Move to Jagran APP

Jharkhand Elections 2024: सीट बंटवारे को लेकर असमंजस में राजद, टलती रही प्रेस कॉन्फ्रेंस, रांची में जमे तेजस्वी यादव

Jharkhand Assembly Elections 2024 झारखंड विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर राजद असमंजस में है। पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव पिछले तीन दिनों से रांची में जमे हुए हैं। वे झारखंड के नेताओं के साथ मंत्रणा कर रहे हैं। सोमवार की देर रात तक सभी बैठकें बेनतीजा रही।

By Dilip Kumar Edited By: Mohit Tripathi Updated: Mon, 21 Oct 2024 10:50 PM (IST)
Hero Image
सोमवार की शाम तक कोई निर्णय नहीं, रांची में जमे हैं तेजस्वी। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, रांची। Jharkhand Assembly Elections 2024 झारखंड विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में सीट शेयरिंग के झामुमो-कांग्रेस के फार्मूले से नाराज राजद अब भी उहापोह में है। लगातार दूसरे दिन राजद कोई निर्णय नहीं ले सका। बार-बार पार्टी की प्रेस कांफ्रेंस टलती रही। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष सह बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव पिछले तीन दिनों से रांची के होटल रेडिसन ब्लू में जमे हुए हैं। वे अपने कार्यकर्ताओं, झारखंड के नेताओं के साथ मंत्रणा कर रहे हैं। सोमवार की देर रात तक सभी बैठकें बेनतीजा रही।

रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस टलने के बाद दूसरी प्रेस कांफ्रेंस में राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह सांसद मनोज झा ने घोषणा की थी कि महागठबंधन में फैसला हो या न हो, राजद सोमवार की सुबह 11 बजे अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर देगा। सोमवार की सुबह 11 बजे की प्रेस कांफ्रेंस का समय दोपहर डेढ़ बजे कर दिया गया। दोपहर डेढ़ बजे के पहले ही राजद ने अपनी प्रस्तावित प्रेस कांफ्रेंस को स्थगित कर दिया।

पूछने पर पार्टी के नेताओं ने कहा कि महागठबंधन में उबात चल रही है। इस बीच यह सूचना आई कि राजद सात सीटों को लेकर तैयार है। इसे पार्टी ने अधिकृत रूप से खारिज कर दिया। कहा गया कि अभी बात नहीं बनी है। स्थिति यथावत है।

झामुमो के आरोप को चुनाव आयोग ने बताया निराधार

चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव में कई मतदान केंद्रों पर मतदान का समय कम किए जाने के झामुमो के आरोप को निराधार और तथ्यहीन बताया है। आयोग ने एक्स पर मतदान के समय को लेकर स्थिति भी स्पष्ट की है। आयोग के अनुसार, राज्य में कुल 29,562 मतदान केंद्र है, जिनमें से ग्रामीण क्षेत्रों में 24,520 मतदान केंद्र है और शहरी क्षेत्र में 5,042 मतदान केंद्र है।

नक्सल प्रभावित 981 ग्रामीण मतदान केंद्रों को छोड़कर बाकी 28,581 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक ही मतदान होगा। इनमें 23,539 ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केंद्र तथा 5,042 शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्र सम्मिलित हैं। सिर्फ 981 ग्रामीण मतदान केंद्रों पर ही शाम चार बजे तक मतदान होगा।

आयोग के अनुसार, वर्ष 2014 एवं 2019 के विधानसभा चुनावों में 89 प्रतिशत (22,132) तथा 63 प्रतिशत (18,555) मतदान केंद्रों पर मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक रखा गया था। इस बार महज तीन प्रतिशत (981) मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम चार बजे का समय मतदान के लिए निर्धारित किया गया है। यह आयोग के विशेष प्रयासों से ही संभव हुआ है।

आयोग ने यह भी कहा है कि मतदान के समय का पर्याप्त प्रचार-प्रसार किया जाता है।। मतदान समाप्ति का समय कोई भी हो, उस समय लाइन में खड़े सभी मतदाताओं को मतदान करने का अवसर प्रदान किया जाता है।

बता दे कि झामुमो ने आयोग को पत्र भेजकर कई केंद्रों पर मतदान का समय कम किए जाने की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए सभी मतदान केंद्रों पर शाम पांच बजे तक मतदान कराने की मांग की थी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।