Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

JAC Topper List 2022: मैट्रिक में अभिजीत, निशा, तन्नु, तानिया, रिया स्टेट टॉपर... यहां देखें पूरी सूची

JAC Jharkhand 10th 12th Result 2022 झारखंड में मैट्रिक के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। छह छात्र-छात्राओं ने टाप किया है। टापरों में सिर्फ एक लड़का है शेष पांच बेटियां शामिल हैं। पश्चिमी सिंहभूम से दो छात्राओं ने टाप किया है।

By M EkhlaqueEdited By: Updated: Tue, 21 Jun 2022 05:56 PM (IST)
Hero Image
JAC Topper List 2022: मैट्रिक में अभिजीत, निशा, तन्नु, तानिया, रिया स्टेट टॉपर... यहां देखें पूरी सूची

रांची, डिजिटल डेस्क। JAC Jharkhand 10th 12th Result झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से मंगलवार को मैट्रिक परीक्षा का परिणाम जारी किया गया। इसबार मैट्रिक परीक्षा में झारखंड के विभिन्न जिलों के छह परीक्षार्थी टापर घोषित किए गए हैं। इनमें पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर शहर के बिष्टुपुर स्थित एसआरके हाई स्कूल के छात्र अभिजीत शर्मा, गोड्डा जिले के बोआरीजोर प्लस टू हाई स्कूल की छात्रा तन्नु कुमारी, पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर स्थित कार्मेल हाई स्कूल की छात्रा तानिया साह, इसी स्कूल में पढ़ने वाली नीशु कुमारी, पलामू जिले के हरिहरगंज स्थित गर्ल्स हाई स्कूल की छात्रा रिया कुमारी और हजारीबाग जिला स्थित इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल की छात्रा निशा वर्मा शामिल हैं। निशा वर्मा मूल रूप से चतरा जिले के ईटखोरी की रहने वाली हैं। वह इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय हजारीबाग में रहकर पढ़ाई करती थीं। इन सभी टापरों ने 490 अंक प्राप्त किया है। पूरी सूची पर नजर डाला जाए तो पश्चिमी सिंहभूम ही ऐसा एकमात्र जिला रहा, जहां से दो टापर हुए हैं। दोनों छात्राएं हैं।

ऐसी है टापर निशा वर्मा की कहानी

हजारीबाग स्थित इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय की निशा वर्मा ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि वह प्रतिदिन पांच से छह घंटे पढ़ाई करती थीं। उनका परिवार चतरा जिले के ईटखोरी में रहता है। वह बेहद साधारण परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता बाबूलाल दांगी जेएसएलपीएस से जुड़े हैं। वह गढ़वा जिले में काम करते हैं। निशा कहती हैं कि उन्हें पूरा भरोसा था कि टाप टेन में शामिल रहेंगी। इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय के प्रवेश के दौरान भी उन्होंने टाप किया था। बताया कि कोविड की वजह से जब विद्यालय बंद हो गए तो हम सभी को लंबे समय तक घर पर रहना पड़ा। पढ़ाई भी वैसी नहीं हो पा रही थी। विद्यालय खुले तो हर दिन कक्षाएं समाप्त होने के बाद पांच से छह घंटे पढ़ाई की। शिक्षकों की मदद ली। हमेशा पिता ने मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बताया कि उनका बड़ा भाई प्रशांत भी नेतरहाट के छात्र रहे हैं। दो साल पहले मैट्रिक में पूरे राज्य में 12वां स्थान हासिल किया था। भाई से ही मुझे प्रेरणा मिली कि मैट्रिक में अच्छा करना है। निशा आगे चलकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना चाहती है।

डाक्टर बनना चाहती हैं तन्नु कुमारी

उधर, टापर तन्नु कुमारी गोड्डा जिले की रहने वाली हैं। इनके पिता के नाम अरविंद साह है। माता का नाम नीतू देवी है। तन्नु कुमारी डाक्टर बनना चाहती हैं। तन्नू ने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। कहा कि विज्ञान शिक्षक अनुज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में उसने मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। तन्नु कुमार ने दैनिक जागरण से बातचीत करते हुए कहा कि मुझे पूरा विश्वास था कि टापर की सूची में रहूंगी। वजह काफी बढ़िया तरीके से पढ़ाई की थी। परीक्षा भी बढ़िया गया था। तैयारी बेहतर होने के कारण बेहतर परिणाम की उम्मीद थी। ऐसा हुआ भी।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर