इसमें अभिषेक दुबे, अमित सिंह तथा निवारण कुमार महतो को पुलिस ने हिरासत में लिया। इससे पूछताछ में पता चला था कि तीन विधायक दिल्‍ली गए थे। इनकी भाजपा के एक नेता के साथ बैठक हुई थी।

कांग्रेस के अंदरूनी राजनीति का उठा मामला

झारखंड में सरकार गिराने की साजिश रचने का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को लेकर सवाल उठे। कहा गया कि पार्टी के नेताओं के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा। लिहाजा कुछ विधायक असंतुष्‍ट हैं।  विधायक इरफान अंसारी कई बार अपनी ही पार्टी के कुछ मंत्रियों के कामकाज को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। इसके अलावा हाल में ही उन्‍होंने एक दूसरे विधायक के साथ दिल्‍ली की यात्रा की। ऐसे में उनका नाम चर्चा में आ गया। हालांकि विधायक की ओर से अपनी दिल्‍ली यात्रा को बेहद निजी करार दिया गया था।