Move to Jagran APP

कल हो सकता है झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा, दो या तीन चरण में हो सकता है इलेक्शन

चुनाव आयोग सोमवार को झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर सकता है। झारखंड में 81 सीटों पर दो या तीन चरणों में चुनाव हो सकते हैं। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म हो रहा है। ऐसे में पूरी संभावना है कि इस अवधि से पहले या अधिकतम दिसंबर के पहले सप्ताह तक महाराष्ट्र एवं झारखंड में चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हो जाए।

By Neeraj Ambastha Edited By: Mohit Tripathi Updated: Sun, 13 Oct 2024 09:25 PM (IST)
Hero Image
विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ लागू होगी आदर्श आचार संहिता।

राज्य ब्यूरो, रांची। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा झारखंड एवं महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की घोषणा सोमवार को की जा सकती है। इसी के साथ राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू होने की पूरी संभावना है।

झारखंड में विधानसभा की 81 सीटों पर चुनाव दो या तीन चरणों में हो सकता है। वर्ष 2019 में विधानसभा चुनाव पांच चरणों में संपन्न हुआ था।

झारखंड में सोमवार को जहां आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है, वहीं चुनाव 15 नवंबर के बाद हो सकता है।

निर्वाचन आयोग के झारखंड दौरे के क्रम में सभी राजनीतिक दलों ने छठ पूजा तथा बिरसा जयंती एवं राज्य स्थापना दिवस के बाद चुनाव कराने का अनुरोध किया था। साथ ही, सभी ने कम से कम चरणों में चुनाव कराने का सुझाव आयोग को दिया था।

महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को पूरा हो रहा है। ऐसे में पूरी संभावना है कि इस अवधि से पहले या अधिकतम दिसंबर के पहले सप्ताह तक महाराष्ट्र एवं झारखंड में चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हो जाए। झारखंड विधानसभा का कार्यकाल अगले वर्ष पांच जनवरी को खत्म हाे रहा है।

अभी तक सीट शेयरिंग की घोषणा नहीं

सोमवार को राज्य में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो सकती है। लेकिन अभी तक न तो एनडीए और न ही आइएनडीआइए ने सीट शेयरिंग की आधिकारिक घोषणा की है।

भाजपा ने सीटों के बंटवारा को लेकर घटक दलों के साथ सहमति बन जाने की जानकारी देते हुए नवरात्र के दौरान इसकी घोषणा किए जाने की बात कही थी। लेकिन अभी तक इसकी विधिवत घोषणा नहीं हुई है।

माना जा रहा है कि एनडीए के तहत आजसू को सात से आठ तथा जदयू को दो सीटें मिल सकती हैं। लोजपा-आर ने भी एक-दो सीटों के लिए दावेदारी की है।

28 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित

झारखंड में विधानसभा की 81 सीट हैं। इनमें 28 सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। विधानसभा की 44 सीटें सामान्य तथा नौ अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।

यह भी पढ़ें: विधानसभा चुनाव से पहले झारखंड में 36 पुलिस कर्मियों को मिली खुशखबरी, बनाए गए ASI; बैच के साथ SP ने दिया खास निर्देश

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें