Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

IIT ISM Dhanbad: आइआइटी आइएसएम धनबाद टॉप 100 में, आइआइएम रांची ने झारखंड का मान बढ़ाया; देखें NIRF Ranking 2022

IIT ISM Dhanbad उच्च शिक्षा संस्थानों की ओवरआल रैंकिंग में टाप 100 संस्थानों में सिर्फ आइआइटी धनबाद- आइआइटी धनबाद की रैंकिंग भी गिरी बीआइटी मेसरा की रैंकिंग में भारी गिरावट- केंद्र ने जारी की वर्ष 2022 की एनआइआरएफ रैंकिंग।

By Alok ShahiEdited By: Updated: Sat, 16 Jul 2022 08:30 AM (IST)
Hero Image
IIT ISM Dhanbad: उच्च शिक्षा संस्थानों की ओवरआल रैंकिंग में टाप 100 संस्थानों में सिर्फ आइआइटी धनबाद!

रांची, राज्य ब्यूरो। IIT ISM Dhanbad, NIRF 2022 केंद्र सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष जारी की जानेवाली उच्च शिक्षण संस्थानों की रैंकिंग में इस बार भारतीय प्रबंधन संस्थान (आइआइएम), रांची की रैंकिंग सुधरी है। नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क के तहत वर्ष 2022 की शुक्रवार को जारी रैंकिंग में इस प्रबंधन संस्थान को 15वां स्थान मिला, जबकि पिछले वर्ष यह 21वें स्थान पर था। झारखंड के लिए अच्छी बात यह भी है कि यहां से पहली बार विधि संस्थानों और रिसर्च में झारखंड के संस्थानों ने टाप संस्थानों की सूची में नाम दर्ज कराया है। रांची स्थित नेशनल यूनिवर्सिटी आफ स्टडीज एंड रिसर्च इन ला को विधि संस्थानों में टाप 30 संस्थानों में 22वां स्थान मिला है। वहीं, आइआइटी, धनबाद (इंडियन स्कूल आफ माइंस) को रिसर्च में टाप 50 में 20वां स्थान मिला है।

उच्च शिक्षा संस्थानों की ओवरआल रैंकिंग में टाप 100 संस्थानों में झारखंड से सिर्फ आइआइटी, धनबाद शामिल है, जो इस बार 38वें स्थान पर है। हालांकि यह संस्थान पिछले वर्ष ओवरआल श्रेणी में 26वें स्थान पर था। एनआइआरएफ रैंकिंग में विश्वविद्यालयों की श्रेणी में रांची के बीआइटी मेसरा को 99वां स्थान मिला है। झारखंड से यह एकमात्र विश्वविद्यालय टाप सौ की सूची में शामिल है। इंजीनियरिंग कालेजों में धनबाद के आइआइटी (इंडियन स्कूल आफ माइंस) को देशभर में 14वां स्थान मिला है।

पिछले वर्ष की तुलना में यह तीन पायदान लुढ़का है, क्योंकि पिछली बार यह 11वें स्थान पर था। इंजीनियरिंग कालेजों की श्रेणी में बीआइटी मेसरा को 53वां स्थान मिला है। पिछले वर्ष यह 46वें स्थान पर था। एनआइटी, जमशेदपुर को इस बार इंजीनियरिंग कालेजों में 90वां स्थान मिला है। पिछले वर्ष यह 79वें स्थान पर था। इस तरह, टाप 100 इंजीनियरिंग कालेजों में शामिल झारखंड के तीन संस्थानों की रैंकिंग में गिरावट दर्ज की गई है। बता दें कि ओवरआल रैंकिग में कभी बीआइटी, मेसरा का भी स्थान टाप सौ संस्थानों में होता था। पिछले वर्ष की तरह इस साल भी यह ओवरआल श्रेणी में टाप सौ संस्थानों की सूची से बाहर रहा। अलबत्ता विश्वविद्यालयों की रैंकिंग में यह 99वें स्थान पर रहा। हालांकि इसमें भी गिरावट आई, क्योंकि पिछले वर्ष यह 86वें स्थान पर था।

प्रबंधन में एक्सएलआरआइ जमशेदपुर को आठवां स्थान बरकरार

प्रबंधन संस्थानों की श्रेणी में जमशेदपुर के एक्सएलआरआइ ने अपना आठवां स्थान बरकरार रखा है। वहीं, आइआइएम, रांची को 15वां स्थान मिला। आइआइटी, धनबाद को 46वां तथा बीआइटी, मेसरा को 78वां स्थान मिला। आइआइटी, धनबाद की रैंकिंग में गिरावट आई।

फैक्ट फाइल

  1. - देश के टाप 100 कालेजों में इस बार भी झारखंड का एक भी नहीं।
  2. - देश के टाप 50 मेडिकल कालेजों में इस बार भी झारखंड से एक भी नहीं।
  3. - देश के टाप 40 डेंटल कालेजों में झारखंड का एक भी कालेज नहीं।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें