Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भाजपा ने झारखंड के लिए जारी किया पंच प्रण, महिलाओं को 2100 रुपये, सस्ते सिलेंडर; युवाओं को रोजगार और आवास का वादा

Jharkhand Assembly Elections 2024 झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अपने पंच प्रण की घोषणा की है। इसमें महिलाओं को प्रतामाह 2100 रुपए सभी परिवारों को 500 रुपए में एलपीजी सिलेंडर 5 साल में 28 लाख 87 हजार रोजगार स्नातक और स्नातकोत्तर युवाओं को 2 हजार का मासिक भत्ता और सभी को आवास देने का संकल्प लिया गया है।

By Dibyanshu Kumar Edited By: Mohit Tripathi Updated: Sat, 05 Oct 2024 07:33 PM (IST)
Hero Image
भाजपा ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए जारी किया पंच प्रण। (जागरण फोटो)

राज्य ब्यूरो, रांची। भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनावों से पहले अपने पंच प्रण की घोषणा की है। इसके लिए पार्टी ने शनिवार 5 अक्टूबर को पांच बजे का समय चुना।

पंच प्रण के पहले प्रण में कहा गया कि राज्य में भाजपा सरकार बनने पर गोगो दीदी योजना के तहत महिलाओं को प्रतामाह 2100 रुपए दिए जाएंगे। हर महीने की 11 तारीख को यह राशि उनके बैंक अकाउंट में चली जाएगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक प्रेस कान्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने दूसरे प्रण में सभी परिवारों को 500 रुपए में एलपीजी सिलेंडर देने का संकल्प व्यक्त किया।

साल में 10 सिलेंडर 500 रुपए में दिए जाएंगे जबकि दो पर्व के अवसर पर दो सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंग। तीसरे प्रण के तौर पर बाबूलाल मरांडी ने युवाओं के लिए पांच साल में 28 लाख 87 हजार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के पांच साल के भीतर 1.50 लाख सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके लिए 1 नवंबर 2025 की समय सीमा तय की गई है।

पंच प्रण की घोषणा के अवसर पर ये नेता रहे मौजूद

पंच प्रण की घोषणा के अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी उपस्थित थे।

बेरोजगार युवा को दो हजार का मासिक भत्ता

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने पंच प्रण के तहत चौथे प्रण के तौर पर स्नातक और स्नातकोत्तर किए युवाओं को युवा साथी भत्ता देने का भाजपा का संकल्प बताया। यह राशि दो सालों तक मिलेगी। इसका उद्देश्य है कि युवा नौकरी की तैयारी के लिए किताब-कापी ले सकें। स्थानीयता नीति के सवाल पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में रहने वाले यहां के युवाओं को नौकरी और भत्ते का लाभ मिलेगा।

सबको मिलेगा आवास, बालू मुफ्त

भाजपा के पांचवें प्रण के तहत राज्य में सभी को आवास देने का संकल्प लिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पीएम आवास योजना के तहत 21 लाख लोगों को आवास देना सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही घर बनाने के लिए सबको मुफ्त बालू दिया जाएगा। इस दौरान असम के मुख्यमंत्री और झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में गुड गवर्नेंस के तहत ये सभी योजनाएं पहले से चल रही हैं। भाजपा की राज्य सरकार इसके लिए वित्तीय प्रबंधन कतरी है। उन्होेंने हेमंत सोरेन सरकार की मंइयां योजना को भाजपा की कापी बताया।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें