Move to Jagran APP

हर सीट पर बागी बढ़ा रहे BJP की चिंता! रूठे नेताओं के घर जाकर मनाने में जुटे शिवराज-हिमंत; दिनभर चली कोशिश

भाजपा में नाराज नेताओं को मनाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रयासरत हैं। पार्टी के अंदर असंतुष्टों की बढ़ती संख्या ने चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी जैसे नेता नाराज नेताओं को मनाने में जुटे हैं। पूर्व सांसद रवींद्र राय को प्रदेश भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर मनाने में सफलता मिली है।

By Jagran News Edited By: Mukul Kumar Updated: Sun, 27 Oct 2024 07:59 AM (IST)
Hero Image
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान। फोटो- सोशल मीडिया
जागरण संवाददाता, रांची। पार्टी के अंदर असंतुष्टों की बढ़ती संख्या ने जहां भाजपा की चिंता बढ़ा दी है, वहीं नाराज व बागी नेताओं को मनाने की भी पुरजोर कोशिश हो रही है।

शनिवार को भी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी से लेकर पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता असंतोष थामने में जुटे रहे।

नाराज नेताओं को मनाने की कोशिश रांची और कांके से लेकर, मधुपुर, धनवार व गुमला तक होती रही। पोटका सीट से टिकट कटने से नाराज मेनका सरदार को मनाने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को शनिवार को भी कुछ नेताओं को मनाने में सफलता मिली, वहीं कई नेता अब भी अड़े हैं।

भाजपा ने पिछले कुछ दिनों से नाराज चल रहे पूर्व सांसद रवींद्र राय को मनाते हुए उन्हें प्रदेश भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर उनकी नियुक्ति की घोषणा की।

भाजपा में टिकट वितरण के बाद रवींद्र राय की नाराजगी की चर्चा हो रही थी। चार दिन पूर्व झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और हिमंत बिस्व सरमा रवींद्र राय को मनाने उनके आवास पर गए थे।

अब प्रदेश भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर रवींद्र राय ने कहा है कि झारखंड में भाजपा की सरकार बनाना उनका अंतिम लक्ष्य है और इसके लिए वो हरसंभव परिश्रम करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने कार्यालय कक्ष में रवींद्र राय का नई जिम्मेदारी के लिए स्वागत किया और बधाई दी।

केंद्रीय कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र त्रिपाठी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह की उपस्थिति में रवींद्र राय को नए पदभार के लिए शुभकामना दी गई।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रवींद्र राय अनुभवी और पार्टी के समर्पित नेता हैं। उनके अनुभव से कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने में मदद मिलेगी।

रवींद्र राय ने केंद्रीय नेतृत्व समेत बाबूलाल मरांडी का जताया आभार

भाजपा प्रदेश कार्यालय में स्वागत के बाद कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है उसे पूरा करेंगे।

उन्होंने अवसर देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का भी आभार जताया। शुक्रवार को केंद्रीय भाजपा ने राज्य के लिए स्टार प्रचारकों की जो लिस्ट जारी की थी, उसमें भी रवींद्र राय का नाम प्रदेश के नेताओं में तीसरे नंबर पर था।

दाना तूफान की वजह से राज्य का मौसम सर्द हो गया है, लेकिन भाजपा की राजनीति में शनिवार का दिन गर्माहट भरा रहा। शनिवार को हिमंता बिस्वा सरमा और राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश कांके विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे कमलेश राम को मनाने उनके घर पहुंचे।

काफी मान-मनौव्वल के बाद हिमंता ने उम्मीद जताई कि कमलेश राम अपना नामांकन वापस ले लेंगे। इससे पहले उन्होंने गुमला से नामांकन करा चुके मिशिर कुजूर के घर जाकर भी मनाने की कोशिश की, लेकिन मिशिर अपने कार्यकर्ताओं के दबाव का हवाला देकर रह गए।

गुमला में मिशिर कुजुर के घर शनिवार को केंद्रीय जनजाति मंत्री जोएल ओराम भी पहुंचे थे। उन्होंने भी समझाने का प्रयास किया।हालांकि मिशिर कुजुर ने जो बात असम के मुख्यमंत्री से कही थी उसी बात को जोएल उरांव के समक्ष भी दुहराया।

देवघर में भाजपा के संगठन प्रभारी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी पूर्व मंत्री राज पलिवार से मिलने उनके देवघर स्थित घर पहुंचे। 2009 और 2014 में मधुपुर विधानसभा से चुनाव जीत चुके राज पलिवार का टिकट काटकर भाजपा ने मधुपुर से इस बार गंगा नारायण सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

इसके बाद राज पलिवार ने पार्टी लाइन से अलग जाते हुए लोगों की राय पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी थी। लक्ष्मीकांत वाजपेयी के साथ बातचीत से कोई ठोस नतीजा तो नहीं निकला, लेकिन दोनों ओर से संवाद जारी रखने की बात जरूर कही गई।

इसी तरह धनवार सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके निरंजन राय से मिलने गोड्डा के सांसद निशिकांत दूबे उनके घर पहुंचे। घंटे भर चली मुलाकात के बाद निरंजन राय ने कहा कि वो धनवार से चुनाव लड़ने के निर्णय पर अडिग हैं।

इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि पार्टी के जो नेता नाराज हैं और बागी उम्मीदवार के तौर पर खड़े हैं, उन्हें मनाने की कोशिश की जा रही है। उनकी नाराजगी दूर की जाएगी।

हर विधानसभा क्षेत्र में नजर आ रहे हैं बागी

टिकट नहीं मिलने से नाराज भाजपा के बागी लगभग हर विधानसभा क्षेत्र में नजर आ रहे हैं। जिन सीटों पर भाजपा हमेशा मजबूत रही है, वहां बागियों की भरमार है और उन्होंने चुनाव मैदान में उतरकर भाजपा की चिंता बढ़ा दी है।

अगर रांची सीट की बात करें तो यहां भाजपा के सबसे ज्यादा बागी प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। संदीप वर्मा, मुनचुन राय, उत्तम यादव जैसे नेता जो कल तक भाजपा में रहकर पार्टी को मजबूत करने की बात कर रहे थे, वह अब निर्दलीय ताल ठोंक रहे हैं।

कांके में कमलेश राम ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ नामांकन किया तो गुमला में मिसिर कुजूर भी पर्चा दाखिल कर आए हैं।

उधर, धनवार में निरंजन राय ताल ठोक रहे हैं तो मधुपुर में राज पलिवार का दो दिनों का अल्टीमेटम शनिवार को समाप्त हो गया। बरकट्ठा में भी पार्टी से बगावत कर बटेश्वर मेहता भाजपा प्रत्याशी को खुली चुनौती दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें-

भाजपा ने की इरफान अंसारी की बर्खास्तगी की मांग, महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन

महाराष्ट्र में चुनाव नहीं लड़ेगी AAP, लेकिन केजरीवाल करेंगे प्रचार; संजय सिंह ने बताई वजह

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।