Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ranchi: रांची में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, दीवार गिरने से छात्र की मौत; रेस्क्यू में जुटी NDRF की टीम

Jharkhand Rain Alert झारखंड में गुरुवार की रात से हो रही लगातार बारिश के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई इलाकों में बाढ़ सा नजारा देखने को मिल रहा है। राहत एवं बचाव के लिए पहली बार एनडीआरएफ को उतरना पड़ा है। वहीं भारी बारिश के कारण एक छात्र की मौत भी हो चुकी है। भारी बारिश के कारण आवागमन बंद हो गया है।

By Jagran News Edited By: Shoyeb Ahmed Updated: Sat, 03 Aug 2024 08:52 AM (IST)
Hero Image
झारखंड में भारी बारिश के बाद बचाव एवं राहत कार्य में उतरी एनडीआरएफ की टीम

जागरण संवाददाता, रांची। Jharkhand Rain Update राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में गुरुवार की रात से लगातार बारिश के कारण हर तरफ पानी का सैलाब है। निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या से आम और खास हर कोई जूझ रहा है।

रांची में कुछ जगहों पर बाढ़-सा नजारा देखने को मिल रहा है। पहली बार राहत एवं बचाव के लिए एनडीआरएफ को उतरना पड़ा। भारी बारिश के कारण शुक्रवार को पिस्का मोड़ के पास दीवार गिरने से स्कूली छात्र अश्विनी की मौत हो गई।

हर तरफ पानी ही पानी

वहीं तपोवन मंदिर के समीप हरमू नदी पार करने के दौरान भैंस के चार बच्चे बह गए। बारिश के कारण दुमका-देवघर के बीच रेल परिचालन प्रभावित हुआ। बासुकीनाथ रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर पानी भर गया। बीसीसीएल, ईसीएल और सीसीएल की कई पोखरिया खदानें जलमग्न हो गईं। कोयला उत्पादन प्रभावित हुआ है।

विमान सेवा भी प्रभावित हुई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होगी। इसके मद्देनजर राज्य आपदा प्रबंधन ने सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखकर अलर्ट जारी किया है। शिक्षा विभाग ने शनिवार को सभी प्राइवेट और सरकारी विद्यालयों को बंद करने का आदेश जारी किया है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दवाब क्षेत्र

बंगाल की खड़ी में बने निम्न दबाव (लो प्रेशर ) के कारण लगातार वर्षा हो रही है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार यह निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में डीप डिप्रेशन में बदलकर और गंभीर हो जाएगा।

इसका मूवमेंट पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर है। मौसम केंद्र निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार झारखंड के रांची, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज, देवघर में गुरुवार से भारी अच्छी वर्षा हुई है।

राजधानी रांची में शुक्रवार देर रात तक मूसलाधार वर्षा होती रही। इस दौरान शहर में 11 स्थानों पर पेड़ गिरे। जिससे आवागमन बाधित हो गया।

एक छात्र की मौत

वहीं भारी बारिश के कारण पिस्का मोड़ के पास स्कूल छात्र अश्विनी की मौत हो गई। गुरुकृपा स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर जाने के क्रम में गैलेक्सिया माल के बगल में स्थित मधुकम गली में एक दीवार गिरने से वह उसमें दब गया। वह मधुकम का रहने वाला था। चौथी कक्षा में पढ़ता था।

उसकी बहन नौवीं कक्षा में पढ़ती है, जो घायल हो गई है। वह इलाजरत है। वहीं भारी बारिश से कई इलाकों में बिजली सुबह से गुल है। शनिवार को भी भारी वर्षा को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। जिला प्रशासन व नगर निगम पूरी तरह मुश्तैद है।

गली मोहल्ले भी जलमग्न

लगातार बारिश के कारण शहरी क्षेत्र के मुख्य पथों से लेकर गली-मोहल्ले जलमग्न हो गए हैं। कई अपार्टमेंटों के बेसमेंट में पानी भरा गया। चार पहिया वाहन डूब गए हैं। सड़कों पर घुटनों तक पानी भरा है। बारिश के कारण शनिवार को रांची की रफ्तार थम-सी गई।

लालपुर थाना के समीप सड़क तालाब में परिवर्तित हो गई। कडरू-हिंदपीढ़ी मार्ग को जोड़ने वाले मार्ग पर हरमू नदी की जलधारा का प्रवाह काफी तेज हो गया है। खोरहा टोली आनंद नगर स्थित पुल के ऊपर से पानी बह रहा है।

पहले भी हो चुकी है दो लोगों की मौत

पूर्व में इस पुल से गुजरने के क्रम में दो व्यक्ति पानी में बहकर अपनी जान गंवा चुके हैं, जिनका आज तक पता नहीं चला। दीपा टोली न्यू नगर इलाके में घरों में पानी घुस गया। दीपाटोली में जलजमाव के कारण निचले इलाकों में रहने वाले कई लोग अपने घरों में फंस गए। आसपास के घरों में भी पानी घुस गया था।

सूचना मिलने पर देर शाम से एनडीआरएफ टीम को उतरना पड़ा और रेस्क्यू में लगभग 35 महिला व पुरुष सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं स्वर्णरेखा नदी भी उफान पर है। गेतलसूद, कांके और रूक्का डैम का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं कई स्थानों पर कच्चे मकान गिर गए हैं।

राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि शनिवार को भी भारी और अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी है। पलामू प्रमंडल अंतर्गत पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार के अलावा हजारीबाग, लोहरदगा, गुमला में अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है।

इसे देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोडरमा, गिरिडीह, रामगढ़, बोकारो, रांची, खूंटी, सिमड़ेगा जिले में भारी वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

परेशानी हो, तो तत्काल करें सूचित प्रशासन ने जारी किए नंबर 9004287755 व 9910422125 पर दें सूचना नगर निगम ने जारी किया टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 वाट्सएप नंबर 814-123-1235

विमान सेवा भी हुई प्रभावित

मौसम खराब होने के कारण शुक्रवार को दिल्ली से रांची आने वाले इंडिगो के विमान (6ई 2218) व बेंगलुरु से रांची आने वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान (आइ5 942) को कोलकाता डायवर्ट किया गया। वहीं, दूसरी ओर दिल्ली-रांची (6ई 5095) 47 मिनट, दिल्ली-रांची (6ई 5023) एक घंटे पांच मिनट व कोलकाता-रांची (6ई 7674) 46 मिनट विलंब से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा। इसी प्रकार, रांची-दिल्ली (6ई 2219) चार घंटे 48 मिनट, रांची-दिल्ली (यूके 754) एक घंटे, रांची-मुंबई (6ई 298) एक घंटे 22 मिनट, रांची-बेंगलुरु (आइ5 1782) तीन घंटे 41 मिनट, रांची-दिल्ली (6ई 2286) एक घंटे 26 मिनट, रांची-दिल्ली (आइ5 778) एक घंटे सात मिनट, रांची-चेन्नई (6ई 209) 56 मिनट, रांची-दिल्ली (6ई 5024) विमान ने एक घंटे पांच मिनट विलंब से उड़ान भरी।

रांची में सर्वाधिक वर्षा

शुक्रवार को सर्वाधिक वर्षा रांची में 90, खूंटी 60.5, लातेहार में 49.5, पलामू में 16.5, रामगढ़ मं 27.5, सिमडेगा में 24, गुमला 0.5 , सरायकेला में 7.5, साहिबगंज 27.5 एमएम बारिश हुई है।

सबकी सुरक्षा के उपाय, हालात पर नजर : हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी है। सबकी की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन अलर्ट पर है और तत्परता से अपनाज्ञकाम कर रहा है।

वे स्वयं स्थिति पर नजर रख रहे हैं। किसी भी सहायता के लिए प्रशासन से संपर्क करें। आपात स्थिति में 112 पर फोन करें।

उल्लेखनीय है कि एहतियात के तौर पर आज राज्य के सभी सरकारी और निजी विद्यालय बंद कर दिए गए हैं। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, सतर्क और सुरक्षित स्थान पर रहने को कहा गया है।

ये भी पढे़ं-

Jharkhand School Closed: झारखंड में कल बंद रहेंगे सभी स्कूल, भारी बारिश के अलर्ट के बाद निर्देश जारी

Jharkhand Weather: मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया, चेतावनी के बाद प्रशासन सतर्क

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर