Move to Jagran APP

फिर पिट गई झारखंड की स्‍मार्ट पुलिस! सरेंडर कर चुके नक्‍सली विमल को बता रही मोस्‍ट वांटेड

Jharkhand Latest News झारखंड पुलिस की एक बार फिर से किरकिरी हो रही है। मामला 25 लाख के इनामी नक्‍सली विमल यादव से जुड़ा है। जिसने रांची के आइजी ऑफिस में एक महीना पहले ही सरेंडर किया है। बावजूद पुलिस अखबारों में इश्‍तेहार देकर उसे पकड़वाने का आग्रह कर रही।

By Alok ShahiEdited By: Updated: Thu, 24 Mar 2022 06:03 PM (IST)
Hero Image
Jharkhand Latest News: बड़े-बड़े दावे करने वाली झारखंड पुलिस की एक बार फिर से किरकिरी हो रही है।
रांची, [दिलीप कुमार]। Jharkhand Latest News फिर से पिट गई है झारखंड की स्‍मार्ट पुलिस। मामला एक 25 लाख के इनामी नक्‍सली विमल यादव से जुड़ा है। जिसने एक महीने पहले ही सरेंडर किया है। बावजूद झारखंड पुलिस उसे मोस्‍ट वांटेड बताते हुए अखबारों में इश्‍तेहार देकर आम लोगों से उसे पकड़वाने में मदद की अपील कर रही है। बीते दिन समाचार पत्रों में विज्ञापन छपवाकर आम जनता से मदद की अपील करते हुए पुलिस ने कहा कि सूचनादाता की पहचान गुप्‍त रखी जाएगी। जबकि फरवरी में ही विमल यादव ने रांची के आइजी ऑफिस में सरेंडर किया था।

रांची प्रक्षेत्र के आइजी कार्यालय में झारखंड पुलिस व सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर चुका माओवादियों के स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य 25 लाख रुपये का इनामी उमेश यादव उर्फ विमल उर्फ राधेश्याम यादव अब भी गुमला पुलिस के लिए वांटेड बना हुआ है। बुधवार को गुमला पुलिस ने इससे संबंधित एक विज्ञापन प्रकाशित करवाकर आम जनता से सहयोग मांगा है। लोगों से अपील की है कि वे इनकी सूचना दें, उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।

दरअसल, बिहार व झारखंड के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्जनभर हत्याओं व हमलों का आरोपित विमल यादव ने गत माह 25 फरवरी को रांची प्रक्षेत्र के आइजी पंकज कंबोज के कार्यालय परिसर में सीआरपीएफ झारखंड चैप्टर के आइजी राजीव सिंह, आइजी अभियान अमोल वी. होमकर, डीआइजी विशेष शाखा अनूप बिरथरे, एसएसपी रांची सुरेंद्र कुमार झा व ग्रामीण एसपी रांची नौशाद आलम के सामने आत्मसमर्पण किया था। वह वर्तमान में जेल में बंद है। तब इससे संबंधित प्रेस कांफ्रेंस भी आयोजित हुआ था और सभी समाचार पत्रों में इससे संबंधित समाचार भी प्रकाशित हुआ था। इसके बावजूद बुधवार को समाचार पत्रों में प्रकाशित गुमला पुलिस का विज्ञापन पुलिस के अलर्टनेस पर सवाल खड़ा कर रहा है। हालांकि, गुमला के एसपी ऐहतेशाम वकारिब ने इसे मानवीय भूल बताया है। उन्होंने कहा कि इसे सुधार लिया जाएगा।

कई मामलों में आरोपित है विमल यादव

माओवादी विमल यादव मूल रूप से बिहार के जहानाबाद जिले के करौना सेवनन सलेमपुर का रहने वाला है। उसपर बिहार व झारखंड के विभिन्न थानों में नक्सल से संबंधित कुल 25 कांड दर्ज हैं। इनमें जहानाबाद में पांच, मसौढ़ी में एक, बारेसाढ़ में तीन, चंदवा में एक, छिपादोहर थाने में एक, गढ़वा के भंडरिया में 12, रमकंडा में एक व तमाड़ में एक कांड शामिल हैं।

गुमला पुलिस के विज्ञापन में विमल सहित छह नक्सली हैं वांटेड

गुमला पुलिस के विज्ञापन में 25 लाख के इनामी विमल यादव के अलावा सब जोनल कमांडर कांडे होनहागा, कुंदन खेरवार, मनीष यादव, राजू भुइया व कजेश गंझू को वांटेड घोषित किया गया है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।