Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Food Safety Index : फूड सेफ्टी इंडेक्स में झारखंड को लगा झटका, ज्यादा अंक मिलने के बावजूद 13 पायदान गिरी रैंक

Food Safety Index झारखंड में मिलावटखोरी पर लगाम लगाने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों को झटका लगा है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकार (FSSAI) द्वारा जारी छठे स्टेट फूड सेफ्टी इंडेक्स में झारखंड की रैंकिंग 13 पायदान नीचे गिर गई है। पिछले साल झारखंड 16वें स्थान पर था लेकिन अब 29वें स्थान पर आ गया है।

By Neeraj Ambastha Edited By: Yogesh Sahu Updated: Fri, 04 Oct 2024 07:04 PM (IST)
Hero Image
फूड सेफ्टी इंडेक्स में 13 पायदान तक फिसला झारखंड।

नीरज अम्बष्ठ, रांची। मिलावटखोरी पर रोक लगाने, उपभोक्ताओं तक सुरक्षित खाद्य पदार्थ की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा इसे लेकर लोगों को जागरूक करने को लेकर हुए प्रयासों की रैंकिंग में झारखंड पिछले वर्ष के मुकाबले 13 पायदान नीचे लुढ़क गया है।

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकार (एफएसएसएआइ) द्वारा वर्ष 2022-23 के लिए जारी इंडेक्स में झारखंड 16वें स्थान पर था, जो 2023-24 में लुढ़ककर देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 29वें स्थान पर पहुंच गया।

एफएसएसएआइ ने छठा स्टेट फूड सेफ्टी इंडेक्स 24 सितंबर को जारी किया है। पूरी रिपोर्ट झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग को भेजते हुए उसमें सुधार का प्रयास करने का अनुरोध किया है।

एफएसएसएआइ द्वारा इस वर्ष भी छह पारामीटर में खाद्य सुरक्षा को लेकर राज्यों के प्रयास का आकलन किया गया है। सभी पारामीटर के लिए अलग-अलग अंक निर्धारित था।

कुल सौ अंकों के पारामीटर में झारखंड को महज 26.5 अंक मिला और यह पूरे देश में 29वें स्थान पर रहा। इसमें केरल, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, नगालैंड का प्रदर्शन अन्य राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से बेहतर रहा है।

हालांकि, झारखंड को ओवरआल प्राप्त अंक में पिछले वर्ष से इस बार सुधार हुआ है, लेकिन रैंकिंग में गिरावट आई है। वर्ष 2022-23 के इंडेक्स में झारखंड को सौ अंकों में 20 अंक ही मिले थे।

पिछले वर्ष की तरह इस बार भी रैंकिंग में सुधार के मानक पर झारखंड को शून्य अंक मिला। उपभोक्ताओं को जागरूक करने, शिकायतों के निवारण, खाद्य पदार्थों की जांच आदि में भी राज्य को बहुत कम अंक मिले हैं।

किस पैरामीटर में झारखंड को मिले कितने अंक

पैरामीटर अधिकतम अंक झारखंड को प्राप्त अंक
मानव संसाधन तथा संस्थागत डाटा 09 2.5
शिकायतों का निष्पादन 28 04
खाद्य जांच तथा सर्विलांस 36 16
प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण 08 03
उपभोक्ता जागरुकता 09 01
रैंकिंग में सुधार 10 00
कुल 100 26.5

तीन वर्षों में झारखंड का प्रदर्शन

वर्ष झारखंड को मिले अंक रैंक
2021-22 41.5 16
2022-23 20 16
2023-24 26.5 29

यह भी पढ़ें

Jharkhand News: दुर्गा पूजा के बीच सेलकर्मियों की हो गई बल्ले-बल्ले, मिलेगा 26,500 रुपये बोनस

कैसे मनाएंगी दुर्गापूजा? केद्रांश से 2542 आंगनबाड़ी सेविकाओं को 6 माह तो 2236 सहायिकाओं को 4 माह से मानदेय नहीं

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें