Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand New DGP: अब शुरू होगी नए डीजीपी की खोज, जनवरी में सेवानिवृत्त हो जाएंगे अजय कुमार सिंह

झारखंड में नए डीजीपी के नाम की खोज शुरू होनी है। इसके लिए योग्यता है कि वह अधिकारी आइपीएस के रूप में 30 साल की नौकरी पूरी कर लिया हो और जिसकी सेवानिवृत्त में कम से कम छह महीने बचे हों। इसके अनुसार 1994 बैच या इससे पूर्व के सभी आइपीएस अधिकारियों के नामों को डीजीपी पैनल के लिए राज्य सरकार यूपीएससी से अनुशंसा करेगी।

By Dilip Kumar Edited By: Rajat Mourya Updated: Thu, 13 Jun 2024 05:39 PM (IST)
Hero Image
झारखंड के डीजीपी अजय कुमार सिंह (फाइल फोटो)

दिलीप कुमार, रांची। झारखंड के वर्तमान डीजीपी अजय कुमार सिंह जनवरी में सेवानिवृत्त हो जाएंगे। सिर्फ डीजीपी ही नहीं, दस महीने के भीतर झारखंड कैडर के शीर्ष के छह अन्य आइपीएस अधिकारी भी सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इनमें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात डीजी एनसीबी एसएन प्रधान, सीबीआइ के संयुक्त निदेशक अजय भटनागर सहित, एडीजी आरके मल्लिक, एडीजी मुरारी लाल मीणा, आइजी राजकुमार लकड़ा व डीजी अनुराग गुप्ता शामिल हैं।

अब नए डीजीपी के नाम की खोज शुरू होनी है। इसके लिए योग्यता है कि वह अधिकारी आइपीएस के रूप में 30 साल की नौकरी पूरी कर लिया हो और जिसकी सेवानिवृत्त में कम से कम छह महीने बचे हों। इसके अनुसार, 1994 बैच या इससे पूर्व के सभी आइपीएस अधिकारियों के नामों को डीजीपी पैनल के लिए राज्य सरकार यूपीएससी से अनुशंसा करेगी।

डीजीपी का कार्यकाल दो साल का होता है। वर्तमान में 1989 बैच के आइपीएस अधिकारी अजय कुमार सिंह झारखंड के डीजीपी हैं। उन्होंने 15 फरवरी 2023 को डीजीपी का पदभार ग्रहण किया था।

नियम के अनुसार, उनका कार्यकाल 15 फरवरी 2025 तक है, लेकिन वे 31 जनवरी 2025 को ही सेवानिवृत्त हो जाएंगे। ऐसी स्थिति में 31 जनवरी 2025 के पहले यूपीएससी को डीजीपी पद के लिए राज्य सरकार से भेजे गए आइपीएस अधिकारियों की सूची से तीन नामों का चयन कर भेजना होगा।

राज्य सरकार डीजीपी पद के पैनल के लिए आइपीएस अधिकारियों का नाम, उनका कार्यकाल व उनकी छवि आदि डीजीपी की सेवानिवृत्ति से तीन महीने पहले यूपीएससी को भेजती है। ऐसी स्थिति में उम्मीद है कि इस वर्ष अक्टूबर तक राज्य सरकार नए डीजीपी के लिए छह आइपीएस अधिकारियों के नामों का पैनल भेज सकती है, जिसमें से तीन नामों का चयन कर यूपीएससी राज्य सरकार को भेजेगी।

उन्हीं तीन नाम में से एक नाम का राज्य सरकार चयन करेगी और उन्हें राज्य का नया डीजीपी बनाएगी। इस वर्ष अक्टूबर-नवंबर में झारखंड विधानसभा का चुनाव संभावित है। ऐसी स्थिति में संभव है चुनाव की अधिसूचना के पूर्व या चुनाव के बाद नई सरकार डीजीपी के लिए अधिकारियों का पैनल यूपीएससी को भेजेगी।

कौन आईपीएस अधिकारी कब हो रहे हैं सेवानिवृत्त?

  • एसएन प्रधान, डीजी एनसीबी (1988 बैच) : अगस्त 2024
  • अजय भटनागर, संयुक्त निदेशक, सीबीआइ (1989 बैच) : नवंबर 2024
  • अजय कुमार सिंह, डीजीपी झारखंड (1989 बैच) : जनवरी 2025
  • अनुराग गुप्ता, डीजी सीआइडी सह डीजी एसीबी (1990 बैच) : अप्रैल 2025
  • आरके मल्लिक, एडीजी मुख्यालय (1992 बैच) : जनवरी 2025
  • मुरारी लाल मीणा, एडीजी झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (1993 बैच) : जनवरी 2025
  • राजकुमार लकड़ा, आइजी जैप (2005 बैच) : जनवरी 2025

नए डीजीपी के पैनल के लिए 1994 बैच व इससे पहले के ये ही अधिकारी हैं योग्य

  • अनिल पाल्टा, डीजी अग्निशमन सह गृह रक्षा वाहिनी (1990 बैच) : इनकी सेवानिवृत्ति दिसंबर 2026 में है।
  • प्रशांत सिंह, डीजी समकक्ष रैंक में हैं। वर्तमान में प्रबंध निदेशक, झारखंड पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन लिमिटेड (1992 बैच) : इनकी सेवानिवृत्ति मई 2028 में है।
  • मनविंदर सिंह भाटिया, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर आइजी सीआरपीएफ हैं (1993 बैच) : इनकी सेवानिवृत्ति फरवरी 2029 में है।
  • तदाशा मिश्रा, एडीजी रेल हैं। (1994 बैच) : इनकी सेवानिवृत्त दिसंबर 2025 में है।
  • संपत मीणा, एडीजी रैंक में हैं। वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीबीआइ में संयुक्त निदेशक हैं। (1994 बैच) : इनकी सेवानिवृत्ति मार्च 2031 में है।

एडीजी पद पर ही सेवानिवृत्त हो जाएंगे आरके मल्लिक

राज्य में डीजीपी सहित चार डीजी का पद सृजित है। सभी पद वर्तमान में फुल है। 1992 बैच के आरके मल्लिक एडीजी मुख्यालय हैं, जबकि उसी बैच के प्रशांत सिंह डीजी रैंक में प्रोन्नत हैं। डीजी रैंक में जगह खाली नहीं होने से आरके मल्लिक को डीजी रैंक में प्रोन्नति नहीं मिल पा रही है। जनवरी में डीजीपी का पद रिक्त होगा, उसी समय आरके मल्लिक की भी सेवानिवृत्ति है। ऐसी स्थिति में वे एडीजी पद पर ही सेवानिवृत्त हो जाएंगे।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Land Mutation: जमीन की अवैध खरीद-फरोख्त पर एक्शन में चंपई सोरेन, म्यूटेशन प्रक्रिया पर दे डाला ऐसा निर्देश

ये भी पढ़ें- Hemant Soren: 134 दिनों से जेल में हैं हेमंत, अब जाकर उठा राज से पर्दा! ED ने HC में कही ये बात