Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand Election 2024: नीतीश कुमार ने कर लिया फैसला, झारखंड में NDA के साथ चुनाव लड़ेगी JDU

झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नीतीश कुमार ने बड़ा फैसला किया है। नीतीश कुमार की पार्टी जदयू एनडीए के साथ ही विधानसभा चुनाव में उतरेगी। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीटों को लेकर जल्द ही तालमेल कर लिया जाएगा। यह भी पता चला है कि जमशेदपुर पूर्वी सीट से सरयू राय चुनाव लड़ेंगे।

By Neeraj Ambastha Edited By: Rajat Mourya Updated: Mon, 09 Sep 2024 07:24 PM (IST)
Hero Image
बिहार CM नीतीश कुमार और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, रांची। जदयू झारखंड में एनडीए गठबंधन के साथ ही विधानसभा चुनाव लड़ेगा। इसे लेकर भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ बातचीत जारी है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सोमवार को पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की विधानसभा के पुराने सभागार में हुई बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने के बाद इसकी जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने को लेकर उनकी दो राउंड की बातचीत भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ हो चुकी है। शीघ्र ही सीटों को लेकर भी सहमति बनाकर इसकी घोषणा कर दी जाएगी। कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चाहते हैं कि पार्टी झारखंड में फिर से खड़ी हो। बिहार के बाद पार्टी की सबसे अधिक संभावना यहां है।

उन्होंने कहा कि जदयू का झारखंड में बड़ा आधार था। उस आधार को वापस लाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो को निर्देश दिया है कि एक महीना के अंदर विभिन्न विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन करें। जनता से जो रिपोर्ट मिल रही है, उसके अनुसार राज्य में एनडीए की सरकार बनेगी।

वहीं, प्रदेश प्रभारी सह बिहार के ग्रामीण कार्य मंत्री डॉ. अशोक चौधरी कहा कि खीरू महतो को राज्यसभा भेजकर नीतीश कुमार ने झारखंड के प्रति अपना प्रेम दिखाया। पार्टी हर प्रमंडल में एक बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करेगी।

बैठक में कौन-कौन रहा शामिल?

बैठक में बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सह प्रभारी और विधान परिषद सदस्य विजय सिंह, सह प्रभारी और बेलहर विधायक मनोज यादव, प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो, विधायक सरयू राय, पूर्व मंत्री सुधा चौधरी, पूर्व विधायक कामेश्वर दास, प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार, प्रवक्ता सागर कुमार, आफताब जमील आदि उपस्थित थे। इससे पहले प्रदेश जदयू की ओर से 51 किलो के माला से नेताओं का स्वागत किया गया। कार्यसमिति की बैठक में जदयू के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं कार्यसमिति सदस्य उपस्थित रहे।

जमशेदपुर पूर्वी से चुनाव लड़ेंगे सरयू राय

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि सरयू राय पुराने नेता हैं और उनके आने से राष्ट्र स्तर पर एक अच्छा संदेश गया है। वहीं, प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने पहुंचे बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि सरयू राय जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। यह उनकी सीटिंग सीट है, इसलिए गठबंधन में यह सीट जदयू को मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि खुशी है कि सभी पुराने साथी पार्टी के साथ हैं। सरयू राय और खीरू महतो की जोड़ी झारखंड में पार्टी को मजबूत करेगी। झारखंड में जदयू के साथ गठबंधन नहीं होने के भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर कहा कि हमारी बातचीत राष्ट्रीय नेतृत्व से हो रही है, यह उनके संज्ञान में जरूर होगा।

पूरे देश में हो जमीन का सर्वे

बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार की तरह पूरे देश में जमीन का सर्वे होना चाहिए। बिहार में जमीन के सर्वे के बाद रैयतों को एक पासबुक मिलेगा, जिसमें उसकी जमीन का पूरा ब्योरा एक जगह रहेगा। उन्होंने कहा कि सर्वे कराना कठिन काम है, लेकिन इसमें सभी पेंच को दुरुस्त किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- Shivraj Singh Chouhan: शिवराज सिंह चौहान ने उत्पाद सिपाही भर्ती में मौतों को हत्या बताया, बोले- मौसम तो देख लेते

ये भी पढ़ें- Kalpana Soren: ...और मंच पर रो पड़ीं कल्पना सोरेन, बोलीं- हेमंत को जेल भेजने का बदला विधानसभा चुनाव में लेना