Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

JAC Result 2023: किसी के पिता मजदूर तो कोई है स्‍प्रे पेंटर, बेटियों ने बोर्ड परीक्षा में टॉप कर बढ़ाया मान

जैक बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा के परिणामों की घोषणा कल कर दी। इसमें उर्सलाइन इंटर कालेज रांची की छात्राओं ने टाप 10 पर राज किया है। इस पर प्रिंसिपल सिस्टर डा मैरी ग्रेस ने सफल छात्राओं को बधाई दी है।

By Jagran NewsEdited By: Arijita SenUpdated: Wed, 24 May 2023 09:16 AM (IST)
Hero Image
खुशी कुमारी और अजलफा तमजीद की पिता के साथ तस्‍वीर।

जासं, रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल यानि जैक बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा परिणाम की घाेषणा कर दी है। अबकी बार बेटियों ने सफलता के कई आयाम स्थापित किए हैं।

खासकर उर्सलाइन इंटर कालेज रांची की छात्राओं ने टाप 10 पर राज किया है। इन छात्राओं की सफलता पर शिक्षक और अभिभावकों ने खुशी जाहिर की है और बेहद उत्साहित होकर बेटियों को हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने का आशीर्वाद दिया है। इसी क्रम में सफल छात्राओं से बातचीत की गई।

कंप्यूटर के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हूं: खुशी कुमारी

जैक बोर्ड की 12वीं परीक्षा में दूसरे स्थान पर रही उर्सलाइन इंटर कालेज की खुशी कुमारी को 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त हुआ है। फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स विषय से गहरा लगाव होने के कारण खुशी इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं।

उनका सपना है कि कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में वह कुछ नया करे ताकि देश विदेश में उनकी ख्याति बढ़े। उनकी सफलता पर उनकी माता सुनीता देवी और पिता वाल्मिकी कुमार शर्मा काफी खुश हैं। पेशे से दुकानदार वाल्मिकी कुमार शर्मा ने कहा कि अपनी बिटिया की पढ़ाई के लिए वह हर स्तर पर मदद करने को तैयार हैं।

सिविल सर्विसेज पास करुंगी देशसेवा: रिषा साहु

जैक बोर्ड की 12वीं परीक्षा में चौथे स्थान पर रही उर्सलाइन इंटर कालेज की रिषा साहु को 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि फिजिक्स, केमिस्ट्री व मैथ्स विषय में पढ़ाई करने का सिलसिला जारी रखूंगी। रांची यूनिवर्सिटी से आगे की पढ़ाई करुंगी। साथ ही यूपीएससी की तैयारी भी करुंगी।

पिता त्रिदिप कुमार साहु शिक्षक हैं और माता सुंदरी साहु हाउस वाइफ हैं। रिषा कहती हैं कि वह अपने माता-पिता के सपने को साकार करेंगी। उन्होंने कहा कि 12वीं कक्षा में मिली सफलता के पीछे स्कूल की शिक्षिका और माता-पिता का सही मार्गदर्शन है, जिसके दम पर आज चौथा स्थान प्राप्त हुआ है।

शिक्षण क्षेत्र में बढ़ना चाहती हैं आगे: प्रियंका घोष

जैक बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में तीसरे स्थान पर रही उर्सलाइन इंटर कालेज की प्रियंका घोष को 95 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। उनका सपना शिक्षिका बनने का है।

प्रियंका कहती हैं कि आज भी शिक्षा के क्षेत्र में काफी सुधार की जरुरत है। मैं अपना सपना साकार कर आर्थिक रुप से कमजोर बच्चों को पढ़ाना चाहती हूं। उनके पिता निताई घोष पेशे से स्प्रे पेंटर हैं और माता सुमन घोष हाउस वाइफ हैं।

प्रियंका कहती हैं कि घर में माता-पिता ने पठन पाठन की हर व्यवस्था दी है। इसी का परिणाम है कि मैं तीसरा स्थान प्राप्त कर सकी। कालेज की सिस्टर का भी भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ।

मेडिकल की कर रही हूं तैयारी: अजलफा तमजीद

जैक बोर्ड की 12वीं परीक्षा में छठे स्थान पर रही उर्सलाइन इंटर कालेज की अजलफा तमजीद ने 94.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। उन्‍हें इंटर साइंस में पूरे राज्य में छठा स्थान प्राप्त हुआ है।

उनकी सफलता पर उनके पिता ने हर्ष प्रकट करते हुए कहा कि उनकी बिटिया को फिजिक्स में 97, केमिस्ट्री में 94, बायोलाजी में 96, कंप्यूटर में 95, अंग्रेजी में 90 अंक प्राप्त हुए हैं। अजलफा ने कहा कि वह नीट की परीक्षा में सफल होना चाहती है और इसकी तैयारी उन्होंने शुरु कर दी है।

नीट की परीक्षा में टाप करने का है लक्ष्य: मारुफा परवीन

जैक बोर्ड की 12वीं परीक्षा में आठवें स्थान पर रहीं उर्सलाइन इंटर कालेज की मारुफा परवीन मुफलिसी में जीने के बाद भी अपने हौसले को बुलंद रखा। नतीजतन उन्हें 94 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए और अपने माता-पिता समेत कालेज का नाम रौशन किया।

मारुफा ने बताया कि उनके पिता आलमारी बनाने का काम करते हैं और आर्थिक तंगी होने के बाद भी उन्‍होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। बिटिया की सफलता का जश्न मनाने के समय उनके माता-पिता भी साथ थे।

मारुफा के पिता मा खलील अंसारी ने कहा कि बिटिया की सफलता पर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। वह मजदूरी करते हैं और समय नहीं मिलने के बाद भी बिटिया की मेहनत पर पूरा भरोसा था और मारुफा ने उनके सपने को पूरा किया है।

वहीं माता सीमा खातून कहती हैं कि उनकी बिटिया को वह डाक्टर के रुप में देखना चाहती हैं। स्वयं मारुफा का लक्ष्य है कि वो नीट की परीक्षा में टाप करे। इसकी तैयारी भी उन्‍होंने शुरू कर दी है।

रांची के उर्सलाइन इंटर कालेज की प्रिंसिपल सिस्टर डा मैरी ग्रेस कहती हैं, कॉलेज की छात्राओं ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। सफल छात्राओं को आगे भी इसी तरह सफलता मिले। सभी सफल छात्राओं को मेरी शुभकामनाएं...।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें