Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Eid-Ul-Fitr 2022: 3 मई को मनेगी ईद... आज चांद का करें दीदार; सुरक्षा के तगड़े इंतजाम

Eid-Ul-Fitr 2022 भारत में 3 मई को इस्लामिक त्योहार ईद-उल-फित्र 2022 मनाया जाएगा। आज चूंकि भारत बांग्लादेश और श्रीलंका में शव्वाल माह का अर्धचंद्राकार चंद्रमा नहीं देखा गया इसलिए ये सभी देश 3 मई को ईद मनाएंगे। ईद उल-फित्र शव्वाल महीने के पहले दिन मनाया जाता है।

By Alok ShahiEdited By: Updated: Mon, 02 May 2022 03:22 PM (IST)
Hero Image
Eid-Ul-Fitr 2022: भारत में 3 मई को ईद मनाई जाएगी।

रांची, जेएनएन। Eid-Ul-Fitr 2022 भारत में 3 मई को इस्लामिक त्योहार ईद-उल-फितर 2022 मनाया जाएगा। आज चूंकि भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका में शव्वाल माह का अर्धचंद्राकार चंद्रमा नहीं देखा गया, इसलिए ये सभी देश 3 मई को ईद मनाएंगे। ईद उल-फितर शव्वाल महीने के पहले दिन मनाया जाता है। रमजान के पवित्र महीने के दौरान एक महीने के उपवास के बाद दुनिया भर के मुसलमान पहली बार अर्धचंद्र के दर्शन के साथ ईद उल-फितर मनाएंगे। और चूंकि ईद उल-फितर शव्वाल महीने के पहले दिन का प्रतीक है, इसलिए इसे विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग दिनों में मनाया जाता है। इस्लामिक कैलेंडर के तहत सभी महीने 29 या 30 दिन के होते हैं। मुसलमान ईद-उल-अधा भी मनाते हैं, जो ईद उल-फितर के तुरंत बाद आता है।

— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) May 1, 2022

इस साल भारत में ईद-उल-फितर 3 मई को मनाई जाएगी। जब एक नया अर्धचंद्राकार चंद्रमा देखा जाता है और इस्‍लाम धर्म के उलेमाओं द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि की जाती है, तो इस्लामी महीना शुरू होता है। ईद अमावस्या के दिखने के आधार पर दुनियाभर में अलग-अलग दिनों में मनाई जाती है। लखनऊ की मरकजी चांद समिति के अनुसार, शव्वाल अर्धचंद्राकार चांद 1 मई को नहीं देखा गया। इसलिए 2 मई को रमजान 2022 के अंतिम दिन के रूप में मनाया जाएगा।

मंगलवार 3 मई को धूमधाम से ईद-उल-फितर मनाई जाएगी। बताया गया कि भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और अन्य दक्षिण एशियाई देश 3 मई को ईद मनाएंगे। इधर झारखंड में चांद देखने की व्‍यापक व्‍यवस्‍था की गई थी। लेकिन चांद का दीदार नहीं हो सका। बहरहाल, पूरे राज्‍य में हंसी-खुशी के साथ ईद मनाने की तैयारियां परवान पर है। बाजार में सेवइयां की लच्‍छी की खरीदारी जोरों पर है।

ईद कल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन कैमरे से निगहबानी

ईद मंगलवार को मनाई जाएगी। आज चांद का दीदार होगा। इधर, ईद पर्व काे लेकर रांची सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गये हैं। दाे हजार अतिरिक्त पुलिस फाेर्स की तैनाती की गई है। इसमें जिला बल, रैफ की कंपनी लगाई गई है। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात होंगे। ड्रोन कैमरे से निगहबानी होगी। वहीं सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधियों पर नजर रखा जाएगा। सादे लिबास में भी पुलिस अधिकारी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा थानों में क्यूआरटी भी रिजर्व रखे गए हैं। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने पीसीआर, टाईगर पुलिस और बीट पुलिस से भी लगातार संपर्क स्थापित करते रहने का निर्देश दिया गया है। बाइक दस्ता भी गली मोहल्लों में गश्त करेगी। सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी।

संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी

एसएसपी ने थानेदारों को निर्देश दिया है कि क्षेत्र के हर संवेदनशीन इलाकों पर विशेष फोकस हो। प्रमुख ईदगाह, मस्जिदों सहित अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं। थानेदार व डीएसपी खुद अपने-अपने क्षेत्र में गश्त लगाते रहें। किसी प्रकार की सूचना मिलने के बाद अपने आस-पास से सटे थाना प्रभारी और डीएसपी से संपर्क स्थापित कर सुरक्षा सुनिश्चित करें।

अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर होगी निगरानी

ईद के मद्देनजर सोशल साइट्स पर भी पुलिस निगरानी कर रही है। इसके लिए साइबर सेल में एक विशेष टीम बनाई गई है। टीम सोशल साइट्स पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर निगरानी कर रही है। एसएसपी ने कहा है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। कई ग्रुृप के एडमिन को थाना स्तर से आगाह किया गया है। चेतावनी दी गई है कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट किया गया, तो पोस्ट करने वाले और एडमिन पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।

सुबह छह बजे से ही रहें सतर्क

ईद के दिन सभी पुलिस पदाधिकारियाें और कर्मियाें काे सुबह छह बजे से चाैकन्ना रहने का निर्देश दिया गया है। किसी प्रकार की सूचना हाेने पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

हरमू ईदगाह सहित प्रमुख जगहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति 

यातायात व्यवस्था काे सुगम बनाए रखने के लिए हरमू ईदगाह सहित प्रमुख जगहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। सभी काे विशेष ताैर पर जिम्मेवारी दी गयी है कि आने-जाने वाले लाेगाें काे किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हाे। शहर में जाम ना लगे। सुरक्षा में कहीं से कोई चुक ना हाे इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। सुरक्षा के दृष्टिकाेण से अग्निशमन और एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। फायर ब्रिगेड की टीम काे चाैकन्ना रहने का निर्देश दिया गया है।