Move to Jagran APP

Jharkhand Election: राहुल-तेजस्वी आ रहे रांची, JMM के साथ सीट बंटवारे पर होगी डील; लागू होगा पुराना फॉर्मूला?

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 की तैयारियां जोरों पर हैं। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाले गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर जल्द ही फैसला हो सकता है। 18 अक्टूबर को राजद नेता तेजस्वी यादव और 19 अक्टूबर को कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान सीटों के बंटवारे पर सहमति बनने की उम्मीद है।

By Pradeep singh Edited By: Rajat Mourya Updated: Wed, 16 Oct 2024 08:53 PM (IST)
Hero Image
राजद नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और JMM नेता हेमंत सोरेन। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, रांची। Jharkhand Election 2024 झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन में सीटों की हिस्सेदारी को लेकर 18 अक्तूबर को बैठक होगी। इसी दिन राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) रांची आएंगे। कांग्रेस और वामदलों के नेता भी बैठक में उपस्थित रहेंगे। बैठक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) के साथ होगी। सहमति बनी तो उसी दिन शेयरिंग पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

19 अक्टूबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi Ranchi Visit) रांची आएंगे। बैठक में सीटों को लेकर बनी सहमति से उन्हें अवगत कराकर इसकी घोषणा कर दी जाएगी। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) सीट शेयरिंग फाइनल होने के बाद अपने प्रत्याशियों की भी घोषणा कर देगा।

दिल्ली में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात करते हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन। फोटो- एक्स

इस सिलसिले में झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय बुधवार को दिल्ली गए। वहां उनकी कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक होगी। वे गुरुवार को रांची लौट आएंगे और शीर्ष नेतृत्व को बातचीत से अवगत कराएंगे।

पुराने फॉर्मूले के आधार पर ही बंटवारा

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का शीर्ष नेतृत्व सीट शेयरिंग को लेकर गंभीरता से काम कर रहा है। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने हाल ही में नई दिल्ली में राहुल गांधी के साथ-साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल से नई दिल्ली में भेंट की है।

कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने आलाकमान के निर्देश पर सीटों का खाका तैयार कर लिया है। राजद की दावेदारी कुछ अधिक सीटों पर है। इसके अलावा वामदलों का भी सीटों को लेकर दावा है। भाकपा (माले) में मासस के विलय के बाद परिस्थिति बदली है। ऐसे में गठबंधन के प्रमुख दलों पर इसकी जिम्मेदारी होगी कि वे जल्द से जल्द सीट बंटवारे पर सहमति बनाएं। प्रमुख नेताओं का दौरा इसमें सहायक होगा।

झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन कह चुके हैं कि गठबंधन मिलकर सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। फिलहाल कांग्रेस को 29 सीटें देने की तैयारी है। झामुमो 43 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेगा। राजद और वामदलों के लिए बातचीत के आधार पर सीटें छोड़ी जाएगी।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव। फाइल तस्वीर

RJD के प्रधान महासचिव ने बताया तेजस्वी का प्लान

प्रदेश राजद के प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव ने बताया कि तेजस्वी यादव रांची में पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और चुनाव से संबंधित सभी बिंदुओं पर बातचीत करेंगे। तेजस्वी यादव 19 अक्टूबर को भी रांची में रहेंगे। इस दौरान उनकी कोशिश सीटों के बंटवारे पर अंतिम सहमति बनाने की होगी।

बता दें कि बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तथा राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव 18 अक्टूबर को सड़क मार्ग से रांची आएंगे। झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही सभी प्रमुख दलों के वरिष्ठ नेताओं की गतिविधियाें का केंद्र रांची बना हुआ है। तेजस्वी प्रसाद यादव यहां सीट शेयरिंग पर अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श करेंगे। उसके बाद ही यह तय होगा कि झारखंड में राजद कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Election 2024: झामुमो ने भाजपा-चुनाव आयोग को बताया 'बंटी और बबली', कहा- उधर लिखी पटकथा, इधर लगी मुहर

ये भी पढ़ें- Jharkhand BJP List: अजयनाथ शाहदेव का कांग्रेस से मोहभंग, नवीन जायसवाल को रांची से लड़ाएगी BJP; कल आएगी लिस्ट!

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।