Move to Jagran APP

Jharkhand Politics: कांग्रेस वाले चिदंबरम सर से टिप्‍स लेकर लौटे हेमंत सोरेन... बीते दिन आनन-फानन में गए थे दिल्ली...

Jharkhand News झारखंड में राजनीतिक उथलपुथल की संभावनाओं के बीच मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन नई दिल्‍ली से शुक्रवार को रांची वापस लौट गए हैं। उन्‍होंने दिल्‍ली में कांग्रेस नेता पी चिदंबरम से मुलाकात की है। इस बीच झारखंड के सियासी हालात पर भी चर्चा हुई।

By Alok ShahiEdited By: Updated: Sat, 17 Sep 2022 07:14 AM (IST)
Hero Image
Jharkhand News: हेमंत सोरेन ने नई दिल्‍ली में पी चिदंबरम से मुलाकात की।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand News आनन-फानन में नई दिल्‍ली गए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को रांची वापस लौट आए हैं। नई दिल्ली में उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार सीएम की यह शिष्टाचार मुलाकात थी। माना जा रहा है कि उन्होंने झारखंड के ताजा राजनीतिक हालात को लेकर चिदंबरम से चर्चा की है।

हेमंत सोरेन के वकील ने चुनाव आयोग से मांगी मंतव्य की प्रति

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विधानसभा सदस्यता को लेकर निर्वाचन आयोग ने सुनवाई पूरी करते हुए राज्यपाल रमेश बैस को अपना मंतव्य भेज दिया है। लेकिन राज्यपाल ने अभी तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है। इसको देखते हुए निर्वाचन आयोग में हेमंत सोरेन का पक्ष रखने वाले अधिवक्ता वैभव तोमर और मलक भट्ट की ओर से निर्वाचन आयोग के सचिव को पत्र लिखा है। पत्र में उनकी ओर से आयोग से राज्यपाल को भेजे गए मंतव्य की प्रति मांगी है। ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। मंतव्य भेजे जाने का आधार मीडिया में आई रिपोर्ट को बताया गया है।

आदिवासी कांग्रेस कमेटी ने निकाली महागठबंधन सरकार की आभार यात्रा

रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस व जिला आदिवासी कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को महागठबंधन सरकार की आभार यात्रा निकाली। ढोल नगाड़े के साथ कमेटी के पदाधिकारी-कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से शहीद चौक होते हुए अलबर्ट एक्का चौक तक पहुंचे। यहां कांग्रेस नेताओं ने 1932 के खतियान के आधार पर स्थानीय नीति बनाये जाने, ओबीसी को 27 प्रतिशत, एससी को 28 प्रतिशत व एससी केा 12 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव पास होने पर खुशी जाहिर की और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।

मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर जी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार जो बोलती है उसे पूरा करके दिखाती है। चुनाव में जनता से किए गए वादे के अनुरूप सरकार अपना कार्य कर रही है। राज्य की विपक्ष की पार्टी भाजपा आज तक स्थानीयता और आरक्षण के नाम पर सिर्फ राजनीति करती आयी है। पहली बार महागठबंधन की सरकार खतियान के आधार पर स्थानीयता और ओबीसी, एसटी, एससी को आरक्षण संबंधित प्रस्ताव को कैबिनेट से पास करवा दी है। यह राज्य की जनता के लिए काफी हर्ष का विषय है।

आभार यात्रा कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश प्रवक्ता सतीश पाल मुंजनी, कार्यालय प्रभारी अमूल्य नीरज खलखो, राकेश सिन्हा, राजेश सिन्हा सन्नी, रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश कुमार बैठा, बेलस तिर्की, सुषमा हेमरोम, कुमार राजा, जितेंद्र आदि उपस्थित थे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।