Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

झारखंड में 'खेला' बाकी! इस रिपोर्ट से गदगद कांग्रेस नेता, बता दिया अपना एग्जिट पोल

Jharkhand Exit Poll 2024 झारखंड कांग्रेस एग्जिट पोल में कम सीटें मिलने की संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया औक इसे दुर्भावनाओं का पिटारा घोषित कर दिया है। गठबंधन को महज दो सीटें मिलने के अनुमान का भी स्वागत किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उन्हें तो कतई उम्मीद नहीं थी कि एग्जिट पोल में पार्टी को एक ही सीट दिखाया जाएगा।

By Ashish Jha Edited By: Shashank Shekhar Updated: Sun, 02 Jun 2024 09:03 PM (IST)
Hero Image
झारखंड में 'खेला' बाकी! इस रिपोर्ट से गदगद कांग्रेस नेता, बता दिया अपना एग्जिट पोल (फाइल फोटो)

आशीष झा, रांची। Jharkhand Exit Poll 2024 झारखंड प्रदेश कांग्रेस एग्जिट पोल में कम सीटें मिलने की संभावनाओं को सिरे से खारिज करते हुए इसे दुर्भावनाओं का पिटारा घोषित कर दिया है। गठबंधन को महज दो सीटें मिलने के अनुमान का भी स्वागत करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि उन्हें तो कतई उम्मीद नहीं थी कि एग्जिट पोल में पार्टी को एक भी सीट दिखाया जाएगा। दूसरी ओर, आंतरिक रिपोर्ट से कांग्रेस के नेता प्रसन्न हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मनोवैज्ञानिक रूप से हतोत्साहित करने का यह माध्यम भाजपा की केंद्र सरकार ने खड़ा किया है। कार्यकर्ता जब पहले से यह सुन चुके होते हैं कि कांग्रेस हार रही है तो उन्हें परिणाम के दिन ऐसी कोई गड़बड़ी नहीं दिखती और इसी का फायदा उठाया जाता है।

कार्यकर्ताओं को हौसला बुलंद रखने को कहा 

इस बार कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दे दिया गया है कि किसी भी हाल में टूटना नहीं है। मुस्तैदी के साथ डटे रहना है। ठाकुर ने दावा किया कि पिछली बार कई सीटों पर मतगणना पूर्ण होने के पहले ही हमारे कार्यकर्ता निकल गए थे। ऐसा इस बार नहीं होगा। सभी उम्मीदवारों और जिला अध्यक्षों से संवाद कर उन्हें निर्देशित कर दिया गया है।

कांग्रेस नेताओं ने अपने हिस्से की सभी सीटों पर बेहतर परिणाम की उम्मीद जताई है लेकिन खूंटी, लोहरदगा, गाेड्डा और हजारीबाग में जीत को लेकर पार्टी पूरी तरह से आशान्वित है। हजारीबाग के मांडू, रामगढ़, बड़कागांव आदि क्षेत्रों से बढ़त का दावा पार्टी की ओर से किया जा रहा है।

हजारीबाग सदर को छोड़कर सभी सीटों पर कड़ा मुकाबला होने का दावा है और यही कांग्रेस की जीत का आधार माना जा रहा है। कांटे की टक्कर में अंतिम समय में कोई भी फैसला सामने आ सकता है। प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा के अनुसार 2004 की पुनरावत्ति होगी।

उस वक्त विभिन्न मीडिया समूहों ने एनडीए को तीन सौ से अधिक सीटों पर जीता हुआ दिखाया था लेकिन सरकार तो कांग्रेस की ही बनी। इस बार भी ऐसा ही होगा। झारखंड में कांग्रेस और झामुमो के प्रति लहर है और कहीं भी मोदी लहर नहीं दिखी। लोकसभा क्षेत्र तो छोड़िए विधानसभाओं में भी कहीं नहीं दिखा।

तो फिर मातम क्यों मनाने लगे भाजपा नेता- राकेश सिन्हा

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा के कई उम्मीदवार विभिन्न माध्यमों से चुनाव को लेकर मातम मनाते हुए दिख रहे हैं। कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का नाम काट दिए जाने का आरोप हो या फिर लाइन में लगने के बाद भी वोटिंग का मौका नहीं मिलने जैसे आरोप।

उन्होंने कहा कि ऐसे आरोप तभी लगाए जाते हैं जब आप जानते हैं कि आपका उम्मीदवार हार रहा है। भाजपा के कई नेता परिणाम को लेकर अभी से मातमी माहौल में दिख रहे हैं। रांची के सांसद का आरोप सबने देखा है तो दुमका से सीता सोरेन की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कई भाजपाई मित्र अभी से हमें बधाई देने लगे हैं। ऐसे में जीत को लेकर कांग्रेस और झामुमो के दावों को उन्होंने सही करार दिया।

कई सीटों पर कड़ा मुकाबला, जीत हार का अंतर होगा कम

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार खूंटी, लोहरदगा आदि सीटों पर कांटे की टक्कर है और ऐसी सीटों पर अंतिम समय तक कड़ा मुकाबला के आसार हैं। उम्मीद है कि महागठबंधन के प्रत्याशियों की जीत होगी। अन्य सीटों पर भी कांग्रेस और झामुमो के उम्मीदवारों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। धनबाद में भी कांग्रेस ने कड़े मुकाबले की उम्मीद की है लेकिन पिछला चुनाव इतना अधिक वोटों से हारे थे कि कांग्रेसी स्वयं भी इसका आकलन नहीं कर पा रहे हैं कि इस बार क्या होगा।

एग्जिट पोल और एक्जैक्ट पोल में अंतर है। एक्ज़िट पोल के माध्यम से हम पर साइकोलाजिकल हमला करने का प्रयास किया गया है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। झारखंड में हम पिछली बार के मुकाबले बहुत ही अच्छी स्थिति में हैं। इस बार हम 2019 के मुकाबले कहीं अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर रहे हैं।- राजेश ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष।

ये भी पढ़ें- 

देश से भगाए जाएंगे रोहिंग्या! BJP नेता ने बता दी टाइमिंग, बढ़ी सियासी हलचल

Dhanbad Traffic Change : काउंटिंग के दिन बदली रहेगी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, रूट चार्ट किया गया जारी

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें