Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand BJP List: झारखंड चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की सूची आज करेगी जारी? नड्डा के आवास पर हो रही बैठक

Jharkhand BJP List 2024 झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा आज अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दिल्ली स्थित आवास पर झारखंड भाजपा के कोर ग्रुप की बैठक हो रही है। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा और आज शाम तक जारी किया जा सकता है।

By Jagran News Edited By: Mohit Tripathi Updated: Mon, 07 Oct 2024 06:14 PM (IST)
Hero Image
झारखंड चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की सूची के लिए नड्डा के आवास पर बैठक।

डिजिटल डेस्क, रांची/नई दिल्ली। झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी आज अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के नई दिल्ली स्थित आवास पर झारखंड भाजपा के कोर ग्रुप की बैठक होने जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में सूची को अंतिम मुहर लगने के बाद आज शाम तक जारी किया जा सकता है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर प्रदेश से जुड़े नेताओं की यह बैठक कुछ ही देर में शुरू होगी।

इसके लिए पार्टी के नेताओं के नड्डा के आवास पर आने का क्रम शुरू हो गया है। बता दें कि झारखंड भाजपा के कोर ग्रुप में शामिल राज्यसभा सांसद समीर ओरांव पार्टी अध्यक्ष के आवास पर पहुंच गए हैं। उनके साथ केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और संगठन महासचिव नागेंद्र नाथ भी हैं।

इससे पहले जेपी नड्डा के आवास पर झारखंड से सांसद और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी पहुंची थीं। उनके अलावा, प्रदेश के प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी नड्डा के आवास पर बैठक के लिए पहुंच गए हैं।

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा, झारखंड बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी बैठक में शामिल होने के लिए जेपी नड्डा के आवास पर पहुंच गए हैं।

हम झारखंड में एनडीए के साथ लड़ेंगे चुनाव: चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोमवार को झारखंड के विधानसभा चुनावों को लेकर मीडिया के सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कल मेरी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई। हमने उन राज्यों की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की जहां चुनाव हो रहे हैं और जहां चुनाव होने बाकी हैं।

उन्होंने कहा कि हमने झारखंड के बारे में भी बात की। मेरी पार्टी (एलजेपी) हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में भाजपा का समर्थन कर रही है। हम झारखंड में भी एनडीए गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेंगे... आने वाले दिनों में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।

प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में हुई थी नामों पर चर्चा

बता दें कि इससे पहले रविवार को ही झारखंड भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक आयोजित हुई थी। इसमें चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान, हिमंत बिस्व सरमा और संगठन प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी की उपस्थिति में प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा की गई थी।

बैठक में रायशुमारी से आए नामों और प्रमंडल स्तर पर किए गए सर्वे के नामों का मिलान किया गया था। अब नड्डा के घर पर बैठक होने को लेकर उम्मीद है कि भाजपा इस सप्ताह करीब 15 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर देगी। इसमें से ज्यादातर आदिवासी सुरक्षित सीटों पर प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Jharkhand Politics: चंपई के जाने के बाद झामुमो ने कोल्हान में झोंकी ताकत, हेमंत सोरेन ने बनाई नई रणनीति

'झारखंड में लागू होगा NRC, घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे'; शिवराज सिंह चौहान का एलान

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें