Move to Jagran APP

Jharkhand Election 2024: भाजपा ने की इरफान अंसारी की बर्खास्तगी की मांग, महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन

कांग्रेस नेता और मंत्री इरफान अंसारी के सीता सोरेन पर दिए गए बयान के बाद भाजपा महिला मोर्चा समेत कई नेताओं ने कड़ा विरोध किया है। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने इरफान अंसारी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने हेमंत सोरेन से अंसारी को बर्खास्त करने की मांग की। इस मामले पर अन्नपूर्णा देवी और बाबूलाल मरांडी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

By Dibyanshu Kumar Edited By: Mohit Tripathi Updated: Sat, 26 Oct 2024 10:44 PM (IST)
Hero Image
भाजपा ने की इरफान अंसारी की बर्खास्तगी की मांग, महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन। (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, रांची। कांग्रेस नेता और मंत्री इरफान अंसारी के सीता सोरेन पर दिए बयान पर भाजपा महिला मोर्चा समेत दूसरे नेताओं ने कड़ा विरोध किया है।

शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने इरफान अंसारी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। साथ ही चुनाव प्रभारी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल से इरफान अंसारी को बर्खास्त करने की मांग की।

शिवराज सिंह ने कहा कि आदिवासी महिला सीता सोरेन को इरफान अंसारी ने रिजेक्टेड माल बोला है, उनको शर्म करनी चाहिए। इरफान अंसारी ने केवल सीता सोरेन का अपमान नहीं किया बल्कि झारखंड की बहनों और बेटियों का अपमान किया है।

कांग्रेस की महिला विरोधी सोच उजागर : अन्नपूर्णा देवी

कोडरमा सांसद और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने सीता सोरेन पर कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी के बयान पर कहा कि महिलाओं के लिए कांग्रेस की क्या सोच है यह इरफान अंसारी के बयान से स्पष्ट हो गया है। कांग्रेस महिला और युवा विरोधी पार्टी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मन में महिलाओं के लिए ओछी मानसिकता हमेशा से रही है। जिसको आज कांग्रेस के इरफान अंसारी ने सीता सोरेन पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर स्पष्ट कर दिया है।

वोट के लिए कितना गिरेंगे हेमंत सोरेन : बाबूलाल मरांडी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को कहा कि मंइयां सम्मान का ढोंग करने वाले हेमंत सोरेन को अपने परिवार के महिला सदस्य के अपमान की चिंता नही है।

उन्होंने कहा कि राज्य की जनता यह जानना चाहती है कि मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने के लिए, वोट बैंक के लिए कितना नीचे गिरेंगे।

उन्होंने कहा कि सीता सोरेन झारखंड आंदोलनकारी शिबू सोरेन की बड़ी बहू, स्व. दुर्गा सोरेन की पत्नी, मुख्यमंत्री की मां समान भाभी और एक जनप्रतिनिधि हैं। फिर भी मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट मंत्री द्वारा उनके लिए बोले गए अपमानजनक शब्द को बर्दाश्त कर रहे हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।